सिनेजीवन: सलमान खान की क्रिप्टिक पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता और अफवाहों पर अमिताभ बच्चन ने खुद लगाई रोक
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील शेयर की, जिसमें पहाड़ों का खूबसूरत और शांत नजारा दिखाई दे रहा है। अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की उड़ रही अफवाहों के बीच साफ किया कि रिटारमेंट लेने का उनका कोई प्लान नहीं है।

जो चाहिए था कल मुझे, आज मिला तो जरूरी क्यों? सलमान खान की क्रिप्टिक पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता
बॉलीवुड के 'भाईजान' सलमान खान जब भी सोशल मीडिया पर कुछ लिखते हैं, फैंस उसके पीछे छिपे मतलब को तलाशने लगते हैं। सलमान ने हाल ही में गणेश चतुर्थी के मौके पर राहुल करनैल के घर हुए सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया।
गणपति बप्पा के दर्शन करने के कुछ समय बाद ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया और सवाल उठाया कि जब इंसान के पास कभी चाही हुई चीज आ जाती है, तो वही चीज बाद में जरूरी क्यों नहीं लगती। एक्टर का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील शेयर की, जिसमें पहाड़ों का खूबसूरत और शांत नजारा दिखाई दे रहा है। इस खूबसूरत बैकग्राउंड के लिखा था, ''जब थोड़ा मिला, तो खुश था, अब ज्यादा मिला तो दुखी क्यों? जो चाहिए था कल मुझे, आज मिला तो जरूरी क्यों?''
सलमान की इस पोस्ट को देखकर फैंस अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं, हालांकि एक्टर ने अपने इस मैसेज के पीछे की वजह या किसी खास घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
चेक बाउंस मामला : राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत, 2 करोड़ जमा करने के लिए मिला आखिरी मौका

चेक बाउंस के सात मामलों में सजा का सामना कर रहे अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल थोड़ी राहत मिली है। उन्हें अदालत ने पैसे का इंतजाम करने के लिए दो हफ्ते का आखिरी मौका दिया है।
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव की ओर से उनके वकील ने कोर्ट से अपील की कि अभिनेता को दोबारा जेल भेजने से फिलहाल कोई फायदा नहीं होगा और उन्हें कुछ समय दिया जाए, ताकि वह रकम का इंतजाम कर सकें। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने दो हफ्ते का समय देते हुए कहा कि कम से कम 2 करोड़ रुपए का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। साथ ही अदालत ने साफ किया कि यह राजपाल यादव को दिया गया आखिरी मौका है।
सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को अपना पासपोर्ट भी जमा करने का निर्देश दिया है। सुनवाई के दौरान अदालत ने उनके पिछले व्यवहार को लेकर भी सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि उनके पुराने आचरण को देखते हुए आखिर उन पर भरोसा कैसे किया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राजपाल यादव फिल्मों में बहुत अच्छी एक्टिंग करते हैं और उम्मीद है कि वह कोर्ट में ऐसा नहीं करेंगे। सुनवाई के दौरान राजपाल यादव ऑनलाइन जुड़े हुए थे। मामले की अगली सुनवाई अब 5 अक्टूबर को होगी।
विक्रांत मैसी ने बताई सक्सेस की नई परिभाषा, कहा-सफलता का मतलब पैसा नहीं, अच्छा स्वास्थ

अभिनेता विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज 'मुसाफिर कैफे' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता का मानना है कि कुछ मामलों में सफलता की परिभाषा में काफी बदलाव देखने को मिले हैं।
अभिनेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज सफलता सिर्फ करियर या पैसे तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें अच्छी सेहत, मन की शांति और खुशहाल जिंदगी जीना भी शामिल है। विक्रांत मैसी ने कहा, "20 साल पहले हम मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात नहीं करते थे। आज इन चीजों पर खुलकर चर्चा हो रही है क्योंकि कहीं न कहीं हम सब समझ गए हैं कि सेहत ही सबसे बड़ी दौलत है।"
अभिनेता ने जोर देते हुए कहा कि अगर आप स्वस्थ हैं, तो सफल हैं। उन्होंने कहा, "भले ही आपके पास बड़ा घर न हो लेकिन अगर आप रात को चैन से सो पा रहे हैं, नींद की गोलियां नहीं लेनी पड़ रही हैं और आपके घर में बड़ों का सपोर्ट है, तो आप सफल हैं।"
अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा कि दुनिया काफी तेजी से बदल रही है, जिसका असर लोगों की सोच और सपनों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "आज सफलता का मतलब कुछ और ही है और टेक्नोलॉजी की तरह यह भी तेजी से बदलने वाला है। दुनिया जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसका हम अंदाजा भी नहीं लगा सकते। आज कोई हुनर सीखते हैं, कल वही बेकार हो जाता है। दुनिया इसी स्पीड से चल रही है।"
गुरु रंधावा का नया गाना '2 आइज' रिलीज, बोले- दो आंखें प्यार की गहराई दिखाने के लिए काफी नहीं

गायक गुरु रंधावा ने निकिता दत्ता के साथ अपना नया रोमांटिक सॉन्ग '2 आइज' रिलीज कर दिया है। अपने गाने को लेकर गायक का कहना है कि यह गाना बताता है कि कभी आंखें प्यार की पूरी गहराई या किसी इंसान की खूबसूरती को सही मायने में नहीं दिखा सकतीं।
यह एक पंजाबी सॉन्ग गुरु रंधावा के पहले के गानों जैसे 'बन जा रानी' और 'मून राइज' की तरह सोलफुल और कहानी कहने वाले अंदाज में एक सोची-समझी वापसी है।
'2 आइज' शुरुआती प्यार और हैरानी के एहसास के बीच संतुलन बनाता है और दिल तोड़ देने वाले ट्विस्ट के साथ शानदार गायकी पेश करता है। असल में यह गाना इसी सोच पर टिका है कि नजरें अपने पार्टनर की असली खूबसूरती को पूरी तरह से देख पाने में बहुत छोटी पड़ जाती हैं।
अफवाहों पर अमिताभ बच्चन ने खुद लगाई रोक, कहा-'मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा'

सेलेब्स की एक-एक बात और मूवमेंट पर फैंस की पैनी नजर रहती है, कभी-कभी तो उनके द्वारा कही गई छोटी सी बात को समझे बिना ही बात का बतंगड़ बना दिया जाता है। इसी बीच, मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने रिटायरमेंट की उड़ रही अफवाहों के बीच साफ किया कि रिटारमेंट लेने का उनका कोई प्लान नहीं है।
दरअसल, मेगास्टार के हालिया ब्लॉग पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वे अपने काम से दूरी बनाने पर विचार कर रहे हैं, जिस पर साफाई देते हुए मेगास्टार ने फिर से ब्लॉग पोस्ट किया और अपनी पहले की बात को स्पष्ट किया।
उन्होंने लिखा, "नहीं हुजूर, मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं, अंग्रेजी में इसका मतलब है कि मैं अब सोने जा रहा हूं और आपको वहां आने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।" दरअसल, दिग्गज अभिनेता के पिछले ब्लॉग को कुछ लोगों ने इस तरह से लिया था कि वे रिटायरमेंट पर विेचार कर सकते हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
