सिनेजीवन: सलमान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल और मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता

मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि रणवीर सिंह के अलावा, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल गया था। अभिनेत्री की मां का शुक्रवार को 80वां जन्मदिन है। इस मौके पर लारा ने मां को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

रणवीर सिंह के अलावा सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल, जांच में जुटी पुलिस

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले के बाद अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को धमकी भरा मैसेज भेजा गया था। 

दोनों ही मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार छानबीन कर रही है और रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में कुल 12 लोगों की गिरफ्तारी कर चुकी है, लेकिन अब मामले में नया अपडेट भी सामने आया है। मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।

मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि रणवीर सिंह के अलावा, बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल गया था। मामले में प्रारंभिक जांच कर क्राइम ब्रांच ने पाया कि ईमेल स्वीडन से आया हो सकता है, लेकिन पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच ने स्वीडन की संबंधित एजेंसी से विस्तार से जानकारी मांगी है। मामले में क्राइम ब्रांच ने आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है; इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

मामले पर जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही अज्ञात शख्स ने ईमेल के जरिए अभिनेता आयुष शर्मा को धमकी दी थी। ईमेल करने वाले ने बिश्नोई गैंग से होने का दावा किया था। ईमेल में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की थी।

'वीरा राजा वीरा' विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, एआर रहमान बोले- गाने में जूनियर डागर ब्रदर्स को मिलेगा क्रेडिट

सिनेजीवन: सलमान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल और मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता

मशहूर संगीतकार एआर रहमान पर तमिल फिल्म 'पोन्नियिन सेलवन 2' के लोकप्रिय गीत 'वीरा राजा वीरा' से जुड़ा मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। एआर रहमान ने शुक्रवार को अदालत को बताया कि इस गाने को वह भारतीय शास्त्रीय संगीत की पारंपरिक रचना 'शिव स्तुति' से प्रेरित मानते हुए क्लासिकल सिंगर उस्ताद फैयाज वसीफुद्दीन डागर को श्रेय देने के लिए तैयार हैं।

रहमान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने अदालत को बताया कि संगीतकार ने यह सहमति दी है कि गीत के क्रेडिट में दिवंगत उस्ताद एन. फैयाजुद्दीन डागर और उस्ताद एन. जाहिरुद्दीन डागर, जिन्हें जूनियर डागर ब्रदर्स के नाम से जाना जाता है, उनके प्रदर्शन का उल्लेख किया जाएगा।

इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की पीठ, जिसमें मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल पंचोली शामिल थे, ने की। अदालत ने रहमान की ओर से दी गई इस सहमति को रिकॉर्ड में लेते हुए आदेश दिया कि गाने के क्रेडिट में किया गया बदलाव सभी सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर पांच हफ्तों के भीतर दिखना चाहिए।

अदालत ने साफ किया कि यह मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहा सिविल मुकदमा अपने तथ्यों और कानून के आधार पर ही आगे बढ़ेगा। इस आदेश का उस मुकदमे पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।


बिटकॉइन घोटाले में राज कुंद्रा को मिली जमानत, वकील ने ईडी के दावों पर उठाए सवाल

सिनेजीवन: सलमान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल और मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता

बिटकॉइन घोटाला मामले में मुंबई की स्पेशल पीएमएलए कोर्ट से कारोबारी राज कुंद्रा को जमानत मिल गई है। अदालत में सुनवाई के दौरान राज कुंद्रा अपने वकील के साथ पेश हुए। सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें जमानत दे दी, लेकिन इसके लिए उन्हें एक लाख रुपए का मुचलका भरना होगा। साथ ही देश से बाहर जाने के लिए कोर्ट से मंजूरी लेनी पड़ेगी। बिना अनुमति के वह देश से बाहर नहीं जा सकते हैं।

ईडी ने सितंबर 2025 में पीएमएलए के तहत दर्ज मामलों की विशेष कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर राज कुंद्रा को आरोपी बनाया था।

जांच एजेंसी के अनुसार, गेन बिटकॉइन पोंजी घोटाले के मास्टरमाइंड और प्रमोटर अमित भारद्वाज ने राज कुंद्रा को यूक्रेन में बिटकॉइन माइनिंग फार्म स्थापित करने के लिए 285 बिटकॉइन दिए थे। हालांकि, यह सौदा पूरा नहीं हो सका, लेकिन ईडी का दावा है कि 285 बिटकॉइन अब भी राज कुंद्रा के पास मौजूद हैं, जिनकी मौजूदा कीमत 150 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने ईडी के दावों पर सवाल उठाया और कहा कि ईडी का आरोप है कि राज कुंद्रा को जुलाई 2017 में 285 बिटकॉइन मिले थे। उस समय 285 बिटकॉइन की कुल कीमत करीब 10 लाख अमेरिकी डॉलर थी, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 6.6 करोड़ रुपए के आसपास है। यानी कथित लेनदेन के समय बिटकॉइन की वैल्यू इतनी ही थी।

मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता, बोलीं- 'अल्जाइमर से जूझ रही हैं पर रोज सिखाती हैं जिंदगी जीना'

सिनेजीवन: सलमान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल और मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता

 बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता एक आर्मी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता विंग कमांडर एलके दत्ता (सेवानिवृत्त) हैं, जो एक पंजाबी हिंदू हैं। वहीं, उनकी माता का नाम जेनिफर मौरीन दत्ता है, जो एक एंग्लो-इंडियन हैं।

अभिनेत्री की मां का शुक्रवार को 80वां जन्मदिन है। इस मौके पर लारा ने मां को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पर मां संग तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें लारा अपनी मां और दोनों बहनों, सबीना दत्ता और चेरिल दत्ता, के साथ नजर आ रही हैं।

लारा ने लिखा, "मेरी प्यारी और सरल (हालांकि जब मैं छोटी थी तब वे इतनी सरल नहीं थीं) मम्मा 80 साल की हो गई हैं। वे कुछ समय से अल्जाइमर और डिमेंशिया से जूझ रही हैं, लेकिन आज भी मैं उनसे हर दिन जिंदगी के नए सबक सीखती हूं।"

अभिनेत्री ने अपनी मां के जीवन दर्शन को फैंस के साथ शेयर करते हुए लिखा, "जिंदगी की शिकायत कभी मत करो। दिन जैसा भी हो वह अच्छा ही होता है। हमेशा विश्वास रखो, जब भी संगीत बजे, अगर हो सके तो नाचो... और नहीं तो कम से कम उसकी ताल जरूर महसूस करो। मुस्कुराओ और हंसकर अपनी परेशानियां दूर कर दो।"


19 साल बाद भारत लौट रहीं शकीरा, मुंबई और दिल्ली में करेंगी लाइव कॉन्सर्ट

सिनेजीवन: सलमान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिला था धमकी भरा ईमेल और मां के जन्मदिन पर भावुक हुईं लारा दत्ता

करीब दो दशकों के बाद ग्लोबल पॉप स्टार शकीरा एक बार फिर भारत में लाइव परफॉर्म करेंगी। खास बात यह है कि इस बार शकीरा दो बड़े भारतीय शहरों मुंबई और दिल्ली में अपने धमाकेदार कॉन्सर्ट करेंगी। 19 साल बाद भारत में उनकी वापसी को लेकर म्यूजिक लवर्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजकों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, शकीरा 10 अप्रैल को मुंबई में और 15 अप्रैल को दिल्ली में परफॉर्म करेंगी। यह पहली बार है कि शकीरा का भारत दौरा दो शहरों में आयोजित किया जा रहा है। दोनों ही शहरों में उनके भारी संख्या में फैंस हैं। माना जा रहा है कि ये कॉन्सर्ट्स पूरी तरह हाउसफुल रहेंगे। शकीरा की एनर्जी, डांस मूव्स और सुपरहिट गानों का जादू भारतीय दर्शकों के सिर चढ़कर बोलेगा।

अगर शकीरा के भारत कनेक्शन की बात करें, तो उन्होंने आखिरी बार साल 2007 में मुंबई में परफॉर्म किया था। उस समय वह अपनी 'ओरल फिक्सेशन टूर' के तहत भारत आई थीं। अब लगभग 19 साल बाद फैंस को उनकी लाइव परफॉर्मेंस देखने के लिए मिलेगी।

भारत में अपनी वापसी को लेकर शकीरा खुद भी काफी भावुक और उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारत में परफॉर्म करना हमेशा उनके लिए खास रहा है। मुंबई और दिल्ली के फैंस से दोबारा जुड़ना एक यादगार अनुभव होगा। इस 'फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट' के जरिए वह बच्चों के पोषण और बेहतर भविष्य का संदेश देना चाहती हैं।

आईएएनएस के इनपुट के साथ