सिनेजीवन: सलमान को बांद्रा में रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी और निर्देशक के. भाग्यराज का निधन

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान जल्द ही बांद्रा में अपने परिवार के लिए समुद्र के किनारे छह मंजिला नया घर बनाने जा रहे हैं। मशहूर तमिल फिल्म निर्देशक व अभिनेता कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

सलमान खान को बांद्रा में छह मंजिला रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी

बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान जल्द ही बांद्रा में अपने परिवार के लिए समुद्र के किनारे छह मंजिला नया घर बनाने जा रहे हैं। महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (एमसीजेडएमए) ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। यह प्लॉट एक्टर की मां के नाम पर रजिस्टर्ड है। यह नया घर बांद्रा के चिम्बाई इलाके में बनेगा, जो सलमान खान के मौजूदा घर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट्स' से थोड़ी ही दूरी पर है। सलमान खान 1974 से गैलेक्सी अपार्टमेंट्स में रह रहे हैं।

गौरतलब है कि 2024 में, बाइक पर सवार दो हमलावरों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर फायरिंग की थी। जांच में पता चला कि हमलावर बिश्नोई गैंग से जुड़े थे। इस घटना के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई और उन्हें वाई प्लास सुरक्षा दी गई। जिस बालकनी से वे अपने फैंस का अभिवादन करते थे, उसे बुलेटप्रूफ ग्लास से सुरक्षित कर दिया गया है।

एमसीजेडएमए के सूत्रों के मुताबिक, नया घर सलमान खान की मां सलमा खान के नाम पर रजिस्टर्ड जमीन पर बनाया जाएगा। इस प्लॉट पर पहले 1956 से पहले बना एक दो-मंजिला घर था, जिसे खरीदने के बाद परिवार ने उसकी जर्जर हालत के कारण गिरा दिया था। नई इमारत में ग्राउंड फ्लोर, स्टिल्ट पार्किंग और छह मंजिलें होंगी। इसका कुल कंस्ट्रक्शन एरिया लगभग 1,014 वर्ग मीटर होगा। इस प्रोजेक्ट का निर्माण 'सच डेवलपर्स' द्वारा किया जाएगा। बीएमसी ने अक्टूबर 2025 में इस प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती परमिट (आईओडी) जारी किया था।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को रिलीज होगी

सिनेजीवन: सलमान को बांद्रा में रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी और निर्देशक के. भाग्यराज का निधन

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की आगामी फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है।

केवीएन प्रोडक्शंस ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया। प्रोडक्शन हाउस द्वारा शेयर किए गए पोस्टर पर लिखा था, "11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में। 60 ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन लेकर आ रहे हैं 'हैवान'।"

'हैवान' एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी। फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।

केवीएन प्रोडक्शन और थेस्पियन फिल्म्स प्रोडक्शन की फिल्म 'हैवान' को वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने प्रोड्यूस किया है।


तमिलनाडु : निर्देशक के. भाग्यराज के निधन पर मुख्यमंत्री विजय ने राजकीय सम्मान की घोषणा की

सिनेजीवन: सलमान को बांद्रा में रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी और निर्देशक के. भाग्यराज का निधन

बेहतरीन पटकथा लेखकों में से एक और मशहूर तमिल फिल्म निर्देशक व अभिनेता कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दुख व्यक्त किया और उन्होंने पूरे राजकीय सम्मान के साथ के. भाग्यराज को आखिरी विदाई की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में बताया कि भाग्यराज ने एक अभिनेता, पटकथा लेखक, संवाद लेखक और संगीत निर्देशक के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई थी।

विजय ने की ओर से 'एक्स' पोस्ट में लिखा गया कि निर्देशक ने कहानी कहने के अपने अनोखे अंदाज, हास्य-विनोद से भरपूर अभिनय और ग्रामीण जीवनशैली व पारिवारिक रिश्तों से जुड़ी गहरी भावनाओं को दिखाने वाली अपनी फिल्मों के जरिए तमिल लोगों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली थी। उन्होंने लिखा कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री में भाग्यराज का योगदान अतुलनीय है।

सीएम विजय ने कहा कि भाग्यराज की हर रचना हमेशा यादगार रहेगी; ये न केवल मनोरंजन करती रहेंगी, बल्कि मानवीय और सामाजिक मूल्यों पर भी जोर देंगी। उन्होंने कहा, "उनका निधन तमिल सिनेमा के लिए एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। मैं उनके शोक संतप्त परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को ईश्वर के चरणों में शांति मिले।"

फ्लॉप फिल्मों से सीखकर बनाया हिट फॉर्मूला, ऐसे चमका आनंद एल राय का करियर

सिनेजीवन: सलमान को बांद्रा में रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी और निर्देशक के. भाग्यराज का निधन

बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता आनंद एल राय आज उन चुनिंदा फिल्मकारों में शुमार हैं जिन्होंने छोटे शहरों की कहानियों को बड़े पर्दे पर अलग अंदाज में पेश किया। 'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'तेरे इश्क में' जैसी फिल्मों के लिए पहचान बनाने वाले आनंद एल राय की सफलता का सफर आसान नहीं रहा। शुरुआती दौर में उन्हें कई संघर्षों का सामना करना पड़ा।

28 जून 1971 को दिल्ली में जन्मे आनंद एल राय की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई भी दिल्ली में ही हुई। शुरुआत में उनका सपना फिल्म निर्देशक बनने का नहीं था। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और इसके बाद एक आईटी कंपनी में नौकरी करने लगे।

हालांकि, नौकरी में उनका मन नहीं लगा और धीरे-धीरे उनका रुझान रचनात्मक दुनिया की ओर बढ़ने लगा। उनके बड़े भाई टीवी इंडस्ट्री में निर्देशक थे। वहीं से उन्हें भी टीवी शो में काम करने का अवसर मिला। इसी दौरान उन्होंने कैमरा, कहानी और निर्देशन की बारीकियां सीखीं।


महेश भट्ट मेरे लिए पिता समान हैं, उनका नाम सुनते ही धुन बनने लगती है : अनु मलिक

सिनेजीवन: सलमान को बांद्रा में रिहायशी इमारत बनाने की मिली मंजूरी और निर्देशक के. भाग्यराज का निधन

फिल्म निर्माता महेश भट्ट और मशहूर गायक-संगीतकार अनु मलिक एक बार फिर साथ आए हैं। दोनों आगामी स्टेज प्ले 'वो सुबह हम ही से आएगी' के जरिए दर्शकों के सामने नई प्रस्तुति लेकर आ रहे हैं।

महेश भट्ट द्वारा प्रस्तुत इस नाटक का प्रीमियर 5 जुलाई को मुंबई में होगा। इसका निर्देशन तारीकी हमीद ने किया है, जबकि इसकी कहानी दिनेश गौतम ने लिखी है। इसका संगीत अनु मलिक ने तैयार किया है।

'वो सुबह हम ही से आएगी' में खामोशी, दबी हुई भावनाएं, प्रेम और डर जैसे विषयों को केंद्र में रखा गया है। यह इस बात को सामने लाता है कि अपने सच का सामना करने के लिए कितने नैतिक साहस की जरूरत होती है।

अनु मलिक के साथ दोबारा काम करने को लेकर महेश भट्ट ने कहा कि कुछ रिश्ते योजनाबद्ध होते हैं, जबकि कुछ नियति का हिस्सा बन जाते हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ