सिनेजीवन: सौरभ शुक्ला हुए डिंपल कपाड़िया के मुरीद और अप्रैल में ये फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार
सौरभ शुक्ला द्वारा निर्देशित फिल्म में पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। अब अप्रैल में भी बॉलीवुड दर्शकों के लिए कई बड़ी और रोचक फिल्में लेकर आ रहा है।

'जब खुली किताब' के बाद सौरभ शुक्ला हुए डिंपल कपाड़िया के मुरीद, हर निर्देशक से की ये अपील
रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'जब खुली किताब' ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है। यह फिल्म 50 साल की लंबी शादी के बाद तलाक लेने का फैसला करने वाले एक बुजुर्ग जोड़े की कहानी पर केंद्रित है। सौरभ शुक्ला द्वारा निर्देशित फिल्म में पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। कहानी उनके वैवाहिक जीवन के उन अनसुलझे रहस्यों को खोलकर रख देती है, जिन्हें उन्होंने इतने साल तक छिपाकर रखा था।
सौरभ ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पॉडकास्ट का एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने बताया कि कैसे फिल्म में डिंपल कपाड़िया को लेने का फैसला हुआ।
सौरभ कहते हैं, "मेरे पार्टनर नरेंद्र ने एक दिन मुझसे कहा कि ’सर, आपने डिंपल मैम के बारे में सोचा क्या?’ मैं उन्हें सिर्फ देखता रह गया। मैंने कहा, "तुम पागल हो गए हो क्या? वो तो बहुत बड़ी स्टार हैं। उनका इतना बड़ा काम है।"
सौरभ ने बताया कि उस समय डिंपल कपाड़िया क्रिस्टोफर नोलन की हॉलीवुड फिल्म 'टेनेट' करके लौटी थीं, जिस वजह से निर्देशक उन्हें अपनी फिल्म में लेने के लिए घबरा रहे थे। सौरभ ने बताया, "मैंने नरेंद्र से कहा कि भाई, मैं उनके पास नहीं जा सकता। वो बड़ी स्टार हैं, वो हमारी स्क्रिप्ट नहीं पढ़ेंगी और न ही काम करेंगी।" इसके बाद नरेंद्र ने सौरभ से कहा, "नहीं सर, स्क्रिप्ट भेज देते हैं।"
'धुरंधर' का रहा मार्च, अप्रैल में ये फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार

मार्च में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है और अच्छी कमाई कर रही है। आदित्य धर की फिल्म का विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी जलवा है। स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म अपने ओपनिंग वीकेंड पर विदेशों में सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म भी बन चुकी है। अब अप्रैल में भी बॉलीवुड दर्शकों के लिए कई बड़ी और रोचक फिल्में लेकर आ रहा है।
अप्रैल में हर जॉनर की फिल्म रिलीज होगी। इन फिल्मों में एक्शन, रोमांस, हॉरर-कॉमेडी और पीरियड-ड्रामा के साथ भरपूर मनोरंजन दर्शकों को मिलेगा। अप्रैल में रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट में 'आवारापन 2' के साथ ही सलमान खान, अक्षय कुमार की फिल्मों का भी नाम शामिल है।
‘आवारापन 2’ सिनेमाघरों में 3 अप्रैल को रिलीज होगी। साल 2007 की हिट फिल्म ‘आवारापन’ के सीक्वल में इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसमें इमोशन, एक्शन और प्यार से भरी कहानी दिखाई जाएगी।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल को थिएटर्स में रिलीज होगी। हॉरर-कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, राजपाल यादव और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में डर और हंसी का मजेदार कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा, जो कि टीजर के साथ सामने आ चुका है।
निखिल सिद्धार्थ स्टारर पीरियड एक्शन फिल्म ‘स्वयंभू’ 10 अप्रैल को रिलीज होगी। पहले यह 13 फरवरी को आने वाली थी, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन और वीएफएक्स के कारण तारीख बढ़ाई गई। मेकर्स के अनुसार फिल्म दो भागों में रिलीज की जाएगी।
अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत: ए लव स्टोरी’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में आएगी। प्यार और बदले के इर्द-गिर्द घूमती फिल्म एक्शन और रोमांस से भरी है।
सलमान खान की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस (पहले नाम बैटल ऑफ गलवान) की भी अप्रैल में रिलीज की चर्चा है। मेकर्स ने रिलीज डेट की अभी पुष्टि नहीं की है। यह फिल्म गलवान घाटी में भारत-चीन के बीच हुई वास्तविक लड़ाई पर आधारित है। इसमें भारतीय सैनिकों की बहादुरी दिखाई जाएगी। फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह लीड रोल में हैं।
मुंबई छोड़कर सुकून की तलाश में लोग, मिलिंद सोमन बोले- ज्यादातर लोगों को चाहिए शांत जगह

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता रहा है। जहां पहले लोगों का सपना मुंबई में आकर बसना होता था, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग शहर छोड़कर शांत और खुली जगहों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर कोविड के बाद यह बदलाव ज्यादा देखने को मिला है।
लोगों ने अपने जीवन में सेहत और पर्सनल स्पेस को ज्यादा महत्व देना शुरू किया। इसी बदलती सोच पर अभिनेता और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपनी राय रखी।
आईएएनएस से बात करते हुए मिलिंद सोमन ने कहा, ''आजकल बहुत से लोग मुंबई छोड़ना चाहते हैं क्योंकि उन्हें ज्यादा खुली और शांत जगह चाहिए। लोग अब भीड़-भाड़ से दूर जाकर ऐसी जगह रहना पसंद कर रहे हैं, जहां उन्हें गार्डन, पेड़-पौधे और सुकून भरा माहौल मिल सके। जिन लोगों के पास यह विकल्प है, वे शहर छोड़कर बाहर बसने का फैसला ले रहे हैं।''
मिलिंद ने आगे कहा, ''कई लोग अब जमीन खरीद रहे हैं और खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। यह सिर्फ रहने की जगह बदलने का मामला नहीं है, बल्कि एक नई लाइफस्टाइल अपनाने की कोशिश है। लोग अब भागदौड़ भरी जिंदगी से हटकर सरल और प्रकृति के करीब जीवन जीना चाहते हैं।''
दानिश पंडोर ने मुकेश छाबड़ा के लिए लिखा इमोशनल नोट, कहा—वह एक फोन कॉल हमेशा याद रहेगा

अभिनेता दानिश पंडोर इन दिनों स्पाई एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में उन्होंने उजैर बलोच का किरदार निभाया है, जो एक खूंखार, शांत और बहुत चालाक गैंगस्टर होता। फिल्म रिलीज होने के बाद दानिश पेंडोर की हर तरफ तारीफ हो रही है। लोग उनके अभिनय की खूब सराहना कर रहे हैं। फिल्म में दानिश को मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा लेकर आए थे।
मंगलवार को दानिश ने फिल्म में उन्हें चुनने वाले कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को धन्यवाद दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर मुकेश के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। इस पोस्ट के साथ दानिश ने लिखा, "मुकेश छाबड़ा भाई, आपका बहुत बहुत धन्यवाद कि आपने मुझ पर भरोसा करने और मुझे इस खास प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए चुना। यह एक 'फोन कॉल' और एक हां का 'जवाब' लंबे समय तक दिल में रहेगा।"
दानिश ने आगे लिखा, "मुझ पर मुझ पर विश्वास करने और मेरे लिए यह नया रास्ता खोलने के लिए शुक्रिया। इस मौके का मतलब सिर्फ एक रोल से कहीं ज्यादा था। मैं हमेशा आपका और आपकी पूरी टीम का आभारी रहूंगा। आपकी पूरी टीम को जादुई अनुभव देने के लिए दिल से धन्यवाद।"
दानिश के पोस्ट को हर कोई पसंद कर रहा है। फैंस के साथ साथ कई सेलेब्स और दानिश के इंडस्ट्री के दोस्तों ने प्रतिक्रिया दी।
विशाल जेठवा के अभिनय ने जीता दिल, मिला 'ब्रेकआउट परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर' का अवॉर्ड

अभिनेता विशाल जेठवा ने अपने शानदार अभिनय से हर किसी को प्रभावित किया है। फिर, चाहे फिल्म 'होमबाउंड' में चंदन कुमार का किरदार हो या फिर 'मर्दानी 2' में खूंखार विलेन का रोल, अभिनेता ने अपने हर रोल को इतनी सच्चाई से पर्दे पर उतारा कि हर कोई उनका कायल हो गया।
इसी कड़ी में उन्होंने खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। दरअसल, अभिनेता को हाल ही में हैलो! हॉल ऑफ फेम अवार्ड्स 2026 में विशाल जेठवा को 'ब्रेकआउट परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर' का प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिला है।
अभिनेता ने फैंस के साथ अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें अवॉर्ड लेते हुए उनकी मुस्कान और खुशी साफ झलक रही थी। अभिनेता ने लिखा, "'ब्रेकआउट परफॉर्मेंस ऑफ द ईयर।'
बता दें कि 'हैलो! हॉल ऑफ फेम अवार्ड्स 2026' भारत के सबसे प्रतिष्ठित ग्लैमर और उत्कृष्टता पुरस्कारों में से एक है, जो मनोरंजन, व्यवसाय और फैशन जगत की हस्तियों को सम्मानित करता है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia