सिनेजीवन: सलमान ने 42 साल पुराने ‘भाई’ के निधन पर शोक जताया और मीम क्रिएटर्स को स्टोरीटेलर मानते हैं दिव्येंदु
सलमान खान ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 42 साल पुराने अपने भाई समान दोस्त सुशील कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया। ‘मिर्जापुर’ में मुन्ना भैया के किरदार से रातोंरात मशहूर हुए अभिनेता दिव्येंदु मीम कल्चर को लेकर काफी सकारात्मक हैं।

सलमान खान ने 42 साल पुराने ‘भाई’ के निधन पर शोक जताया, कहा-तुम्हारे लिए आंसू नहीं, सिर्फ यादें हैं
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 42 साल पुराने अपने भाई समान दोस्त सुशील कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया।
सलमान खान ने अपने दोस्त की याद में एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने लिखा, “यह शख्स 42 सालों से मेरा भाई था, सबसे अच्छा, दयालु और मददगार। चाहे खुद कितनी भी मुश्किल में हो, हमेशा मुस्कुराता, नाचता रहता था और सबसे खराब हालात में भी कोई दर्द या तनाव नहीं दिखाता था। चाहे आर्थिक, भावनात्मक या शारीरिक समस्या हो, वह हमेशा कहता था कि ‘फर्क नहीं पड़ता, सब ठीक हो जाएगा।’”
सलमान ने आगे लिखा, “सुशील कुमार उसका नाम है, या यूं कहूं कि 5 मिनट पहले तक उसका नाम था। अलविदा भाई, तुमने एक सच्चे इंसान की तरह जिंदगी जी और मौत का सामना एक हैवीवेट चैंपियन की तरह किया। तुम्हारे लिए कोई आंसू नहीं, सिर्फ यादें और हंसी हैं।”
अभिनेता ने कहा, “मेरा ‘प्रा’ चेहरे पर मुस्कान के साथ गया। यही सही तरीका है जाने का, भाई। कोई पहले, कोई बाद में -सबको जाना है, पता नहीं कब और कैसे, इसलिए कुछ करके जाओ। अब अपनी सिगरेट और व्हिस्की का मजा लो, चीयर्स भाई। लगता है मैं तुम्हें थोड़ा मिस करूंगा।”
नफीसा अली ने दी सर्जरी के बाद हेल्थ अपडेट, शेयर किया पार्क में टहलने का अनुभव

बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री नफीसा अली की अप्रैल में सर्जरी हुई है। अब उन्होंने अपनी सेहत के बारे में एक अपडेट शेयर करते हुए बताया है कि वह अब आखिरकार पार्क में टहल पा रही हैं।
नफीसा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह पार्क में टहलती हुई नज़र आ रही हैं। इस तस्वीर में, वह पार्क में सैर कर रही हैं। तस्वीर में उनके चारों ओर हरियाली दिखाई दे रही हैं। 69 वर्षीय अभिनेत्री ने इंडियन आउटफिट पहना हुआ है। उन्होंने इस आरामदायक आउटफिट में सर्जरी के बाद की देखभाल के लिए अपनी कमर पर एक सपोर्ट बेल्ट बांधी हुई है।
नफीसा ने कैप्शन में लिखा, "आखिरकार, 6 अप्रैल 2026 को हुई मेरी सर्जरी के बाद मैं पार्क का एक चक्कर लगाने में कामयाब हो गई हूं... कल रात हुई बारिश ने पार्क में इस सैर को और भी शानदार बना दिया।"
17 अप्रैल को, नफीसा ने अपनी कैंसर सर्जरी के निशान की एक झलक शेयर की थी और उसे "ग्रेट वॉल" (महान दीवार) का नाम दिया था। उन्होंने अपने पेट की एक क्लोज-अप तस्वीर शेयर की थी, जिसमें सर्जरी का एक लंबा सीधा मार्क दिखाई दे रहा था, जिस पर टांके लगे थे।
मीम क्रिएटर्स को कमाल का स्टोरीटेलर मानते हैं दिव्येंदु, बोले- इंडस्ट्री में मिल सकता है बेहतरीन मौका

‘मिर्जापुर’ में मुन्ना भैया के किरदार से रातोंरात मशहूर हुए अभिनेता दिव्येंदु मीम कल्चर को लेकर काफी सकारात्मक हैं। उन्होंने कहा है कि मीम बनाने वाले लोग बेहद रचनात्मक और कहानी कहने में माहिर होते हैं। उनका मानना है कि इन क्रिएटर्स को फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलना चाहिए।
दिव्येंदु ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “लोग अपने पसंदीदा किरदारों को मीम्स के जरिए अपनी जिंदगी में इतना अपनाते हैं, यह देखकर बहुत अच्छा लगता है। यह खास और भावनाओं से भर देने वाला अनुभव है।”
उन्होंने आगे कहा कि मीम्स मजेदार और रचनात्मक तरीके से बनाए जाते हैं, लेकिन किरदार की लोकप्रियता के साथ जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी किरदार या स्थिति को जरूरत से ज्यादा महिमामंडित नहीं करना चाहिए।
अभिनेता ने कहा, “कई बार मुझे लगता है कि मीम बनाने वालों को हमारी फिल्म इंडस्ट्री में काम मिल सकता है। अगर पर्दे के सामने नहीं तो कम से कम डायलॉग राइटर या स्क्रीनप्ले राइटर के रूप में। वे दो अलग-अलग चीजों को जोड़कर जो तरीका अपनाते हैं, वह सचमुच हैरान कर देने वाला है।”
डेब्यू फिल्म की यादों में खोईं ईशा गुप्ता, 'जन्नत-2' के 14 साल पूरे होने पर जताया आभार

क्राइम-थ्रिलर फिल्म 'जन्नत-2' ने सोमवार को अपनी रिलीज के 14 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर फिल्म की मुख्य अदाकारा ईशा गुप्ता ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया, जिसके बैकग्राउंड में गाना 'तुझे सोचता हूं' बज रहा है। अभिनेत्री ने अपनी यादों को ताजा करते हुए लिखा, "'जन्नत-2', 4 मई। आज से 14 साल पहले यह खूबसूरत सपना सच हुआ था। मैं उन सभी शानदार लोगों की दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस सफर में साथ दिया।"
अभिनेत्री ईशा गुप्ता के लिए यह फिल्म महज एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनके करियर की नींव थी, जिसने उन्हें रातों-रात पहचान दिलाई थी। साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था, बल्कि इसके गानों और कहानी ने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई थी।
योग से होगा हर रोग का समाधान! शिल्पा शेट्टी ने बताया क्यों जरूरी है 'वर्तुलासन' का अभ्यास

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपनी फिटनेस और योग के प्रति समर्पण जगजाहिर है। वे योगाभ्यास के माध्यम से लचीलापन और मजबूती बनाए रखने पर जोर देती हैं। सोमवार को उन्होंने वर्तुलासन के महत्व पर जोर देते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की।
पोस्ट किए गए वीडियो में अभिनेत्री 'वर्तुलासन' का अभ्यास करती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट पर न सिर्फ अभ्यास करते हुए दिखाया, बल्कि इसके फायदों के बारे में भी विस्तार से बताया।
अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "वर्तुलासन योग की एक ऐसी मुद्रा है जो शरीर को गोलाकार स्थिति में लाती है। यह आसन हलासन के समान शरीर को लाभ देता है। इसमें शरीर को मोड़कर पीछे की ओर ले जाया जाता है, जिससे पूरी रीढ़ की हड्डी में खिंचाव आता है।
उन्होंने आगे लिखा, "यह थायरॉइड ग्रंथि को सक्रिय करता है, जिससे मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। पाचन क्रिया को सुधारता है और रक्त संचार को बढ़ाता है। कंधों और ऊपरी पीठ को मजबूत बनाता है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
