सिनेजीवन: मनोज तिवारी की बेटी की सलमान ने लगाई क्लास और 'लव एंड वॉर' से विक्की कौशल का लुक आया सामने
सलमान खान कहते हैं, "रिति, यह अब तक का सबसे घटिया डिस था। आपको लिमिट में रहकर इज्जत दिखानी चाहिए।" संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'लव एंड वॉर' से अभिनेता विक्की कौशल का फर्स्ट लुक सामने आया है।

'ये सबसे घटिया डिस था', मनोज तिवारी की बेटी की सलमान ने लगाई क्लास
अभिनेता सलमान खान इन दिनों 'बिग बॉस-20' में होस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं। आगामी 'वीकेंड के वार' में सलमान खान को कंटेस्टेंट रिति तिवारी को हालिया एपिसोड में लाइन क्रॉस करने पर फटकार लगाते देखा जाएगा।
'वीकेंड का वार' एपिसोड के प्रोमो में दिखाया गया कि सलमान, मनोज तिवारी की बेटी रिति को 'डिस' टास्क के दौरान काजी तौकीर और उदिति सिंह के लिए इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने पर डांट रहे हैं। प्रोमो में सलमान खान कहते हैं, "रिति, यह अब तक का सबसे घटिया डिस था। आपको लिमिट में रहकर इज्जत दिखानी चाहिए। आपकी भाषा कहीं और ही जा रही थी।"
इसके बाद उन्होंने रिति की टीम के सभी मेंबर्स, जिनमें स्काउट ओपी, लव गिल, आम्रपाली दुबे, आसिफ खान और यंग डीएसए शामिल हैं, से सवाल किया कि वे हंस क्यों रहे थे और उन्होंने रिति को रोका क्यों नहीं।
सलमान ने कहा, "सब हंस रहे थे। आप लोगों की समझ कहां है? आप सब उसको चढ़ा रहे थे और वह बदतमीजी पर बदतमीजी कर रही थी। क्या वहीं पर इसे रोकना आपकी जिम्मेदारी नहीं थी? अगर ये डिस आपकी बहन पर होता, तो क्या आप इसे होने देते?"
मुश्ताक खान के जनाजे में नहीं पहुंचे बड़े स्टार, रजा मुराद बोले-किसी उद्योगपति की शादी होती तो वेटर बन जाते

दिग्गज अभिनेता मुश्ताक खान ने मुंबई के नानवटी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की कई हस्तियां उनके घर पहुंचीं, लेकिन कई बड़े सितारे नहीं आए। इससे अभिनेता रजा मुराद आहत नजर आए।
अभिनेता रजा मुराद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान ने इंडस्ट्री को अपनी पूरी जिंदगी दे दी, लेकिन किसी भी बड़े स्टार ने उनके जनाजे में शिरकत नहीं की।
उन्होंने कहा, "मुझे अफसोस इस बात का है कि ऐसे मौके पर कोई भी स्टार, जिन्हें हम हीरो कहते हैं, वो मुश्ताक खान को आखिरी सलाम तक देने नहीं आए, जबकि बहुत से उनके साथी-कलाकार आए थे। अगर किसी उद्योगपति की शादी होती, तो ये स्टार न सिर्फ शिरकत करते बल्कि वेटर की तरह मेहमानों को खाना भी परोसते।"
रजा मुराद ने कहा, "जब कोई पॉलिटिकल पार्टी अपना डंडा दिखाती है तो ये वहां पर भीगी बिल्ली की तरह पहुंच जाते हैं, लेकिन उस शख्स के जनाजे पर वह शामिल नहीं हुए, जिसने अपने 50 साल इस इंडस्ट्री को दे दिए अपनी पूरी जिंदगी दे दी और इन बड़े स्टार्स ने उन्हें अपने 50 मिनट तक नहीं दिए। ये मत भूलिए कि आज जो आपका चेहरा है। कल ये मुरझा जाएगा अगर कोई चीज आपके काम आएगी, तो आपका अच्छा व्यवहार और कुछ नहीं काम आएगा।
'लव एंड वॉर' से विक्की कौशल का लुक आया सामने, इंटेंस किरदार में नजर आए एक्टर

फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'लव एंड वॉर' से अभिनेता विक्की कौशल का फर्स्ट लुक सामने आया है, जिसमें उनका दमदार और इंटेंस अंदाज देखने को मिल रहा है।
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फर्स्ट लुक शेयर किया, जिसमें विक्की कौशल का लुक इंटेंस, रेट्रो और स्वैग से भरपूर नजर आ रहा है। पोस्टर में विक्की गहरी नजरों से कैमरे को देख रहे हैं। उनके माथे और गाल के पास चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। उनकी आंखें गुस्से और पूरी इंटेंसिटी के साथ सीधे कैमरे की तरफ देख रही हैं।
पोस्टर के साथ लिखा गया, "नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं! संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' 21 जनवरी 2027 को।"
अभिनेता विक्की कौशल के लुक को फैंस और इंडस्ट्री के साथी कलाकारों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। अभिनेता ऋतिक रोशन ने लिखा, "क्या बात है।" विक्की कौशल के पिता शाम कौशल ने लिखा, "तुम पर नाज है, पुत्तर। रब दी मेहर बनी रहे, जोर दी झप्पी।"
'आप मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं', नानी के नाम एक्टर राघव जुयाल का भावुक पोस्ट

साउथ सुपरस्टार नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' में अभिनेता राघव जुयाल ने विक्रम मलिक (विक्रम 'छोटा' मलिक) नाम के विलेन का किरदार निभाया है। शनिवार को अभिनेता राघव जुयाल ने शुक्रिया अदा करते हुए खास पोस्ट शेयर किया।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर नानी के लिए एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने नानी को अपना गाइड बताया। राघव जुयाल का कहना है कि नानी ने उन्हें सिनेमा, जिंदगी, करियर और कई तरह के बारे में बताया, जिसकी जरूरत जिंदगी में आने वाले पड़ावों में होगी।
उन्होंने लिखा, "जिंदगी में बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो बिना जाने ही आपकी सुरक्षित जगह बन जाते हैं। मेरे लिए नानी (घंटा नवीन बाबू) दादा उन्हीं लोगों में से एक हैं। सच कहूं तो आज भी लगता है कि शब्द कभी भी काफी नहीं होंगे। मैं सच में आपसे बहुत प्यार और इज्जत करता हूं। सिर्फ एक एक्टर या आर्टिस्ट के तौर पर नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर।"
उन्होंने लिखा, "इस इंडस्ट्री में जहां कई बार सब कुछ अनिश्चित और शोर भरा लगता है, ऐसे में आपने मेरे साथ घंटों बातें की। जीवन में कई पल ऐसे भी आए हैं, जब मैं पूरी तरह से खोया हुआ महसूस करता था और ऐसे में आपने मुझे बिठाकर घंटों-घंटों बात की है। आपने मुझे सिनेमा, करियर, जिंदगी और कई बार ऐसी बातों के बारे में बताया है। आपने मुझे सुना और समझा।"
शिल्पा शेट्टी ने शेयर की वेकेशन की तस्वीरें, पर्यावरण की अहमियत पर कही बड़ी बात

विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस के मौके पर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सभी से प्रकृति की खूबसूरती को महसूस करने की अपील की। फिटनेस क्विन का कहना है कि सेहत और पर्यावरण एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर विदेशी लोकेशन से अपनी छुट्टियों की कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। अभिनेत्री ने लिखा, "चारों तरफ देखो। इतनी सारी खूबसूरती है जिसे हम बस चलते-चलते नजरअंदाज कर देते हैं। बदलता आसमान, खिले हुए फूल, पानी की आवाज, पेड़ की छांव, एक खूबसूरत सनसेट जो आपको एक पल के लिए रोक देता है, ये छोटे-छोटे पल बिना कुछ मांगे हमें अच्छा महसूस करा देते हैं।"
उन्होंने आगे लिखा: "विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस पर एक छोटी सी याद दिलाना चाहती हूं कि रुकिए, अपने आसपास की दुनिया को देखिए और उसकी कद्र कीजिए। हमारी सेहत और खुशहाली पर्यावरण से जुड़ी हुई है और हमें दोनों की हिफाजत करनी चाहिए।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
