सिनेजीवन: सीता-राम की भूमिका पर साई पल्लवी और रणबीर की प्रतिक्रिया और जानें झगड़े वाली धारणा पर राधिका आप्टे का जवाब
रणबीर ने भगवान राम का किरदार मिलने के बाद अपने मन में चल रहे विचारों और इस भूमिका की तैयारी के सफर के बारे में बात की। अभिनेत्री राधिका आप्टे आगामी वेब सीरीज 'अक्का' में अभिनेत्री कीर्ति सुरेश के साथ नजर आएंगी।

'पहले डर लगा कि क्या हम इस लायक हैं?', सीता-राम की भूमिका पर साई पल्लवी और रणबीर कपूर की प्रतिक्रिया
अभिनेता रणबीर कपूर और साई पल्लवी इन दिनों फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। रणबीर फिल्म में जहां भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, वहीं साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। दोनों फिल्म के प्रोमोशन के लिए अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली स्पेशल एपिसोड में शामिल हुए। इस दौरान अपने किरदार को लेकर दोनों कलाकारों ने बताया कि यह उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
शो के दौरान रणबीर ने भगवान राम का किरदार मिलने के बाद अपने मन में चल रहे विचारों और इस भूमिका की तैयारी के सफर के बारे में बात की। उन्होंने अमिताभ बच्चन को बताया, ''जब मुझे यह रोल ऑफर हुआ, तो मैं जानता था कि यह सिर्फ एक रोल नहीं है, बल्कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मेरा पहला रिएक्शन डर था। मुझे लगा कि क्या मैं इस किरदार के लायक हूँ, क्या मैं इसे निभा पाऊँगा? भगवान श्रीराम से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है।''
रणबीर ने कहा, ''धीरे-धीरे मेरा यह डर आभार में बदल गया। मुझे महसूस हुआ कि जिंदगी के इस पड़ाव पर मुझे ऐसा किरदार निभाने का मौका मिल रहा है, जो मुझे एक बेहतर कलाकार बनने के साथ-साथ एक बेहतर इंसान बनने में भी मदद कर सकता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''इसी दौरान, मैं पहली बार पिता बना और मेरी बेटी राहा का जन्म हुआ। इसलिए मैं इसे भगवान का दिया हुआ तोहफा मानता हूं कि मुझे एक बेहतर इंसान बनने का मौका मिला। मुझे गहराई से रामायण को समझने और इतने अच्छे लोगों के साथ काम करने का अवसर मिला।''
अपनी बात खत्म करते हुए रणबीर ने कहा, ''सर, हमारे लिए भगवान श्रीराम जैसा बनना संभव नहीं है, लेकिन उनके आदर्शों से कुछ सीखना हम सभी के लिए बहुत बड़ी बात है।''
अदनान सामी ने फैमिली फ्रेंड्स के साथ किया डे आउट एन्जॉय, पत्नी की होममेड ब्रेड की तारीफ

गायक-कंपोजर अदनान सामी अपने काम के साथ-साथ परिवार को भी भरपूर समय देते हैं। सोमवार को गायक ने परिवार के साथ बिताए गए खूबसूरत पल की शानदार झलक शेयर की।
अदनान सामी ने इंस्टाग्राम पर संडे ब्रंच की झलक शेयर की, जिसमें उन्होंने बताया कि इस ब्रंच के दौरान स्वादिष्ट खाने और बातचीत के बीच वक्त बिताया। साथ ही उन्होंने अपनी पत्नी रोया सामी खान की तारीफ की, जिन्होंने घर पर प्यार से अलग-अलग तरह की ब्रेड बनाई थीं। उन्होंने लिखा, "सबसे खूबसूरत एहसास है कि रविवार की सुबह की शुरुआत परिवार जैसे दोस्तों के साथ की जाए और ब्रंच पर साथ में ब्रेड तोड़ी जाए, स्वादिष्ट खाने और प्यारी बातचीत के साथ! सारी अलग-अलग ब्रेड घर पर प्यार से मेरी प्यारी पत्नी रोया सामी खान जान ने ताजा बनाई थीं!"
गायक और संगीतकार अदनान सामी ने अपने जीवन में कुल चार शादियां की हैं। रोया उनकी तीसरी पत्नी हैं, जो कि अफगान-जर्मन मूल की हैं और एक रिटायर्ड आर्मी/डिप्लोमैट अफसर की बेटी हैं।
अदनान सामी हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सहित कई भाषाओं में भारतीय और पश्चिमी संगीत गाते हैं। उन्हें दुनिया के सबसे तेज कीबोर्ड वादकों और पियानो पर भारतीय शास्त्रीय संगीत बजाने वाले पहले संगीतकार के तौर पर जाना जाता है। गायक को 32 अलग-अलग वाद्ययंत्र बजाने में महारत हासिल है, जिनमें पियानो उनका सबसे प्रमुख वाद्ययंत्र है। उन्हें पियानो पर भारतीय शास्त्रीय संगीत बजाने वाले शुरुआती संगीतकारों में गिना जाता है।
'पता नहीं कहां भीख मांगेंगे', दीपिका सिंह से शादी के बाद बदली रोहित राज गोयल के परिवार की जिंदगी

टीवी डायरेक्टर रोहित राज गोयल ने अपनी पत्नी और एक्ट्रेस दीपिका सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि दीपिका ने न सिर्फ उन्हें, बल्कि उनके पूरे परिवार को अपनाया और उनका ख्याल रखा। ये सब बातें उन्होंने रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' में कही। शो में अपने परिवार और दीपिका के बारे में बात करते हुए रोहित इमोशनल हो गए।
उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था, जब लोग उनके परिवार को लेकर ऐसी बातें कहते थे कि उनके बच्चों की शादी नहीं होगी और उन्हें आगे चलकर भीख मांगनी पड़ेगी, लेकिन दीपिका के साथ आने से लोगों की सोच बदली।
शो में रोहित ने बताया कि दीपिका ने अपने करियर के पीक पर उनसे शादी करने का फैसला लिया था। उस समय दीपिका टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस थीं, लेकिन उन्होंने शादी के लिए ऐसे इंसान को चुना, जो एक जॉइंट फैमिली में रहता था।
रोहित ने कहा, ''जैसा कि उन्होंने कहा, मैं उनका आशिक हूं। लेकिन कोई आशिक ऐसे ही नहीं बन जाता। अपने करियर के पीक पर दीपिका ने शादी करने का फैसला लिया और वह भी ऐसे लड़के से, जो जॉइंट फैमिली में रहता है। उन्होंने मेरे पूरे परिवार को अपनाया, मेरी मां, पापा, भाई और भाभी को भी।''
इसके बाद रोहित ने अपने पिता और दीपिका के बीच के रिश्ते के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ''जिस तरह हम स्पेशल चाइल्ड की बात करते हैं, वैसे ही मेरे पापा भी हैं। उन्हें अपनाना, उनसे बात करना और उनका ख्याल रखना, यह सब सिर्फ दीपिका करती हैं।''
सेट पर झगड़े वाली धारणा पर राधिका आप्टे बोलीं-'महिलाएं नहीं पुरुष होते हैं ज्यादा असुरक्षित'

अभिनेत्री राधिका आप्टे आगामी वेब सीरीज 'अक्का' में अभिनेत्री कीर्ति सुरेश के साथ नजर आएंगी। आईएएनएस के साथ बातचीत में अभिनेत्री ने उस पुरानी धारणा को खारिज कर दिया कि फिल्म सेट पर महिलाओं के बीच अक्सर झगड़े या टकराव होते हैं।
अभिनेत्री का मानना है कि वर्कप्लेस का माहौल जेंडर पर नहीं बल्कि लोगों के आपसी तालमेल पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा, "यह बहुत पुरानी धारणा है कि महिलाएं आपस में झगड़ती हैं। मुझे लगता है कि पुरुष महिलाओं से कहीं ज्यादा असुरक्षित होते हैं। सच कहूं तो यह मर्द या औरत की बात नहीं है, यह आपसी तालमेल की बात है। आप कुछ लोगों के साथ घुल-मिल जाते हैं और कुछ के साथ नहीं।"
सेट पर अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए राधिका आप्टे ने माहौल को पॉजिटिव बताया और कैमरे के सामने और पीछे दोनों जगह महिलाओं की मौजूदगी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हमारा सेट वाकई बहुत अच्छा था। सेट पर लगभग बराबर संख्या में पुरुष और महिलाएं थीं। कास्ट में कई महिलाएं थीं और पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम में भी कई महिलाएं थीं। मुझे लगता है कि वहां एक अच्छी सिस्टरहुड वाली फीलिंग थी, जिसने चीजों को और ज्यादा कम्फर्टेबल बना दिया।"
अमित साध और ईशा देओल की क्राइम ड्रामा 'प्रताप' का ट्रेलर रिलीज, पुलिस अफसर की जिंदगी में आएगा बड़ा मोड़

एक्टर अमित साध और ईशा देओल की आने वाली क्राइम ड्रामा फिल्म 'प्रताप' का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म में अमित साध एक ऐसे पुलिस अफसर के किरदार में नजर आएंगे, जिसने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा अपराधियों को जेल पहुंचाने में बिताया है। लेकिन कहानी में अचानक ऐसा मोड़ आता है कि कानून का पालन कराने वाला पुलिस अफसर खुद सलाखों के पीछे पहुंच जाता है।
ट्रेलर में उसके अतीत और वर्तमान के बीच चल रहे संघर्ष की झलक दिखाई गई है। इसके साथ ही यह सवाल भी उठता है कि आखिर किन हालात में एक पुलिस अफसर को जेल जाना पड़ा।
फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी अचानक पूरी तरह बदल जाती है। ट्रेलर में अमित साध के किरदार के सामने आने वाली चुनौतियों और उसके हालात की झलक देखने को मिलती है। हालांकि, उसे जेल क्यों जाना पड़ता है और इसके पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा फिल्म में होगा।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
