सिनेजीवन: तेलुगु इंडस्ट्री में काम कर भावुक हुए राघव जुयाल और वीर दास करने वाले हैं ग्लोबल धमाका
राघव जुयाल पहली बार तेलुगु सिनेमा में नजर आने वाले हैं और इस सफर ने उन्हें काफी कुछ नया सीखने का मौका दिया है। भारतीय कॉमेडी को दुनिया के बड़े मंचों तक पहुंचाने वाले कॉमेडियन वीर दास अब अपने इंटरनेशनल करियर में एक और बड़ा पड़ाव जोड़ने जा रहे हैं।

तेलुगु इंडस्ट्री में काम कर भावुक हुए राघव जुयाल, बोले- 'वहां लोग सिनेमा को सेलिब्रेट करते हैं'
डांसर से एक्टर बने राघव जुयाल ने करियर में कई तरह के पड़ाव देखे हैं। डांस रियलिटी शो से पहचान बनाने के बाद उन्होंने टीवी होस्ट के तौर पर अलग जगह बनाई और फिर फिल्मों की दुनिया में कदम रखा। अब राघव अपने करियर का एक और नया चैप्टर शुरू करने जा रहे हैं। वह पहली बार तेलुगु सिनेमा में नजर आने वाले हैं और इस सफर ने उन्हें काफी कुछ नया सीखने का मौका दिया है।
उन्हें तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री का काम करने का तरीका काफी पसंद आया।
राघव जल्द ही नानी स्टारर फिल्म 'द पैराडाइज' में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं और राघव इसमें विक्रम मलिक का किरदार निभा रहे हैं।
तेलुगु इंडस्ट्री में पहली बार काम करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए राघव ने कहा, ''मैंने वहां सिनेमा को लेकर एक अलग ही जुनून देखा। वहां लोग सिर्फ एक प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए काम नहीं करते, बल्कि इस सिनेमा को सेलिब्रेट करते हैं।''
राघव ने कहा, ''इस फिल्म के दौरान मैंने एक ऐसी चीज महसूस की, जिसे मैं अपने काम में भी शामिल करना चाहता हूं। तेलुगु इंडस्ट्री में लोग सिनेमा की बहुत इज्जत करते हैं। खास तौर पर फिल्म के हर टेक्नीशियन को मिलने वाला सम्मान देखकर मैं भावुक हो गया। एक पल ऐसा आया कि मेरी आंखों में आंसू आ गए, जब मैंने देखा कि वहां फिल्म के साउंड इंजीनियर तक को उतनी ही अहमियत दी जाती है, जितनी किसी बड़े कलाकार को।''
वीर दास का ग्लोबल धमाका, न्यूयॉर्क के रेडियो सिटी म्यूजिक हॉल में करेंगे बड़ा स्टैंड-अप शो

भारतीय कॉमेडी को दुनिया के बड़े मंचों तक पहुंचाने वाले कॉमेडियन वीर दास अब अपने इंटरनेशनल करियर में एक और बड़ा पड़ाव जोड़ने जा रहे हैं। वीर दास 30 जनवरी 2027 को न्यूयॉर्क के मशहूर रेडियो सिटी म्यूजिक हॉल में अपना स्टैंड-अप शो करने वाले हैं। यह परफॉर्मेंस उनके चल रहे इंटरनेशनल टूर 'आई से वी रन' का हिस्सा होगी।
यह उनके लिए खास मौका है, क्योंकि रेडियो सिटी म्यूजिक हॉल को दुनिया के प्रतिष्ठित एंटरटेनमेंट वेन्यू में गिना जाता है।
अपने इस खास परफॉर्मेंस को लेकर वीर दास ने कहा, ''मुझे दुनिया के कई बड़े और प्रतिष्ठित वेन्यू पर परफॉर्म करने का मौका मिला है। मेरे लिए इन जगहों पर भारत को रिप्रेजेंट करना और भारतीय कॉमेडी को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुंचाना बेहद खास अनुभव रहा है।''
न्यूयॉर्क के रेडियो सिटी म्यूजिक हॉल को लेकर वीर ने कहा, ''यह वह जगह है जहां कई दिग्गज कलाकार परफॉर्म कर चुके हैं। ऐसे में वहां अपना नया स्टैंड-अप शो करना मेरे लिए वाकई सम्मान की बात है।''
श्रद्धा कपूर ने गणपति बप्पा का लिया आशीर्वाद, उकडीचे मोदक पर हार बैठीं दिल

अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपने सरल स्वभाव, मजेदार कैप्शन और सोशल मीडिया पर क्यूट कमेंट को लेकर चर्चाओं में रहती हैं। अभिनेत्री ने बुधवार को गणपति उत्सव की झलकियां शेयर की, जहां वह पारंपरिक उकडीचे मोदक का लुत्फ उठाती और त्योहार के रंग में रंगी नजर आईं।
श्रद्धा कपूर ने इंस्टाग्राम पर गणपति सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली तस्वीर में वह बालों में तौलिया लपेटे हुए स्वादिष्ट उकडीचे मोदक का मजा लेती दिखीं। इसके बाद उन्होंने भगवान गणेश का आशीर्वाद लेते हुए एक तस्वीर शेयर की। तीसरी तस्वीर में श्रद्धा अपनी मौसी और जानी-मानी एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे और तेजस्विनी कोल्हापुरे के साथ पोज देती नजर आईं। अन्य तस्वीरों में मोदक से भरे डिब्बे के साथ एक्ट्रेस को पॉप्सिकल खाते हुए देखा गया। श्रद्धा ने मजेदार कैप्शन लिखा, "मोदक चाहिए ??? नहीं मिलेगा।"
उकडीचे मोदक, महाराष्ट्र की एक प्रसिद्ध और पारंपरिक मिठाई है, जिसे विशेष रूप से गणेश चतुर्थी के दौरान भगवान गणेश को भोग (नैवेद्य) लगाने के लिए बनाया जाता है। 'उकडीचे' का अर्थ है भाप में पकाया हुआ, क्योंकि इसका बाहरी आवरण उबले हुए या भाप से तैयार चावल के आटे से बनता है।
अजय देवगन की 'दृश्यम : द कन्क्लूजन' का दूसरा गाना 'मुस्कुरा दो' आया सामने, लकी अली ने बिखेरा जादू

अभिनेता अजय देवगन की आगामी फिल्म 'दृश्यम : द कन्क्लूजन' के मेकर्स ने बुधवार को 'मुस्कुरा दो' गाना रिलीज कर दिया। यह गाना विजय सालगांवकर के आसपास के सस्पेंस और टेंशन से हटकर उसके परिवार पर फोकस करता है, जिसके लिए वह लड़ता आ रहा है।
इस गाने को लकी अली ने अपनी आवाज में गाया है, रोचक कोहली ने कंपोज किया है और मनोज मुंतशिर ने लिखा है। 'मुस्कुरा दो' सालगांवकर परिवार के बीच के प्यार, अपनापन और एकजुटता को दिखाता है और विजय की जिंदगी के सुकून भरे पलों की झलक देता है।
लकी अली इस गाने में एक पुरानी यादों वाली मिठास लेकर आए हैं। साथ ही यह अजय देवगन के साथ उनका पहला म्यूजिकल कोलैब भी है, जो गाने को खास बनाता है।
लकी अली ने कहा, "'मुस्कुरा दो' दिल को अच्छी तरह से छूता है। इसमें एहसास पहले से ही मौजूद हैं, जिस वजह से हमने इमोशन को जबरदस्ती दिखाने की कोशिश नहीं की है। इस गाने ने मुझे परिवार के साथ उन पलों की याद दिला दी, जहां खुश होने के लिए कुछ खास होना जरूरी नहीं है। मैं अपनी गायकी के जरिए इसी एहसास को करीब रखना चाहता था और गाने को जितना हो सके नेचुरल रहने देना चाहता था।"
'घर तोड़ने वालों को महिमामंडित करना बंद करो', कश्मीरा ने फैंस को दी नसीहत

अभिनेत्री कश्मीरा शाह अपनी बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 'लाफ्टर शेफ्स' के सभी सीजन में अपनी मजेदार पर्सनैलिटी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अभिनेत्री ने अप्रत्यक्ष तरीके से गोविंदा के हालिया राजा लालबागचा दर्शन में को-स्टार के साथ जाने पर नाराजगी जाहिर की।
कश्मीरा शाह, जो गोविंदा के भांजे कृष्णा अभिषेक की पत्नी हैं, उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अप्रत्यक्ष तरीके से पति-कमीडियन कृष्णा अभिषेक की मामी की तरफ से स्टैंड लेते हुए फैंस से अपील की कि ऐसे लोगों को पूजना बंद करें, जो अपनी पत्नी को छोड़कर कम उम्र की लड़कियों के साथ घूमना पसंद करते हैं।
अभिनेता ने लिखा, "मुझे यकीन नहीं हो रहा कि लोग एक 'मिस्ट्री वुमन' को इतना ग्लैमराइज कर रहे हैं और उसके बारे में पोस्ट कर रहे हैं। घर तोड़ने वालों को महिमामंडित करना बंद करो और उन आदमियों को पूजना बंद करो जो अपनी वफादार पत्नियों को छोड़कर कम उम्र की महत्वाकांक्षी लड़कियों के पीछे भागते हैं। बहुत ही घटिया है। हमारे लोगों से ज्यादा समझदारी और नैतिकता की उम्मीद है। प्लीज ये पागलपन बंद करो।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
