सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

दिल्ली में जंतर-मंतर तक मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग की खबरों के बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। मशहूर रैपर बादशाह लोकप्रिय रैप शो हसल के पांचवें सीजन में वापसी करने के लिए तैयार हैं।

छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे
i

छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे, पूजा भट्ट से लेकर सोनाक्षी सिन्हा तक ने उठाई आवाज

सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

दिल्ली में जंतर-मंतर तक मार्च के दौरान छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग की खबरों के बीच बॉलीवुड के कई सितारों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। अभिनेत्री पूजा भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, अदिति राव हैदरी, जेनेलिया देशमुख समेत कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों की बात सुने जाने और उनकी चिंताओं का समाधान किए जाने की अपील की है।

 पूजा भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "जब पुलिस या कानून लागू करने वाली एजेंसियां छात्रों के खिलाफ आंसू गैस और लाठियों का इस्तेमाल करती हैं, तो यह सरकार द्वारा खुद को बचाने जैसा होता है। इसके बाद इस हिंसा को 'कानून व्यवस्था' जैसे शब्दों के पीछे छिपाकर सही ठहराया जाता है, क्योंकि विरोध की आवाज को दबाने से सत्ता में बैठे लोगों का अधिकार सुरक्षित रहता है।"

 वहीं, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "20 जुलाई... बहुत लोगों की हड्डियां टूटीं और एक पूरे देश का दिल टूटा। याद रखना।"

अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ने भी छात्रों के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। उन्होंने लिखा, "हम अपने देश के युवाओं के साथ एकजुटता से खड़े हैं। उनकी आवाज बिना किसी डर के, साफ और मजबूती से सुनी जानी चाहिए। युवा हमारे लोकतंत्र की धड़कन हैं और देश के भविष्य के असली निर्माता भी। आइए, उनकी बात सुनें, उनका साथ दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सशक्त बनाएं। हमारे युवाओं की ऊर्जा, साहस और सपने ही उस भारत का निर्माण करेंगे, जिसकी हम कल्पना करते हैं। जय हिंद।"

 अदिति राव हैदरी ने इस पूरे घटनाक्रम पर एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने लिखा, "किसी की भी राजनीतिक सोच अलग हो सकती है, लेकिन सबसे पहले इंसानियत को महत्व दिया जाना चाहिए। हमें अपने बहादुर छात्रों और अपनी बात रखने की कोशिश कर रहे हर व्यक्ति के लिए सम्मान, गरिमा और संवेदनशीलता से भरा सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना चाहिए। एक-दूसरे की बात सुनना ही सार्थक प्रगति की नींव है। हमारे छात्र ही हमारे देश का भविष्य हैं।"

'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी, बोले- सिर्फ एआई प्रॉम्प्ट से असली हुनर नहीं मिलता

सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

मशहूर रैपर बादशाह लोकप्रिय रैप शो हसल के पांचवें सीजन में वापसी करने के लिए तैयार हैं। इस सीजन में वे रैप सुप्रीमो के रूप में नजर आएंगे। 'हसल 5' के मेकर्स ने वीडियो के जरिए बादशाह की वापसी का ऐलान किया है।

 जारी किए गए वीडियो में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बना बादशाह का एक वर्जन खुद को सबसे बेहतरीन रैप सुप्रीमो बताता है। लेकिन तभी असली बादशाह आते हैं और दमदार अंदाज में कहते हैं, "सिर्फ प्रॉम्प्ट से यह नहीं हो पाएगा! 'हसल 5' गाइज, चलो इसे असली ही रहने देते हैं।"

 बादशाह ने बताया कि वे 'हसल' स्टेज के जरिए आने वाली पीढ़ी की निडर आवाजों की खोज में हैं। उन्होंने कहा, "मैं आने वाली पीढ़ी की निडर, कल्चरल रूप से सच्ची आवाजों को खोजने के लिए 'हसल 5' स्टेज पर वापसी करके काफी खुश हूं। मैं आपको 'हसल 5' के स्टेज पर मिलूंगा।"

 रैपर का मानना है कि टेक्नोलॉजी से हर चीज में बदलाव आ सकता है लेकिन एक कलाकार की नकल नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, "इमोशन, हिम्मत और सच्चाई एक कलाकार की असली पहचान है, जिसे न तो कोई बदल सकता है और न ही कॉपी कर सकता है। यही 'हसल' की जान है।"


भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंचे अनु मलिक, बोले-आप दोनों से मिलती है प्रेरणा

सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

मशहूर कंपोजर अनु मलिक ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को अपनी धुनों से कई यादगार गाने दिए हैं। वह अपनी संगीत प्रतिभा के साथ-साथ अपने मजाकिया अंदाज के लिए भी जाने जाते है। हाल ही में उन्होंने कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति, लेखक व होस्ट हर्ष लिंबाचिया के साथ हुई खास बातचीत का एक वीडियो शेयर किया। 

इस वीडियो में वह दोनों की जमकर तारीफ करते हुए कहते है कि आप मेरे अंदर की क्रिएटिविटी को बाहर लाते हैं।

दरअसल, यह वीडियो भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट का है, जिसमें अनु मलिक गेस्ट के तौर पर पहुंचे। इस वीडियो में वह दोनों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने भारती और हर्ष के छोटे बेटे काजू के लिए तुरंत एक गाना भी बना दिया, जिसे सुनकर सभी काफी खुश नजर आए।

वीडियो शेयर करते हुए अनु मलिक ने लिखा, ''हर्ष और भारती, आप दोनों सच में मेरे अंदर की क्रिएटिविटी को बाहर लाते हैं। तुरंत बनाया गया एक गाना हो या फिर हमारे बीच हुई बातचीत, मैंने आपके साथ बिताए हर पल का भरपूर आनंद लिया।''

'लॉक अप: सच या सजा' में धीरज धूपर पर लगा नियम तोड़ने का आरोप, रितेश देशमुख ने दी आखिरी चेतावनी

सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' के लोकप्रिय कंटेस्टेंट और अभिनेता धीरज धूपर उस वक्त चर्चा में आ गए, जब होस्ट रितेश देशमुख ने उनके परिवार पर शो के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। रितेश ने खुलासा किया कि धीरज के परिवार की ओर से कथित तौर पर शो के अंदर गेम से जुड़ी स्ट्रैटेजी वाली चिट भेजने की कोशिश की गई थी। उन्होंने इसे शो के नियमों के खिलाफ बताया और धीरज को सख्त चेतावनी भी दी।

 हालिया एपिसोड में रितेश देशमुख ने इस मामले को लेकर धीरज धूपर से सीधे सवाल किए। उन्होंने बताया कि शो के मेकर्स को कई बार इस बात की जानकारी मिली कि धीरज के परिवार की तरफ से हाथ से लिखे हुए छोटे नोट्स भेजने की कोशिश की जा रही थी। इन नोट्स में गेम को बेहतर तरीके से खेलने और जीतने की रणनीतियों से जुड़ी बातें लिखी हुई थीं। रितेश ने साफ किया कि 'लॉक अप: सच या सजा' जैसे रियलिटी शो में हर प्रतियोगी को अपना खेल खुद खेलना होता है और बाहर से किसी भी तरह की मदद लेना नियमों के खिलाफ है।

 धीरज से बात करते हुए रितेश ने कहा, "हम किसी भी परिवार के सदस्य को कंटेस्टेंट्स से मिलने की अनुमति नहीं देते। हालांकि, मानवीय आधार पर हमने आपके बेटे को आपसे मिलने की इजाजत दी थी। उस दिन भी आपके परिवार की तरफ से शो के अंदर चिट पहुंचाने की कोशिश की गई थी। हमने उस समय इस बात को ज्यादा तूल नहीं दिया और जाने दिया। लेकिन एक बार फिर आपके सामान के साथ आपके परिवार ने जीतने की स्ट्रैटेजी वाली चिट भेजने की कोशिश की।"

रितेश ने धीरज को समझाते हुए कहा, "शो में सभी कंटेस्टेंट्स को अपनी समझ, सोच और क्षमता के आधार पर गेम खुद खेलना होता है। किसी भी तरह की बाहरी मदद शो की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है। यह आपको आखिरी चेतावनी है, अगर भविष्य में इस तरह की कोई गलती दोहराई गई तो आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"


आनंद बख्शी की जयंती पर पोते आदित्य दत्त ने किया याद, पुरानी फैमिली फोटो शेयर कर लिखा नोट

सिनेजीवन: छात्रों के समर्थन में उतरे कई बॉलीवुड सितारे और 'हसल 5' में बादशाह की धमाकेदार वापसी

हिंदी सिनेमा के मशहूर गीतकार आनंद बख्शी की जयंती पर मंगलवार को उनके पोते और फिल्म निर्देशक आदित्य दत्त ने उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट साझा की।

आदित्य दत्त ने इंस्टाग्राम पर परिवार की एक पुरानी तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "नंबर 1 दादा आनंद बख्शी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपने मुझे सबसे बड़ी दुनिया दी और यह दुनिया इस तस्वीर में कैद है। आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे।"

आनंद बख्शी हिंदी फिल्म उद्योग के सबसे सफल गीतकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में 4,000 से अधिक गीत लिखे। उन्हें 40 बार फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया और चार बार सर्वश्रेष्ठ गीतकार का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला।

 रावलपिंडी (अब पाकिस्तान) में जन्मे आनंद बख्शी ने फिल्म जगत में आने से पहले रॉयल इंडियन नेवी में सेवा की थी। नौकरी के दौरान भी वे गीत और कविताएं लिखा करते थे। गीतकार बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी और मुंबई आ गए। शुरुआती दौर में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्हें पहला अवसर फिल्मकार भगवान दादा की फिल्म 'भला आदमी' में मिला, जिसके लिए उन्हें 150 रुपये पारिश्रमिक मिला था।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए