सिनेजीवन: शबाना आजमी ने शेयर की 'खास' तस्वीर और सतिंदर सरताज के फैन हुए सनी देओल
शबाना ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीर में रिश्तों और दोस्ती की एक सुंदर बॉन्डिंग देखने को मिल रही है। पंजाबी गायक सतिंदर सरताज की गायिकी की दीवानगी पूरे विश्व भर में देखने को मिलती है।

शबाना आजमी ने शेयर की 'खास' तस्वीर, दीया मिर्जा के नन्हे अव्यान ने लूटी महफिल
अभिनेत्री शबाना आजमी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। शनिवार को उन्होंने एक मजेदार तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने वहां मौजूद प्रभावशाली महिलाओं के बीच हुई बातचीत का जिक्र किया है।
शबाना ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीर में रिश्तों और दोस्ती की एक सुंदर बॉन्डिंग देखने को मिल रही है। तस्वीर में जहां आगे दीया मिर्जा अपने बेटे से बातचीत कर रही हैं, तो उसके पीछे ही शबाना अपनी दोस्त से बात कर रही हैं।
तस्वीर के बारे में बताते हुए अभिनेत्री ने लिखा, "एक बहुत ही खूबसूरत पल कैमरे में कैद हुआ। इस तस्वीर में अभिनेत्री दीया मिर्जा अपने नन्हे बेटे अव्यान के साथ नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरी ओर मैं और मशहूर फैशन डिजाइनर अनीता डोंगरे किसी गहरी और दिलचस्प चर्चा में डूबे हुए हैं।"
अभिनेत्री ने बताया कि यह केवल एक साधारण मुलाकात नहीं थी बल्कि, एक ऐसी मीट-अप था, जहां पर अलग-अलग क्षेत्रों की लगभग 30 प्रभावशाली महिलाओं ने शिरकत की। शबाना ने इस मुलाकात को 'बेहद प्यारी दोपहर' करार दिया। अभिनेत्री ने लिखा, "यह एक बहुत ही प्यारी दोपहर थी, जहां करीब 30 प्रभावशाली महिलाएं एक साथ आईं। स्वादिष्ट खाने के साथ सभी ने मिलकर जोश भरी और दिलचस्प बातचीत का आनंद लिया।"
सतिंदर सरताज के फैन हुए सनी देओल, ड्राइविंग के दौरान सुना यह मशहूर गाना

पंजाबी गायक सतिंदर सरताज की गायिकी की दीवानगी पूरे विश्व भर में देखने को मिलती है। फिल्म 'धुरंधर : द रिवेंज' में उनके गाने 'जाइए सजना' के बाद गायक की लोकप्रियता नए स्तर पर पहुंच गई। इस दीवानगी से सनी देओल भी खुद को बचा नहीं पाए हैं।
शनिवार को सनी देओल ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें सनी देओल को देखा जा सकता है कि वे गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं और खुली, शांत सड़कों पर लॉन्ग ड्राइव का आनंद ले रहे हैं। सनी के वीडियो की सबसे खास बात उनका बैकग्राउंड में चल रहा गाना है।
गाड़ी की इंफोटेनमेंट स्क्रीन पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि सनी देओल, सतिंदर सरताज का मशहूर पंजाबी गाना 'सजन राजी' सुन रहे हैं।
यह गाना सतिंदर के एल्बम 'हजारे वाला मुंडा' में शामिल है। यह गीत प्यार की कोमलता और गहराई को दर्शाता है, जिसमें प्रेमी कहता है कि अगर साजन (प्रेमी) राजी (मान) जाए, तो दुनिया के सामने शोर मचाने की जरूरत नहीं है।
ग्लोरी' के लिए पुलकित सम्राट ने 'असली चैंपियन' मैरी कॉम से ली प्रेरणा

अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों वेब सीरीज 'ग्लोरी' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस सीरीज में वे एक बॉक्सर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने हाल ही में आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि सीरीज में एक बॉक्सर के किरदार के लिए उन्होंने मैरी कॉम से प्रेरणा ली।
अभिनेता ने बताया कि असली ताकत मुश्किलों का सामना करने और विनम्रता बनाए रखने में होती है। उन्होंने मैरी कॉम का उदाहरण देते हुए कहा, "बॉक्सिंग की बात हो और मैरी कॉम का नाम न आए, ऐसा नहीं हो सकता। छह बार की वर्ल्ड चैंपियन होना कोई छोटी बात नहीं है। लोग सिर्फ क्वालिफाई करने के लिए अपनी पूरी जान लगा देत हैं और उन्होंने यह खिताब छह बार जीता है।"
पुलकित ने जोर देते हुए कहा कि सफलता के लिए कोई उम्र, लिंग या सामाजिक उम्मीदें कभी बाधा नहीं होतीं। पुलकित ने कहा, "मैरी कॉम ने अपनी काबिलियत के दम पर सभी को यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी सीमा आपको रोक नहीं सकती। एकमात्र रुकावट वो सीमाएं हैं जो आप खुद के लिए तय करते हैं।"
'मुंबई में हर कदम पर खलती है तुम्हारी कमी खलती है', गौहर खान ने बहन निगार को जन्मदिन पर किया याद

मशहूर टेलीविजन अभिनेत्री निगार खान शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर उनकी छोटी बहन गौहर खान ने सोशल मीडिया के जरिए बहन के प्रति प्यार जाहिर करते हुए एक बेहद इमोशनल पोस्ट किया।
गौहर ने इंस्टाग्राम पर निगार का मोंटाज वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दोनों बहनों के साथ बिताए गए पल शामिल हैं। इस वीडियो के साथ गौहर ने बहन के लिए नोट लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि वह मुंबई में अपनी बहन की कमी को हर कदम पर महसूस करती हैं।
गौहर ने अपनी ने लिखा, "मेरी प्यारी निक्स। मुझे समझ नहीं आता कि मैं मुंबई में तुम्हारे बिना कैसे रह रही हूं, जब भी मैं गाड़ी चलाती हूं, तो मुझे हमारे साथ में बिताए गए मस्ती भरे पल याद आते हैं। पानी-पूरी खाते वक्त या शॉपिंग करते वक्त मुझे हमेशा तुम्हारी कमी खलती है।"
गौहर ने मजाकिया अंदाज में बताया कि कैसे वे और निगार रेस्टोरेंट का बिल देने के लिए लड़ते रहते थे। उन्होंने लिखा, "सोचती हूं, कैसे हम टीनएज में हर बात पर लड़ते थे और फिर एक समय ऐसा आया कि तुम्हारे बिना जिंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकती।"
गौहर ने आगे लिखा, "मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। ये लिखते-लिखते मेरी आंखों में आंसू आ गए, क्योंकि तुम्हें सोचकर दिल भावनाओं से भर जाता है। ईश्वर की कृपा से मेरे पास सबसे अच्छे भाई-बहन हैं, लेकिन किसने सोचा था कि तुम ही मुझसे सबसे दूर रहोगी।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia