सिनेजीवन: बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक लेकर सोशल मीडिया पर छाईं शरवरी और अरशद वारसी ने राजुकमार हिरानी को लेकर रही बड़ी बात
शरवरी वाघ ने अपने बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक इंस्टाग्राम पर साझा की है। बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी और फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की जोड़ी ने मिलकर कई हिट फिल्में दी हैं।

राजकुमार हिरानी के साथ काम करना सौभाग्य की बात है: अरशद वारसी

बॉलीवुड अभिनेता अरशद वारसी और फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी की जोड़ी ने मिलकर कई हिट फिल्में दी हैं। अब एक बार फिर दोनों एक नए प्रोजेक्ट के जरिए साथ नजर आने वाले हैं। राजकुमार हिरानी डेब्यू सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' के जरिए ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। इसमें अरशद वारसी अहम भूमिका में हैं। इस बीच, उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में सीरीज में काम करने को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
आईएएनएस से बात करते हुए अरशद वारसी ने कहा, ''हर कलाकार की इच्छा होती है कि उसे राजकुमार हिरानी जैसे निर्देशक के साथ काम करने का मौका मिले। उनकी फिल्मों और कहानियों की अपनी अलग पहचान है, इसलिए उनके साथ काम करना किसी उपलब्धि से कम नहीं माना जाता। मेरा सौभाग्य है कि मुझे अब तक दो बार हिरानी के साथ काम करने का मौका मिला और अब मैं तीसरी बार भी उनके साथ काम कर रहा हूं। यह मेरे लिए खुशी और गर्व की बात है कि हिरानी लगातार मुझ पर भरोसा जताते रहे हैं।''
अरशद ने कहा, ''राजकुमार हिरानी ने मुझे हर बार अलग तरह के किरदार निभाने का मौका दिया है। एक अभिनेता के लिए सबसे बड़ी खुशी यही होती है कि उसे एक जैसे किरदारों तक सीमित न रखा जाए। वह हमेशा कुछ नया और चुनौतीपूर्ण करने के लिए प्रेरित करते हैं। मुझे अब तक उनके हर नए प्रोजेक्ट में अपनी अभिनय क्षमता का नया पक्ष दिखाने का अवसर मिलता रहा है। मुझे ऐसे किरदार निभाने में बेहद मजा आता है और मैं आगे भी हिरानी के साथ कई और प्रोजेक्ट्स पर काम करना चाहता हूं।''
बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक लेकर सोशल मीडिया पर छाईं शरवरी, बचपन की तस्वीर वाले केक ने खींचा ध्यान

सोशल मीडिया के जरिए सितारे अपने खास पलों को फैंस के साथ साझा करते हैं, ताकि वह उनसे जुड़े रह सकें। इस कड़ी में शरवरी वाघ ने अपने बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक इंस्टाग्राम पर साझा की है। तस्वीरों में वह काफी खुश नजर आ रही है। बता दें कि उनका बर्थडे 14 जून को होता है, लेकिन तस्वीरें उन्होंने मंगलवार को पोस्ट की।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट की तस्वीरों में शरवरी केक के साथ मुस्कुराते हुए पोज देती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान बर्थडे केक ने खींचा। दरअसल, इस केक पर उनका बचपन का एक फोटो लगाया गया था। इस फोटो में शरवरी को देख ऐसा लग रहा है कि वह उंगली दिखाकर किसी को डांट रही थीं। इस केक पर ऊपर की ओर लिखा है- 'बधाई नहीं, सिर्फ गिफ्ट'
वहीं एक और तस्वीर में मेज पर रखे कई केक नजर आ रहे हैं, जिसमें से एक उनके बचपन की फोटो वाला केक भी शामिल है। इसके अलावा, एक फोटो में शरवरी केक खाती भी नजर आ रही है। वहीं पोस्ट के आखिरी तस्वीर में उनके दोस्तों के साथ कुछ पुरानी यादों से भरी दो छोटी फोटो हैं।
इस पोस्ट के साथ कैप्शन में शरवरी ने लिखा, ''जन्मदिन पर मिले प्यार, शुभकामनाओं और आशीर्वाद को देखकर मन बहुत खुश है और मैं अभी भी उस प्यार को महसूस करके मुस्कुरा रही हूं। मैं इसके लिए बेहद आभारी हूं।''
जब अमृता राव ने ठुकराईं सलमान-रणबीर जैसे बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में, इस तरह बनाई इंडस्ट्री में अलग पहचान

बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता राव ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया लेकिन इस दौरान कुछ बड़े ऑफर भी ठुकराए। इनमें सलमान खान और रणबीर कपूर जैसे सुपरस्टार्स की फिल्में भी शामिल थीं। उन्होंने अपने दमदार अभिनय के दम पर बॉलीवुड में एक अलग पहचान बनाई।
अमृता राव का जन्म 7 जून 1981 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई मुंबई से की लेकिन मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में बढ़ती रुचि के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ दी। उन्होंने करियर की शुरुआत विज्ञापन और म्यूजिक वीडियो से की थी।
साल 2002 में अमृता ने फिल्म 'अब के बरस' से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी लेकिन उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इसके अलावा, वह 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' में भी नजर आईं। हालांकि, उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट 2003 में आई फिल्म 'इश्क विश्क' रही, जिसमें उनके साथ शाहिद कपूर थे। फिल्म हिट रही और अमृता रातोंरात दर्शकों की पसंदीदा अभिनेत्री बन गईं। इस फिल्म के लिए उन्हें आईफा स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी मिला।
सोहा अली खान ने बेटी को दिया बचपन का सबसे प्यारा खिलौना, बोलीं- 'वही खुशी देना चाहती हूं, जो मुझे मिली थी'

बचपन की यादें अक्सर किसी खास जगह, व्यक्ति या चीजों से जुड़ी होती हैं। कई बार एक मामूली सा खिलौना भी बच्चों की दुनिया का सबसे जरूरी हिस्सा बन जाता है। अभिनेत्री सोहा अली खान के पास भी ऐसा ही एक खिलौना था, जिससे उनकी बचपन की यादें जुड़ी हुई है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर फैंस को उस खिलौने को दिखाया। यह खिलौना एक टॉय डॉग है, जिसका नाम उन्होंने 'इलियट' रखा था। अब यही खिलौना उनकी बेटी इनाया नौमी खेमू के पास है।
सोहा ने वीडियो में बताया, ''गर्मियों की छुट्टियों की सबसे खूबसूरत यादें भाई सैफ अली खान और सबा अली खान पटौदी के साथ बिताए गए वे पल हैं, जब हम तीनों मिलकर इलियट को लेकर अलग-अलग कहानियां बनाया करते थे। एक व्यक्ति कहानी शुरू करता था, दूसरा उसे आगे बढ़ाता था और तीसरा उसमें कोई नया मोड़ जोड़ देता था। इस तरह हमारी कल्पनाओं में इलियट कभी दुनिया की सैर करता था, कभी किसी रहस्य को सुलझाता था और कभी नए दोस्तों से मिलता था।''
वीडियो में सोहा ने कहा, ''भाई सैफ खेल को और मजेदार बनाने के लिए घर के अलग-अलग हिस्सों में सुराग छिपा देते थे। वहीं बहन सबा खजाने तक पहुंचने के लिए नक्शा तैयार करती थीं और मैं इलियट को अपना साथी बनाकर उन सुरागों की तलाश करती थीं और रहस्यों को सुलझाने निकल पड़ती थीं। कई बार पूरा दिन ऐसे ही बीत जाता था और हमें समय का पता भी नहीं चलता था। इससे हमें खुशी मिली थी।''
'अलायंस' से रियलिटी शो होस्टिंग में डेब्यू करेंगे कुणाल खेमू, 26 जून से होगी स्ट्रीमिंग

बॉलीवुड अभिनेता कुणाल खेमू जल्द ही रियलिटी शो होस्ट के रूप में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। वह नई सीरीज़ "अलायंस" को होस्ट करेंगे, जो 26 जून से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
अलायंस', जॉन डी मोल द्वारा निर्मित और वैश्विक स्तर पर प्रशंसित टाल्पा स्टूडियोज के डच फॉर्मेट का पहला अंतरराष्ट्रीय रूपांतरण है। इस हिंदी रियलिटी शो को बनिजे एशिया ने प्रोड्यूस किया है।
इस रियलिटी शो में 16 प्रतियोगी शुरुआत में तो सहयोगी के रूप में प्रवेश करेंगे, लेकिन अंतिम पुरस्कार (विजेता ट्रॉफी) की इस होड़ में बदलती वफादारी, आपसी छल और रणनीतिक दांव-पेच हर गठबंधन की कड़ी परीक्षा लेंगे।
बनिजे एशिया के फाउंडर और ग्रुप सीईओ दीपक धर ने एक बयान में कहा, "शो का नाम देखते हुए, यह कहना सही होगा कि हम इस प्रोजेक्ट के लिए प्राइम वीडियो के साथ जुड़कर बहुत उत्साहित हैं। इस फॉर्मेट की जिस बात ने हमें आकर्षित किया, वह थी इसका विशाल पैमाना। इसके गेम्स बड़े और सिनेमैटिक हैं और ऐसे हैं, जो हमने पहले कभी नहीं किए।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
