सिनेजीवन: बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं सारा अली खान और 'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट का ग्लैमरस अवतार
अभिनेत्री सारा अली खान गणेशोत्सव के आखिरी दिन फिल्ममेकर निधि दत्ता के घर पर उत्सव का आनंद लेने और बप्पा का आशीर्वाद लेने गई थीं। मेकर्स ने आलिया भट्ट के किरदार की पहली झलक भी शेयर कर दी है।

गणपति विसर्जन से पहले बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं सारा अली खान, सुरभि चंदना और करिश्मा तन्ना
मनोरंजन जगत में गणेशोत्सव की धूम जोरशोर से देखने को मिलती है। 10 दिन तक चलने वाले इस पावन पर्व के आखिरी दिन अभिनेत्री सारा अली खान, सुरभि चंदना और करिश्मा तन्ना बप्पा का आशीर्वाद लेती नजर आईं।
अभिनेत्री सारा अली खान गणेशोत्सव के आखिरी दिन फिल्ममेकर निधि दत्ता के घर पर उत्सव का आनंद लेने और बप्पा का आशीर्वाद लेने गई थीं। सारा अली खान ने इस विजिट की कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जिसमें खूबसूरती से सजे हुए गणपति पंडाल की झलक भी दिखी।
अभिनेत्री करिश्मा तन्ना ने परिवार और करीबियों के साथ बप्पा की विधि-विधान से पूजा अर्चना की और कई सेलेब्स के घर बप्पा के दर्शन करने भी गई थीं, जिनमें एकता कपूर का घर शामिल हैं।अभिनेत्री ने लिखा, "हाल की जिंदगी। गणपति बप्पा का जश्न और दूसरी खूबसूरत चीजें।"
टेलीविजन अभिनेत्री सुरभि चंदना ने इंस्टाग्राम पर गणेशोत्सव की कुछ तस्वीरें पोस्ट कर लिखा, "बप्पा के मोदक भोग, विसर्जन, सेलिब्रेशन, हर जगह जाना, सब कुछ। आज गन्नू पा का सब खत्म हो रहा है। तू आज चला जाएगा और अगले साल के जश्न का इंतजार फिर से शुरू हो जाएगा, मुंबई तुझे बहुत मिस करेगी बप्पा।"
दृश्यम की स्टारकास्ट के साथ धमाकेदार होगी कपिल शर्मा शो की वापसी, इस दिन आएगा पहला शो

कॉमेडियन कपिल शर्मा नेटफ्लिक्स पर 'द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो' के पांचवे सीजन के साथ वापसी करने जा रहे हैं। शो की शुरुआत क्राइम थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' की स्टारकास्ट के साथ होगी।
पांचवे सीजन के प्रीमियर में अजय देवगन, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और जयदीप अहलावत के साथ डायरेक्टर अभिषेक पाठक, कपिल शर्मा के साथ हंसी-मजाक और खुलकर बातचीत करते नजर आएंगे।
यह एपिसोड 'दृश्यम' हिंदी फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म की रिलीज से पहले कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में अजय देवगन की वापसी का भी मौका होगा। इसमें जयदीप अहलावत, कृष्णा अभिषेक और किकू शारदा की जोड़ी के साथ ठुमके लगाते नजर आएंगे, वहीं सुनील ग्रोवर अजय देवगन की मिमिक्री करके हंसी का तड़का लगाएंगे।
छह महीने के ब्रेक के बाद 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का सीजन 5 वापस आ रहा है। इस बार भी कपिल शर्मा के साथ सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, किकू शारदा, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू की कॉमेडी टोली नजर आएगी। नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होंगे।
ऋचा चड्ढा लेकर आईं नया ट्रैवल शो 'मुसाफिरी', दिखेगा मुंबई का अनदेखा इतिहास

अभिनेत्री ऋचा चड्ढा की नॉन-फिक्शन ट्रैवल सीरीज 'मुसाफिरी' का पहला एपिसोड शुक्रवार से रिलीज हो रहा है। इस सीरीज में मुंबई शहर के इतिहास, वहां के समुदायों, छिपी हुई कहानियों और कम चर्चित जगहों को दिखाया जाएगा।
पहले एपिसोड में मुंबई के इतिहास, कल्चर और कुछ सबसे हैरान करने वाले राज दिखाए गए हैं। इस एपिसोड में किम कार्दशियन और साउथ मुंबई के सबसे मशहूर इलाकों में से एक काला घोड़ा के बीच एक अनोखा कनेक्शन भी बताया गया है।
ऋचा ने मुंबई को भी एक्सप्लोर किया है और शहर के देवी-देवताओं से जुड़े दिलचस्प किस्से बताए हैं, जिनमें मां महालक्ष्मी भी शामिल हैं, जिन्हें मुंबई की माता देवी माना जाता है।
अभिनेत्री का मानना है कि मुंबई शहर ऐसी कहानियों से भरा पड़ा है, जिनके बीच लोग बड़े होते हैं लेकिन कभी रुकककर उन्हें जानने की कोशिश नहीं करते। अभिनेत्री ने कहा, "मुंबई में इतनी सारी कहानियां हैं, जिनके बीच हम बड़े हुए हैं, लेकिन लोगों के साथ मैं इन्हें शेयर करना चाहती थीं।"
बेटी आलिया की फिल्म देख गदगद हुईं सोनी राजदान, डायरेक्टर श्रीति मुखर्जी को किया दिल से सलाम

अभिनेत्री आलिया भट्ट की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'डोंट बी शाय' शुक्रवार को ओटीटी पर प्रसारित हो गई है। आलिया भट्ट की मां और अभिनेत्री सोनी राजदान ने फिल्म की जमकर सराहना की। साथ ही, निर्देशक श्रीति मुखर्जी और डेब्यूडेंट को बधाई दी।
अभिनेत्री सोनी राजदान ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर स्क्रीनिंग की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "बधाई हो, ये एक शानदार फिल्म है और इसके साथ ही 5 नए टैलेंट ने इंडस्ट्री में कदम रखा है। श्रीति मुखर्जी को दिल से सलाम, दिल और पागलपन से भरी एक फिल्म बनाने के लिए। नए चेहरों की बेहद टैलेंटेड कास्ट ने इसे बखूबी निभाया है।"
इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री आलिया भट्ट प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया है। अभिनेत्री ने अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के बैनर तले फिल्म को रिलीज किया है।
श्रीति मुखर्जी द्वारा निर्देशित फिल्म में मुख्य रूप से चार नए कलाकारों आरुषि बजाज, अंश दुग्गल, बियांका अरोड़ा और पीयूष खाटी को लॉन्च किया गया है। इनके अलावा कुणाल रॉय कपूर, नेहा धूपिया और अनुराग बसु भी अहम भूमिकाओं में हैं
'लव एंड वॉर' में आलिया भट्ट का ग्लैमरस अवतार, सामने आया पहला पोस्टर

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है, लेकिन इस बार दोनों का अंदाज काफी अलग दिखाई देने वाला है। संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म 'लव एंड वॉर' को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। हाल ही में फिल्म से रणबीर कपूर का पहला लुक सामने आया था और अब मेकर्स ने आलिया भट्ट के किरदार की पहली झलक भी शेयर कर दी है। पोस्टर में आलिया बेहद ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रही हैं और उनका लुक पुराने दौर के कैबरे डांस की यादलाता है।
भंसाली प्रोडक्शंस ने इंस्टाग्राम पर आलिया भट्ट का पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में आलिया को वाइन रेड कलर की आउटफिट में दिखाया गया है। उन्होंने क्रॉप्ड ब्लाउज और फ्लोइंग स्कर्ट पहनी हुई है। उनके आउटफिट में फेडर्स भी लगे हुए हैं, जो उनके पूरे लुक कैबरे डांसर वाला अंदाज दे रहे हैं। आलिया पोस्टर में बैठी हुई नजर आ रही हैं और उनके पीछे रेड कलर के बड़े पर्दे दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही पीछे जगमगाती लाइट्स भी हैं, जिससे पूरा सेटअप डांस शो जैसा लग रहा है।
पोस्टर में आलिया का अंदाज 70 के दशक की मशहूर कैबरे डांसर हेलन की याद दिलाता है। उस दौर में हेलन अपने खास डांस नंबर और अलग अंदाज के लिए काफी मशहूर थीं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
