सिनेजीवन: पद्मिनी कोल्हापुरे-पूनम ढिल्लों ने चोरी के आरोपों पर दिया जवाब और सना सईद ने 28 साल बाद पहनी पुरानी टी-शर्ट
अभिनेत्री उपासना सिंह और कुनिका सदानंद ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर संगठन के जरूरी दस्तावेज और सामान गैरकानूनी तरीके से हटाने व चोरी के आरोप लगाए थे। एक्ट्रेस सना सईद ने अपनी फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के वॉयस सैंपल से मिलाई जाएगी धमकी भरे ऑडियो की आवाज
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले की जांच में अब धमकी भरे ऑडियो क्लिप की आवाज की पहचान करने पर फोकस किया जा रहा है। मुंबई पुलिस इस ऑडियो की आवाज का मिलान पंजाब, दिल्ली और राजस्थान पुलिस के पास मौजूद 'वॉयस बैंक' से करने की तैयारी कर रही है।
इन वॉयस बैंक में कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की आवाज के सैंपल मौजूद हैं। जांच एजेंसियां इन रिकॉर्डिंग की मदद से पता लगाने की कोशिश करेंगी कि वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली आवाज किसकी है और क्या उसका संबंध गैंग से जुड़े किसी व्यक्ति से है।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, इस बार जांच के दायरे में अनिल पंडित की आवाज से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप भी है, जो टाइगर श्रॉफ को धमकी दिए जाने के बाद सामने आई थी। हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस आवाज का मिलान करने के साथ यह भी जांच करेगी कि ऑडियो में सुनाई देने वाला व्यक्ति वास्तव में कौन है।
सिंटा विवाद पर पद्मिनी कोल्हापुरे-पूनम ढिल्लों ने तोड़ी चुप्पी, चोरी के आरोपों पर दिया करारा जवाब

सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) कार्यकारी समिति के चुनाव में मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने सबसे अधिक 604 वोट हासिल कर बड़ी जीत दर्ज की है। उनके ठीक बाद अभिनेत्री पूनम ढिल्लों 601 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं।
जीत के बाद दोनों अभिनेत्रियों ने आईएएनएस से खास बातचीत की और सिंटा में चल रहे विवादों और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर अपनी राय रखी। पद्मिनी ने आईएएनएस के साथ बातचीत में उन सभी वोटर्स का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने भारी मतदान से अभिनेत्री को जीत दिलाई। उन्होंने कहा, "ये मेरा सर्टिफिकेट है और मैं सारे वोटर्स का धन्यवाद अदा करना चाहती हूं, जिन्होंने मुझे वोट दिया और नंबर1 स्थान पर पहुंचाया। हालांकि मैं यह साफ करना चाहती हूं कि यहां पर कोई भी नंबर 1 या आखिरी नहीं है।"
दरअसल, सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन के विवाद के दौरान अभिनेत्री उपासना सिंह और कुनिका सदानंद ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर संगठन के जरूरी दस्तावेज और सामान गैरकानूनी तरीके से हटाने व चोरी के आरोप लगाए थे।
इस पर बात करते हुए पूनम ढिल्लों ने कहा, "उन्हें समझना होगा कि हमने एफडी क्यों तोड़ी थी। उन्होंने हमारे सारे बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया था और उसका होना बेहद जरूरी थी। हमारी ऑर्गनाइजेशन, वेल्फेयर समेत सभी के लिए अकाउंट का होना बेहद आवश्यक था। असल में उनको ऐसा लगा था कि अगर वह हमारे फंड्स बंद कर देंगी, तो हम कुछ काम नहीं कर पाएंगे और हमारी कमेटी उस समय काम करने में लगी थी। कोई निजी कामों के लिए पूनम ढिल्लो या पद्मिनी कोल्हापुरे ने इसे नहीं तोड़ा था और न ही किसी मेंबर ने इसे अपने अकाउंट में रुपये डाले थे। जो रुपये खर्च किए गए हैं, वह लिखित है। हम हर महीने रुपये देते थे और अभी हर महीने रुपये जा रहे थे। कहा- क्या रुपये जा रहे हैं, यह सब हमें बताना होता था।
सीआईएनटीएए विवाद पर इला अरुण ने जताई निराशा, बोलीं- ऐसी संस्था का लड़ना दुखद है

अभिनेत्री और गायिका इला अरुणा ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन (सीआईएनटीएए) के अंदर चल रहे विवाद पर निराशा जाहिर की। गायिका का कहना है कि सार्वजनिक झगड़ों और आरोपों ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर बहुत दुख पहुंचाया है।
दरअसल, गायिका पहले सीआईएनटीएए की सदस्य हुआ करती थीं। गायिका ने आईएएनएस के साथ बातचीत करते हुए कहा कि कलाकारों के हितों की रक्षा के लिए बनी संस्था को विवादों में उलझा देखकर उन्हें दुख हुआ। उन्होंने कहा, "जब सिंटा जैसी संस्था आपस में लड़ती है, जिसमें शक या विवाद होता है, तो बहुत दुख होता है।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि जो भी हो रहा है उसके सच सामने आएगा। हमें पता चलेगा कि क्या सही और क्या गलत, लेकिन जो भी आ रहा है, उसे ध्यान रखना चाहिए कि वह एक बड़ी जिम्मेदारी ले रहा है। क्योंकि कई लोगों को आप पर भरोसा है और आपको उनका भरोसा नहीं तोड़ना है। दिलीप कुमार, आशा पारेख और बड़े कलाकारों ने जो बनाया है, उनके सपने पूरे हों।"
चल रही घटनाओं के बीच, इला ने सिंटा और इसके भविष्य की जिम्मेदारी संभालने वाले लोगों के लिए अपनी उम्मीदों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, "मैं उत्साहित हूं क्योंकि, जहां तक मुझे याद है, सिंटा सभी सीनियर कलाकारों के फायदे के लिए बनाया गया था और मुझे लगता है कि जो भी आता है, हमने अलग-अलग उम्मीदवारों को उनकी योग्यता को ध्यान में रखकर वोट दिया है। मुझे उम्मीद है कि वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और सभी के हितों की रक्षा करेंगे।"
'कुछ कुछ होता है' की 'छोटी अंजलि' सना सईद ने 28 साल बाद पहनी पुरानी टी-शर्ट, बचपन की यादें हुईं ताजा

एक्ट्रेस सना सईद ने अपनी फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। साल 1998 में रिलीज हुई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में सना ने छोटी अंजलि का किरदार निभाया था। अब फिल्म के 28 साल पूरे होने के मौके पर एक्ट्रेस को अपनी एक खास टी-शर्ट मिली, जिसे उन्होंने बचपन में पहना था।
सना सईद ने पुराने दिनों को याद करते हुए बचपन से लेकर अब तक के सफर पर एक इमोशनल नोट भी शेयर किया।
सना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह फिल्म 'कुछ कुछ होता है' की अपनी खास यादों को दोहराती नजर आ रही हैं। वीडियो में फिल्म के शाहरुख खान और सलमान खान के साथ उनके कुछ पसंदीदा सीन भी दिखाई देते हैं। इसके अलावा, सना अपनी डेब्यू फिल्म से जुड़ी खास टी-शर्ट पहने नजर आती हैं। यह टी-शर्ट उन्हें कई साल बाद मिली। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने इसे आखिरी बार तब पहना था, जब वह महज आठ साल की थीं।
सना ने इस वीडियो के साथ अपने बचपन और आज की जिंदगी के बीच के रिश्ते पर भी बात की। उन्होंने लिखा, ''पहले मुझे लगता था कि बड़े होने का मतलब अपने बचपन वाले रूप को पीछे छोड़ देना है। अब समझ आया है कि बड़े होने का मतलब उसे अपने साथ लेकर चलना है। मैंने जो भी सपने देखे, उन्हें उसी छोटी बच्ची ने मेरे मन में बोया था। जब भी कोई दिन मुश्किल रहा, उसी ने मुझे आगे बढ़ते रहने की हिम्मत दी। और आज हम दोनों साथ यहां तक पहुंच गए हैं। उम्मीद है कि उसे पता होगा कि मुझे उसका हिस्सा होने पर कितना गर्व है।''
मोहनलाल की 'ऑपरेशन गंगा' में युगांडा के डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' की एंट्री, शकीरा के साथ परफॉर्म कर चुके हैं ये बच्चे

मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की अपकमिंग एक्शन थ्रिलर फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' को लेकर नया अपडेट सामने आया है। नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर विष्णु मोहन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अब युगांडा का पॉपुलर डांस ग्रुप 'घेट्टो किड्स' भी नजर आएगा। मोहनलाल ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।
मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर घेट्टो किड्स के साथ अपनी एक वीडियो क्लिप भी शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ''मुझे अपनी अपकमिंग फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में बेहद टैलेंटेड 'घेट्टो किड्स' को शामिल करके खुशी हो रही है। फिल्म का निर्देशन विष्णु मोहन कर रहे हैं और इसका निर्माण श्रीगोकुलम मूवीज के बैनर तले श्री गोकुलम गोपालन कर रहे हैं।''
वीडियो में मोहनलाल ने घेट्टो किड्स की तारीफ करते हुए कहा, ''मैंने अमेरिका में हुए वर्ल्ड कप फिनाले के दौरान शकीरा के साथ इस ग्रुप की परफॉर्मेंस देखी थी। बच्चों की एनर्जी और टैलेंट ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी थी। अब अपनी फिल्म में उनके साथ काम करने को लेकर मैं काफी खुश हूं।''
'ऑपरेशन गंगा' को पहले अस्थायी तौर पर 'एल367' नाम दिया गया था। बाद में इसका टाइटल बदलकर 'ऑपरेशन गंगा' रखा गया। यह नाम भारत सरकार के उस रेस्क्यू मिशन से जुड़ा है, जिसके तहत रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर हजारों छात्रों को सुरक्षित भारत वापस लाया गया था। फिल्म की टैगलाइन 'ए नेशन प्रॉमिस' है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
