सिनेजीवन: शाहरुख ने पहले ही कर दी रणवीर के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी और अपारशक्ति का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज

क्या आप जानते हैं कि शाहरुख खान ने अभिनेता के अभिनय की परख पहली ही फिल्म में कर दी थी और उसी वक्त कह दिया था कि 'ये आ गया है, अब हमारा क्या होगा'? अभिनेता और गायक अपारशक्ति खुराना ने अपना नया रोमांटिक गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज कर दिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

जब शाहरुख खान ने पहले ही कर दी रणवीर सिंह के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी

यह कहना गलत नहीं होगा कि साल 2025 और 2026 रणवीर सिंह के नाम रहा। अभिनेता ने बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया। 

किसी ने नहीं सोचा था कि साल 2010 में यशराज फिल्म्स की फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से फिल्मी दुनिया में कदम रखने वाला बिट्टू शर्मा धुरंधर बनकर सिनेमा पर छाने वाला है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शाहरुख खान ने अभिनेता के अभिनय की परख पहली ही फिल्म में कर दी थी और उसी वक्त कह दिया था कि 'ये आ गया है, अब हमारा क्या होगा'?

रणवीर की इसी प्रतिभा को शाहरुख खान ने उनकी पहली फिल्म 'बैंड बाजा बारात' में ही पहचान लिया था। अभिनेता को पहली फिल्म में फिल्मफेयर के बेस्ट डेब्यू एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया था। स्टेज पर रणवीर किसी बच्चे की तरह अवॉर्ड लेते वक्त रोए थे और फिल्ममेकर यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा का दिल से धन्यवाद दिया था। अभिनेता के लिए यह बहुत बड़ी बात थी कि अवॉर्ड उन्हें शाहरुख खान के हाथों से मिला था। शाहरुख खान ने भरी स्टेज पर कहा था कि "तू क्यों हो रहा है? अब रोने का समय तो हमारा है क्योंकि हिंदी सिनेमा में तू जो आ गया है, अब पता नहीं, हमारा क्या होगा।"

'आचारी बा' में नीना गुप्ता के अभिनय की कायल हुईं हेमा मालिनी, सभी से की फिल्म देखने की अपील

सिनेजीवन: शाहरुख ने पहले ही कर दी रणवीर के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी और अपारशक्ति का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज

मथुरा की सांसद बनने के बाद बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी फिल्मों के बारे में  कम ही बात करती हैं, लेकिन अब उन्होंने ऐसी फिल्म की तारीफ की है जिसे पिछले साल ओटीटी पर रिलीज किया गया था। उन्होंने एक्ट्रेस नीना गुप्ता की फिल्म 'आचारी बा' की जमकर तारीफ की है और सभी से अपील है कि ऐसी प्रेरित करने वाली फिल्मों को जरूर देखें।

 हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया के जरिए बीते साल रिलीज हुई फिल्म 'आचारी बा' की तारीफ की। अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म की कहानी महिला के दृढ़ संकल्प और सशक्तीकरण का उदाहरण है और महिला के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर लिखा, "हाल ही में मैंने 'आचारी बा' देखी, जो एक महिला के दृढ़ संकल्प और सशक्तीकरण की दिल छू लेने वाली कहानी है। सरल और प्रभावशाली प्रस्तुति। मैं कलाकारों और टीम को अपनी शुभकामनाएं देती हूं। नीना गुप्ता ने शानदार अभिनय किया है और उनके साथ उनका प्यारा गोल्डन रिट्रीवर साथी था। यह फिल्म अवश्य देखने लायक है।"

'आचारी बा' 14 मार्च 2025 को होली के मौके पर ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो प्लस हॉटस्टार पर रिलीज की गई थी। फिल्म की कहानी को रिलीज के वक्त भी बहुत सराहना मिली थी, क्योंकि फिल्म में नीना गुप्ता ने तेज-तर्रार मंजू देवी से सीधी-साधी आचारी बेन का किरदार निभाया, जो अपनी पहचान के लिए बेटे तक को छोड़ने का फैसला लेती है।


अपारशक्ति खुराना का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज, महिमा मकवाना संग दिखी केमिस्ट्री

सिनेजीवन: शाहरुख ने पहले ही कर दी रणवीर के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी और अपारशक्ति का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज

अभिनेता और गायक अपारशक्ति खुराना ने अपना नया रोमांटिक गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज कर दिया है। इस गाने में अभिनेत्री महिमा मकवाना भी नजर आ रही हैं। गाने में दोनों की केमिस्ट्री स्क्रीन पर काफी पसंद की जा रही है।

हर जॉनर की फिल्मों में काम कर चुके अपारशक्ति खुराना फिल्मों में सहायक भूमिकाओं के लिए खासा मशहूर हैं, अब वह संगीत के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। वह एक्टिंग के साथ-साथ गायकी और गीत लेखन में भी काम कर रहे हैं।

यह गाना उनके नए ईपी ‘बिटवीन अस’ का हिस्सा है, जो अब स्पॉटिफाई, यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है। मेकर्स के अनुसार, ‘तेरे पीछे’ एक सुकून भरा, प्यार से ओत-प्रोत गाना है। इसमें प्यार की खूबसूरती और नाजुक भावनाओं को बहुत खूबसूरती से दर्शाया गया है। गाने की खास बात अपारशक्ति की मधुर आवाज और महिमा मकवाना की नेचुरल परफॉर्मेंस है, जो इसे और भी दिल को छू लेने वाला बनाती है।

अपारशक्ति खुराना ने गाने के बारे में बात करते हुए कहा, “‘तेरे पीछे’ मेरे सबसे खास गानों में से एक है। यह प्यार की तड़प और सुकून दोनों को महसूस कराता है। मैंने इसे साक्षी रट्टी और मीर देसाई के साथ मिलकर बनाया है। यह कविता और आधुनिक मधुर संगीत का सुंदर मेल है। मैं चाहता हूं कि लोग इसे अपने खास व्यक्ति के साथ सुनें और प्यार की खूबसूरती को गहराई के साथ महसूस करें।”

डेफ लेपर्ड के गानों पर झूम उठीं बॉलीवुड की 'डिंपल गर्ल' प्रीति जिंटा

सिनेजीवन: शाहरुख ने पहले ही कर दी रणवीर के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी और अपारशक्ति का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज

अभिनेत्री और पंजाब किंग्स की सह-मालिक प्रीति जिंटा इन दिनों भारत में ही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ रॉक बैंड डेफ लेपर्ड का लाइव कॉन्सर्ट देखा। अभिनेत्री ने इस इवेंट में शामिल होने का श्रेय अभिनेता डिनो मोरे को दिया।

प्रीति जिंटा ने अपने इंस्टाग्राम पर कॉन्सर्ट की तस्वीरें और वीडियोज शेयर किए। इसमें अभिनेत्री के दोस्त और अभिनेता डिनो मोरे भी नजर आ रहे हैं। प्रीति ने लिखा, "कभी-कभी आखिरी समय पर बने प्लान सच में कमाल के होते हैं। मेरे कॉन्सर्ट पार्टनर डिनो मोरिया को बहुत-बहुत धन्यवाद।"

उन्होंने बताया कि उन्हें इस कॉन्सर्ट में बहुत मजा आया। मुंबई की तेज गर्मी भी उनके जोश को कम नहीं कर पाई। पूरा अनुभव शानदार रहा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "सच कहूं तो मुझे सिर्फ चार गाने ही पता थे, लेकिन फिर भी मैं बहुत खुश होकर लौटी क्योंकि बैंड ने ठीक उन्हीं गानों को बजाया जिन्हें मैं जानती थी।"

प्रीति ने आगे लिखा कि ऐसे आखिरी समय के प्लान, सच्चे दोस्त जो हर वक्त साथ दें और एक जोरदार रॉक कॉन्सर्ट। ये सब मिलकर पुरानी यादों को ताजा कर देते हैं। उन्होंने खास तौर पर एक गाने का जिक्र किया। पोस्ट में पीएस लिखते हुए उन्होंने लिखा, "'पोर सम शुगर ऑन मी' वो गाना था जिसे मैं तब बार-बार सुनती थी जब पहली बार मुंबई आई थी। अब लगता है जैसे जिंदगी ने पूरा चक्कर लगाकर फिर उसी जगह आकर खड़ी हो गई हो।"


पिछली बार फाइनल में हारे थे, इस बार जीत पर है नजर : वरुण बडोला

सिनेजीवन: शाहरुख ने पहले ही कर दी रणवीर के बड़े स्टार बनने की भविष्यवाणी और अपारशक्ति का नया गाना ‘तेरे पीछे’ रिलीज

टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों के लिए क्रिकेट लीग 'एक्टर्स क्रिकेट बैश' होने जा रही है। यह लीग कलाकारों को क्रिकेट के प्रति जुनून दिखाने, फिटनेस बनाने और खेल भावाना को और भी बढ़ाने का बेहतरीन मंच है।

हाल ही में टेलीविजन इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता वरुण बडोला ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की और लीग के बारे में दिलचस्प बातें की। उन्होंने कहा कि जब खेल शुरू होता है, तो उसी के हिसाब से खेल के प्रवाह को समझने की कोशिश की जाती है।

उन्होंने पिछली बार के टूर्नामेंट को याद करते हुए कहा, "पिछली बार हम फिनाले में हार गए थे। इसलिए इस बार हम निश्चित रूप से जीतने की पूरी कोशिश करेंगे। आखिरकार, हम पेशेवर खिलाड़ी तो नहीं है। हमारा मुख्य काम तो अभिनय है लेकिन जब भी हमें शूटिंग से थोड़ा समय मिलता है और हम अपनी पसंद की चीज जैसे क्रिकेट खेलना चाहते हैं, तो हम उसमें अपना सब कुछ झोंक देते हैं। खासकर टीवी इंडस्ट्री में जहां शेड्यूल बहुत व्यस्त रहता है, तब यह और भी खास हो जाता है।"

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia