सिनेजीवन: रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ और '2026 पर होगा सनी देओल का राज'

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे फोन कॉल आए हैं, लेकिन किसी ने भी सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। केआरके ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''जिंदगी में कुछ भी हो सकता है और सनी देओल इसका बड़ा उदाहरण बन सकते हैं।''

रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ
i
user

नवजीवन डेस्क

रोहित शेट्टी फायरिंग से फैला बॉलीवुड में खौफ, शुभम लोनकर ने पांच बड़ी हस्तियों को दी धमकी

मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर डर और दहशत के साए में है। जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी सहयोगी और फरार अपराधी शुभम लोनकर का नाम सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच बड़ी हस्तियों को निशाने पर लिया है और उनसे रंगदारी वसूलने के लिए धमकी भरे कॉल किए गए हैं।

हालांकि, डर के माहौल के चलते अभी तक किसी भी फिल्मी हस्ती ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दरअसल, पिछले रविवार को मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित बंगले पर फायरिंग की गई थी। मामले में मास्टरमाइंड के तौर पर शुभम लोनकर का नाम सामने आया। इस घटना ने पूरे फिल्म जगत को हिला कर रख दिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे फोन कॉल आए हैं, लेकिन किसी ने भी सामने आकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में पुलिस के लिए खुद से कार्रवाई करना बेहद मुश्किल है।

 इस बीच, शुभम लोनकर की एक सोशल मीडिया पोस्ट भी पुलिस के हाथ लगी है। इस पोस्ट में उसने खुले तौर पर रोहित शेट्टी को धमकी दी थी। पोस्ट में लोनकर ने लिखा, ''राम-राम, जय बजरंग बली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज कर हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन वह नहीं समझे। यह तो सिर्फ 'ट्रेलर' था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी। यह पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी है, वक्त रहते सुधर जाओ।''

ओटीटी के बाद अब सिनेमाघरों में 'मिर्जापुर' का भौकाल, मेकर्स ने रिलीज का किया खुलासा

सिनेजीवन: रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ और '2026 पर होगा सनी देओल का राज'

वेब सीरीज की दुनिया में 'मिर्जापुर' का नाम सबसे ऊपर आता है। बदला, सत्ता की लड़ाई और खून-खराबे से भरी इस कहानी ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। अब यही 'मिर्जापुर' जल्द ही फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। गुरुवार को फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की और फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठाया। 

'मिर्जापुर द मूवी' को लेकर लंबे समय से दर्शक इस बात का इंतजार कर रहे थे कि यह बड़े पर्दे पर कब आएगी, और अब आखिरकार इसकी तारीख सामने आ चुकी है।

प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने गुरुवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर जारी किया। पोस्टर में रेगिस्तान दिखाई दे रहा है, जहां कई गाड़ियां तेज रफ्तार से दौड़ती हुई नजर आ रही हैं।

पोस्टर से साफ है कि फिल्म में वही पुराना मिर्जापुर वाला अंदाज देखने को मिलेगा। कहानी में हिंसा, सत्ता की लड़ाई और टकराव भरपूर होगा।


'दो भाषाओं में एक साथ शूट करना आसान नहीं', सई मांजरेकर ने साझा किया 'द इंडिया हाउस' का अनुभव

सिनेजीवन: रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ और '2026 पर होगा सनी देओल का राज'

भारतीय सिनेमा की पैन-इंडिया फिल्मों में काम करना जितना रोमांचक होता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। इस कड़ी में अभिनेत्री सई मांजरेकर इन दिनों अपनी आने वाली पैन-इंडिया पीरियड ड्रामा फिल्म 'द इंडिया हाउस' को लेकर काफी बिजी हैं। यह फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में एक साथ शूट की जा रही है। सई का कहना है कि इस तरह की फिल्म में काम करने के लिए कलाकार को हर समय भावनात्मक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहना पड़ता है।

सई मांजरेकर ने कहा, "'द इंडिया हाउस' मेरे लिए अब तक का अलग अनुभव रहा है। जब एक ही सीन को दो भाषाओं में शूट किया जाता है, तो कलाकार को भाषा की लय, भाव और भावनात्मक गहराई को बारीकी के साथ समझना पड़ता है। कई बार ऐसा होता है कि एक ही सीन पहले एक भाषा में और तुरंत बाद दूसरी भाषा में करना होता है, जिससे कलाकार को हर पल सतर्क रहना पड़ता है।"

उन्होंने कहा, ''इस तरह की फिल्मों में अभिनय का तरीका भी थोड़ा बदल जाता है। यहां सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि भावनाओं से कहानी को आगे बढ़ाना होता है। हर भाषा की अपनी एक संवेदना होती है और उसी के अनुसार किरदार की भावनाएं भी बदलती हैं। ऐसे में कलाकार को अपने अभिनय को बार-बार ढालना पड़ता है, ताकि किरदार हर भाषा में उतना ही सच्चा लगे।''

'8 घंटे की शिफ्ट टीवी के लिए संभव नहीं', लंबे वर्किंग आवर्स पर अर्जुन बिजलानी का खुलासा

सिनेजीवन: रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ और '2026 पर होगा सनी देओल का राज'

टीवी की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार और रंगीन दिखाई देती है, अंदर से उतनी ही दबाव से भरी होती है। दर्शक रोज अपने पसंदीदा कलाकारों को टीवी स्क्रीन पर देखते हैं, लेकिन उनकी मेहनत, थकान और मानसिक तनाव से अनजान रहते हैं। घंटों शूटिंग, लगातार काम का दबाव और निजी जीवन के लिए कम समय, ये सब टीवी कलाकारों की रोजमर्रा जिंदगी का हिस्सा है। 

इसी मुद्दे पर छोटे पर्दे के जाने-माने अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने आईएएनएस से खुलकर बात की है और बताया है कि टीवी इंडस्ट्री में काम करना कितना कठिन होता है।

अर्जुन बिजलानी ने टीवी इंडस्ट्री के लंबे वर्किंग आवर्स को बेहद मुश्किल बताया। उन्होंने कहा, "कागज पर भले ही 12 घंटे की शिफ्ट लिखी जाती हो, लेकिन असल में कलाकारों का पूरा दिन काम में ही निकल जाता है। शूटिंग के अलावा सेट तक आने-जाने का समय, मेकअप, और कई बार ओवरटाइम भी इसमें जुड़ जाता है, जिससे काम के घंटे और बढ़ जाते हैं।"

अर्जुन ने उदाहरण देते हुए कहा, ''अगर किसी कलाकार की शूटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होती है, तो उसे सुबह 7 बजे उठना पड़ता है। 8 बजे तक घर से निकलना जरूरी होता है ताकि समय पर सेट पहुंचा जा सके। खासकर महिला कलाकारों को कई बार और भी जल्दी बुलाया जाता है, क्योंकि उन्हें मेकअप और तैयार होने में ज्यादा समय लगता है। इस वजह से उनका दिन और भी लंबा हो जाता है।''


2026 पर होगा सनी देओल का राज, अभिनेता की कमाई को लेकर केआरके ने किया दावा

सिनेजीवन: रोहित शेट्टी फायरिंग से बॉलीवुड में खौफ और '2026 पर होगा सनी देओल का राज'

आजकल फिल्मी दुनिया में हर दिन किसी न किसी बड़े दावे से चर्चा बनी रहती है। इसी बीच अभिनेता और खुद को फिल्म समीक्षक कहने वाले कमाल राशिद खान, जिन्हें लोग केआरके के नाम से जानते हैं, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सनी देओल को लेकर बड़ा दावा किया है। केआरके का कहना है कि 2026 पूरी तरह से सनी देओल के नाम रहने वाला है। 

केआरके ने गुरुवार सुबह अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने सनी देओल के करियर और कमाई को लेकर बड़ा अनुमान लगाया।

केआरके ने लिखा, ''सनी देओल के पास 2026 में लगातार फिल्मों की लाइन लगी हुई है। उनकी इस साल पांच फिल्में रिलीज होने वाली हैं और इसके अलावा, वे सात और फिल्मों को साइन कर चुके हैं। सनी देओल एक फिल्म के लिए करीब 50 करोड़ रुपए की फीस ले रहे हैं। इस हिसाब से उनकी कमाई 68 साल की उम्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है।''

केआरके ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, ''जिंदगी में कुछ भी हो सकता है और सनी देओल इसका बड़ा उदाहरण बन सकते हैं।''