सिनेजीवन: 'रामायण' देखकर निराश हुए नीतीश भारद्वाज और आशुतोष राणा के जन्मदिन पर रेणुका शहाणे का खास तोहफा
नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने पति और अभिनेता आशुतोष राणा के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया।

'रामायण' देखकर निराश हुए नीतीश भारद्वाज, कहा- 'फिल्म को लेकर अपनी पुरानी तारीफ वापस लेता हूं'
बी. आर. चोपड़ा के टीवी शो 'महाभारत' में भगवान कृष्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज फिल्म 'रामायण' से काफी निराश हैं। उन्होंने फिल्म देखने के बाद पहले की गई अपनी तारीफ वापस लेने की बात कही।
अभिनेता का कहना है कि रामायण केवल एक कहानी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत विरासत का अहम हिस्सा है। इसके पात्रों, उनके मूल्यों और महत्व को अपनी सुविधा के अनुसार नए रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।
नीतीश ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान राम का अवतार धर्म की रक्षा, परंपराओं को बनाए रखने और मर्यादा की स्थापना के लिए हुआ था। ऐसे में फिल्म में रावण को बेहद उदार, सामाजिक रूप से न्यायप्रिय और निष्पक्ष व्यक्ति के रूप में दिखाना उन्हें सही नहीं लगा।
नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी।
उन्होंने लिखा, ''रामायण भारत के डीएनए में है। रामायण केवल एक कहानी नहीं है। यह सनातन भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना में गहराई से बसी हुई है। इसके नायक, नायिका और खलनायक इस महाकाव्य के मूल्यों और संदेश का अहम हिस्सा हैं। उनके चरित्र और महत्व को यूं ही नए सिरे से परिभाषित नहीं किया जा सकता।''
आशुतोष राणा के जन्मदिन पर रेणुका शहाणे का खास तोहफा, शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर किया रिलीज

अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने पति और अभिनेता आशुतोष राणा के जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया। उन्होंने इस मौके पर अपनी आने वाली शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर रिलीज कर उन्हें खास तोहफा दिया। इस फिल्म में आशुतोष राणा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन खुद रेणुका शहाणे ने किया है।
रेणुका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए आशुतोष के लिए एक प्यार भरा नोट भी लिखा। उन्होंने अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए फिल्म में उनके काम की जमकर तारीफ की।
रेणुका ने लिखा, ''राणा जी, आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह हमारी शॉर्ट फिल्म 'तर्पण' का ट्रेलर है। मैं दुनिया के सामने आपका खूबसूरत, दिल को छू लेने वाला, गहरा और असाधारण अभिनय लाने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। पूरी फिल्म देखने के लिए आपको बस थोड़ा और इंतजार करना होगा। आपसे प्यार है, राणा जी। जन्मदिन मुबारक हो!''
रेणुका के इस पोस्ट में उनकी शॉर्ट फिल्म की कहानी की कुछ झलकियां देखने को मिलीं। इस प्रोजेक्ट को लेकर वह काफी उत्साहित हैं और जल्द ही फिल्म को दर्शकों के सामने लाना चाहती हैं।
मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार का 57 साल की उम्र में निधन, मलयालम इंडस्ट्री में छाया शोक

मलयालम और तमिल सिनेमा के मशहूर सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार का 57 वर्ष की आयु में कोच्चि के एक निजी अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह खबर बाहर आने के बाद दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई कालाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सिनेमैटोग्राफर शाजी कुमार इन दिनों मलयालम अभिनेता दिलीप के साथ आगामी फिल्म में काम कर रहे थे। अभिनेता दिलीप ने इंस्टाग्राम पर सिनेमैटोग्राफर की तस्वीर शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, "प्रिय भाई को प्रणाम।"
निर्देशक जीतू जोसेफ ने इंस्टाग्राम पर सिनेमैटोग्राफर की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने लिखा, "प्यारे शाजी को श्रद्धांजलि। उनकी आत्मा को शांति मिले।" शाजी कुमार ने मोहनलाल स्टारर 'पुली मुरुगन' और 'थुडारम' समेत कई मलयालम ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया था।
मलयालम अभिनेत्री शिवदा (श्रीलेखा के. वी.) ने शाजी कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "शाजी चेटा, मैंने अपने सबसे बुरे सपनों में भी नहीं सोचा था कि मुझे ऐसा कुछ लिखना पड़ेगा। भले ही हमने साथ में काम नहीं किया या हम ज्यादा न मिले हों लेकिन हमारे बीच जो अपनापन और रिश्ता था। वह हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। आप ऐसे इंसान थे, जिनके बारे में मुझे पता था कि वो सिर्फ एक कॉल की दूरी पर हैं। जब भी हम मिलते थे, मुझे सिनेमा में अपने सफर के हर छोटे कदम के बारे में आपको बताना बहुत अच्छा लगता था। सच में मेरे पास शब्द नहीं हैं प्रणाम। ओम शांति।"
'बचपन में मिठाई या पटाखे, किसी एक को चुनना पड़ता था', भारती सिंह ने शेयर की दीपावली की पुरानी यादें

कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह के लिए दीपावली का त्योहार अब पहले से काफी बदल गया है। बचपन में आर्थिक तंगी के चलते उन्हें और उनके परिवार को दीपावली पर मिठाई और पटाखों में से किसी एक चीज को चुनना पड़ता था। लेकिन आज मेहनत और कामयाबी ने उनकी जिंदगी बदल दी है। अब वह अपनी पसंद की चीजें खरीद सकती हैं और अपने बच्चों गोला और काजू के लिए भी बिना ज्यादा सोचे शॉपिंग कर सकती हैं।
हालांकि, भारती चाहती हैं कि उनके बच्चे त्योहारों की खुशियों के साथ दूसरों का दर्द समझना और अपनी चीजें बांटना भी सीखें।
आईएएनएस से खास बातचीत में भारती ने बताया कि समय के साथ दीपावली मनाने का उनका अंदाज किस तरह बदल गया है। उन्होंने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा, ''अब तो सब बदल गया है। अब हमारे पास थोड़े पैसे आ गए हैं। पहले इतने पैसे नहीं होते थे कि खूब सारे पटाखे खरीद सकें। वैसे तो पटाखे नहीं जलाने चाहिए, लेकिन बच्चों को कौन समझा सकता है। उन्हें एक-दो पटाखे तो जलाने ही होते हैं। उस समय हमारी आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि हमें मिठाई और पटाखों में से किसी एक को चुनना पड़ता था। हम अक्सर मिठाई खरीदते थे, क्योंकि पूजा के लिए उसकी जरूरत होती थी।''
उन्होंने आगे कहा, ''बचपन की बहुत सारी यादें हैं। जब भी कोई त्योहार आने वाला होता था, तो मैं थोड़ी परेशान हो जाती थी कि पैसे नहीं हैं, सामान कहां से आएगा। लेकिन अब सब कुछ बदल गया है। वक्त बदल गया है।''
पद्मालक्ष्मी के लिए खास रही इस साल की दिवाली, महीनों बाद अस्पताल से घर लौटीं मां

भारतीय मूल की सुपरमॉडल और टीवी हस्ती पद्मालक्ष्मी के लिए इस साल की दिवाली कई मायनों में खास रही। इस बार त्योहार की खुशियां उनके परिवार के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं थीं क्योंकि उनकी मां लक्ष्मी कई महीनों तक अस्पताल में रहने के बाद घर लौट आई हैं और धीरे-धीरे अपनी पुरानी जिंदगी की ओर लौट रही हैं।
इस खास मौके पर पद्मा ने अपनी बेटी कृष्णा के साथ दिवाली मनाई और परिवार के साथ बिताए पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
पद्मालक्ष्मी ने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में वह अपनी बेटी कृष्णा के साथ नजर आईं जबकि दूसरी तस्वीर में उनकी मां दिखाई दीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने इस साल के दिवाली सेलिब्रेशन के बारे में दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने बताया कि इस बार परिवार ने बहुत सादगी से और कम लोगों के बीच त्योहार मनाया लेकिन खुशियां मनाने की वजहें कई थीं।
पद्मा ने अपने पोस्ट में लिखा, ''इस साल हमने दिवाली बहुत सादगी से और परिवार के कुछ करीबी लोगों और दोस्तों के साथ मनाई। लेकिन जश्न मनाने के लिए हमारे पास बहुत कुछ था। इनमें सबसे खास था मां लक्ष्मी का कई महीनों बाद अस्पताल से घर लौटना। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि वह अब काफी हद तक पहले जैसी हो गई हैं।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
