सिनेजीवन: दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर नई पाबंदियों की मांग और नीतीश भारद्वाज ने 'रामायण' पर फिर उठाए सवाल
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। नीतीश भारद्वाज ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के लिए लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने रावण के किरदार और भगवान राम के अवतार के कॉन्सेप्ट पर सवाल उठाए।

नीतीश भारद्वाज ने 'रामायण' पर उठाए सवाल, कहा- रावण की खलनायकी को किया जा रहा शुद्ध

टीवी सीरियल 'महाभारत' में भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने फिल्म 'रामायण' में हिंदू पौराणिक कथाओं को दिखाए जाने के तरीके पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि फिल्म की कहानी हिंदू देवी-देवताएं को कमजोर करती है।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के लिए लंबा नोट लिखा, जिसमें उन्होंने रावण के किरदार और भगवान राम के अवतार के कॉन्सेप्ट पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि फिल्म में रावण को एक लिबरल, कम्युनिस्ट या सोशलिस्ट लीडर के तौर पर दिखाया गया है।
उन्होंने लिखा, "रावण रंभा और वेदवती जैसी स्वर्ग की अप्सराओं का भी मॉलेस्टर था। किसी महिला दासी के साथ शिष्ट होने की बात, तो छोड़ ही दीजिए। रंभा, जिसके साथ रावण ने दुष्कर्म किया था, वह उसकी बहू जैसी थी। उसके पति नल-कुबेर ने रावण को श्राप दिया था कि अगर उसने फिर कभी किसी महिला के साथ दुष्कर्म किया, तो उसका सिर टुकड़े-टुकड़े हो जाएगा। यह उसकी अच्छाई नहीं, बल्कि श्राप था। इसलिए, ये फिल्म रावण को 'लिबरेटर' के रूप में दिखाकर गलत नैरेटिव फैला रही है।"
उन्होंने आगे लिखा, "रावण को लिबरल, कम्युनिस्ट/सोशलिस्ट लीडर के तौर पर दिखाकर, फिल्म महाविष्णु के अवतार राम की जरूरत को ही खत्म कर देती है। यह हमारे दर्शकों को सोचने की जरूरत है। एक फिल्म सिर्फ शानदार विजुअल्स और परफॉर्मेंस के बारे में नहीं होती, बल्कि गलत नैरेटिव को भी खारिज किया जाना चाहिए। खासकर तब, जब हमारे हिंदू देवी-देवताओं को कमजोर किया जा रहा हो और खलनायकी को गलत तरीके से शुद्ध किया जा रहा हो। अगर ये किसी और धर्म के साथ किया गया होता, तो इसे 'ब्लासफेमी' कहा जाता।"
दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट पर नई पाबंदियों की मांग, 'पटियाला पेग' समेत 4 गाने नहीं गाने को कहा

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। गुजरात के अहमदाबाद में 21 नवंबर को होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कई पाबंदियां लगाने की मांग की है।
अधिकारी ने दिलजीत से शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले चार गाने नहीं गाने को कहा है। इसके अलावा कॉन्सर्ट में तेज आवाज, चमकती लाइटों और बच्चों को स्टेज पर बुलाने को लेकर भी चिंता जताई गई है।
पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में चार गानों का खास तौर पर जिक्र किया गया है। इनमें 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचो फीम' और 'जट्ट फायर करदा' शामिल हैं। बाल संरक्षण अधिकारी का कहना है कि इन गानों के बोल में शराब, अफीम, नशे और हथियारों का जिक्र है, जिसका बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। इन गानों को बदले हुए बोल के साथ भी नहीं गाया जाना चाहिए।
वहीं, दिलजीत 15 नवंबर को इंदौर में भी परफॉर्म करने वाले हैं। उनके इस कॉन्सर्ट से पहले शहर में तीन बैंकों और मेयर सेक्रेटेरिएट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। ईमेल पंजाबी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में लिखे गए हैं।
कॉस्मेटिक सर्जरी पर श्रुति हासन का बेबाक बयान, शराब की लत पर कहा- 'आठ साल तक नहीं पी एक बूंद'

अभिनेत्री श्रुति हासन ने कॉस्मेटिक सर्जरी और शराब को लेकर अपने निजी अनुभवों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें कॉस्मेटिक प्रोसीजर के बारे में झूठ बोलने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती। इसके साथ ही अभिनेत्री ने बताया कि वह आठ साल तक शराब से पूरी तरह दूर रही थीं।
श्रुति हासन ने ये बातें नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में बातचीत के दौरान कही।
कॉस्मेटिक प्रोसीजर को लेकर अपनी राय रखते हुए उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी मर्जी से फैसले लेने का अधिकार है, लेकिन उन्हें इन फैसलों को छिपाने या उनके बारे में झूठ बोलने की जरूरत समझ नहीं आती।
श्रुति ने कहा, ''मैं इन चीजों के बारे में बहुत सोच-समझकर बात करती हूं, लेकिन मैं लोगों के सामने बड़ी हुई हूं और ऐसे में इस बारे में झूठ बोलना बेवकूफी होगी। मैं किसी को जज नहीं कर रही हूं, लेकिन कुछ लोग कहते हैं- 'मैं तो ऐसी ही पैदा हुई थी'... जबकि तीन हफ्ते पहले तो आप ऐसे नहीं दिखते थे।''
बातचीत के दौरान श्रुति ने अपनी जिंदगी के एक निजी पहलू पर भी बात की। उन्होंने शराब के साथ अपने रिश्ते और उससे दूरी बनाने के अनुभव को साझा किया। अभिनेत्री ने बताया कि वह लगातार आठ साल तक शराब से पूरी तरह दूर रही थीं। इस दौरान उन्होंने एक बूंद भी शराब नहीं पी थी। हालांकि, इसके बाद उन्होंने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया।
ताडोबा में बंगाल टाइगर के सामने आ गईं श्रेया घोषाल, बताया- जिंदगी बदल देने वाला अनुभव

गायिका श्रेया घोषाल हाल ही में महाराष्ट्र के ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व में घूमने गई थीं, जहां उन्होंने बंगाल टाइगर को करीब से देखा। श्रेया ने इस अनुभव को 'जिंदगी बदल देने वाला' बताया और वहां अपने तीन शावकों के साथ दिखी एक बाघिन से खुद की तुलना भी की।
श्रेया घोषाल ने इंस्टाग्राम पर अपनी इस यात्रा की कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए, जिसमें उन्होंने पहली बार जंगल में बाघ को देखने के अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने लिखा, "द बंगाल टाइगर, जिसे कोई रोक नहीं सकता, असली राजा।"
उन्होंने आगे लिखा, "मुझे पहली बार जंगल में अपने शानदार राष्ट्रीय पशु को पूरी शान के साथ देखने का मौका मिला। यह सिर्फ किस्मत नहीं... बल्कि जादू था।"
श्रेया ने टाइगर को देखने के अनुभव के बारे में लिखा, "हमारे गाइड संदीप ने पहले ही टाइगर को लंबी घास में छिपकर सोते हुए देख लिया था। फिर, धैर्य के साथ हमने उसके बाहर आने का इंतजार किया। इस पल को शेयर करने के लिए शिलादित्य (श्रेया घोषाल के पति) का शुक्रिया। जब भी टाइगर हमें देखता था, तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते थे। हमारे ड्राइवर फारुख बहुत अच्छे थे और आर्ची ने हमारे परिवार के उत्साह को अच्छे से संभाला, क्योंकि हम इस खूबसूरत, लेकिन डरावने जानवर के इतने करीब थे। हमने छोटी मधु को भी देखा, जो अपने तीन बच्चों के साथ थी। वो बिल्कुल पास से दिखी।"
गोविंदा के बेटे यशवर्धन की डेब्यू फिल्म 'हीरो की हॉररिन' का पोस्टर आया सामने, डरावनी एक्ट्रेस ने मचाया तहलका

साजिद खान की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'हीरो की हॉररिन' के मेकर्स ने शुक्रवार को पोस्टर रिवील कर दिया। यह एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है, जिसमें हॉरर, कॉमेडी और रोमांस का मिश्रण देखने को मिलेगा।
मेकर्स ने फिल्म का पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें फिल्म के डरावने किरदार की एक झलक दिखाई गई है। लंबे बालों वाली, खून जैसी लाल साड़ी पहने, कटा-फटा चेहरा, चमकती सफेद आंखें, नुकीले दांत और पंजे जैसे हाथों वाली एक एंटिटी धुएं और अंधेरे के बीच नजर आ रही है।
यह तस्वीर फिल्म की डरावनी दुनिया की झलक देती है, जिसमें एक महिला की मौजूदगी है, जो बिल्कुल भी वेलकम करने वाली नहीं लग रही। अगर टाइटल एक 'हॉररिन' का वादा करता है, तो फर्स्ट लुक से लगता है कि यह एक ऐसी मुलाकात होगी, जिसके बारे में दर्शकों को दो बार सोचना पड़ेगा।
पोस्टर शेयर कर मेकर्स ने लिखा, "हीरोइन दिल ले जाती है, हॉररिन दिल खा जाती है।"
'हाउसफुल' फेम साजिद खान द्वारा निर्देशित फिल्म से अभिनेता गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा अपने अभिनय करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उनके साथ फिल्म में, 'लापता लेडीज' फेम अभिनेत्री नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं, यशवर्धन की असल जिंदगी की मां सुनीता आहूजा भी इस फिल्म में उनकी मां की भूमिका निभाती दिखेंगी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
