सिनेजीवन: सोहा अली खान ने शेयर की प्रोटीन से भरपूर ओट्स रेसिपी और सलमान खान के बड़े फैन निकले ओरी
सोहा अली खान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे सुबह का हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर ओट्स बनाती दिख रही हैं। ओरी का कहना है कि सलमान खान ने उनके करियर के शुरुआती दिनों में मदद की थी।

सोहा अली खान ने शेयर की प्रोटीन से भरपूर ओट्स रेसिपी, कहा-सुबह के लिए बेस्ट है
अभिनेत्री सोहा अली खान नियमित फिटनेस और हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर खाने पर ज्यादा जोर देती हैं। सोमवार को अभिनेत्री ने प्रोटीन से भरपूर ओट्स की रेसिपी बताई और इसके खाने के फायदे पर भी जोर दिया।
सोहा अली खान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे सुबह का हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर ओट्स बनाती दिख रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि यह हेल्दी ब्रेकफास्ट महिलाओं के लिए पर्याप्त प्रोटीन का सोर्स भी हो सकता है। वीडियो में अभिनेत्री सोहा अली खान किचन में डिश बना रही हैं।
अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए इस बात पर भी जोर दिया कि प्रोटीन की आवश्यकता हर किसी को होती है। प्रोटीन सिर्फ जिम जाने वालों के लिए नहीं है। ये हर महिला के लिए बहुत जरूरी है। फिर भी हममें से कई भारतीय महिलाएं रोज पर्याप्त प्रोटीन नहीं ले पातीं।
सलमान खान के बड़े फैन निकले ओरी, बताया- बिस्तर के पास रखता हूं अभिनेता की तस्वीर

मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी इन दिनों लोकप्रिय स्टंट-आधारित रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' में नजर आ रहे हैं। शो में ओरी ने मजेदार खुलासा करते हुए बताया कि वे सोते समय सलमान खान की तस्वीर बिस्तर के पास रखते हैं।
ओरी का कहना है कि सलमान खान ने उनके करियर के शुरुआती दिनों में मदद की थी। शो के दौरान रोहित शेट्टी ने ओरी से पूछा, "मैंने सुना है कि तुम्हें पेंसिल से डर लगता है।"
डर को लेकर ओरी ने कहा, "हां, मुझे डर है कि अगर मैं पेंसिल से लिख रहा हूं और लिखते समय छींक आ गई, तो पेंसिल मेरी नाक में घुस जाएगी, दिमाग तक पहुंच जाएगी और मैं मर जाऊंगा।"
ओरी का ये डर सुनकर शो में मौजूद सभी कंटेस्टेंट हंसने लगे। हालांकि, इसके बाद बातचीत एक अलग मोड़ पर चली गई। एक कंटेस्टेंट ने ओरी की पोल खोलते हुए कहा, "सर, वह झूठ बोल रहा है। वह अपने बिस्तर के पास सबसे बड़े स्टार, सलमान खान की तस्वीर रखता है। वह पेंसिल से कैसे डर सकता है?”
इसे लेकर ओरी ने खुलासा करते हुए बताया कि सलमान खान उनके लिए कितने खास हैं। उन्होंने कहा, "मैं हर घर में और हर सफर में सलमान खान की फोटो अपने बिस्तर के पास रखता हूं और अगर मेरे आसपास तस्वीर नहीं है, तो मैं सोने से पहले उस चश्मे को लगाता हूं, जिसमें सलमान की तस्वीर दिखे, ताकि मैं उन्हें देख सकूं।"
'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' की रिलीज डेट का ऐलान, 28 अगस्त को प्राइम वीडियो पर होगी स्ट्रीम

वरुण सोबती स्टारर आगामी भारतीय इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म 'बबीता सिंह रिपोर्टिंग' के मेकर्स ने फिल्म की वैश्विक रिलीज का ऐलान किया है। यह फिल्म एक महिला पुलिसकर्मी (बेबी) की निजी जिंदगी और हत्या के एक पेचीदा मामले की जांच पर आधारित है।
प्राइम वीडियो ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म 28 अगस्त को हिंदी- इंग्लिश सबटाइटल्स के साथ पूरे भारत और दुनियाभर में प्रीमियर होगी।
इस फिल्म में निमिषा सजायन के रहस्यमयी किरदार और कहानी के बीच छिपे रोमांचक राज की देखने को मिलती है। यह सीरीज एक छोटे से भारतीय कस्बे पर आधारित है। कहानी सस्पेंडेट पुलिस ऑफिसर बबीता सिंह के ईर्द-गिर्द घूमती है, जिसे प्यार से 'बेबी' कहा जाता है। बबीता अपने बचपन की दोस्त के कत्ल की जांच करने निकलती है। जवाब ढूंढते-ढूंढते ये केस उसे एक ऐसी अनजानी यात्रा पर ले जाता है, जहां उसे खुद के बारे में भी बहुत कुछ पता चलता है।
इस फिल्म में निमिषा सजयन, वरुण सोबती और अंशुमान पुष्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह अमेजन प्राइम वीडियो पर 28 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
तमिलनाडु के उभरते गायकों को सामने लाएंगे ए. आर. रहमान, 18 अगस्त से शुरु 'तमिल आइडल' के ऑडिशन

ए. आर. रहमान की आवाज और संगीत ने दुनियाभर के करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बनाया है, लेकिन अब यही दिग्गज संगीतकार तमिलनाडु की उन नई आवाजों की तलाश में निकलने वाले हैं, जिन्हें अभी तक बड़ा मंच नहीं मिल पाया है। रहमान अब 'तमिल आइडल' के जरिए राज्य के अलग-अलग हिस्सों से उभरते गायकों को सामने लाने की तैयारी में हैं। शो के ऑडिशन 18 अगस्त से शुरू होंगे और इसके लिए तमिलनाडु के कोने-कोने से गायक आवेदन कर सकेंगे।
'तमिल आइडल' की घोषणा सोनी विज्हा ने की है। इस शो के जरिए उन लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जो गायकी में आगे बढ़ना चाहते हैं। ए. आर. रहमान खुद इस तलाश का हिस्सा होंगे, इसलिए नए कलाकारों के लिए यह मौका काफी खास माना जा रहा है। शो का मकसद सिर्फ एक विजेता तलाशना नहीं, बल्कि तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली ऐसी आवाजों को पहचानना है, जिनमें आगे चलकर बड़ा नाम बनने की क्षमता है।
शो को लेकर ए. आर. रहमान ने कहा, "नई आवाजों की तलाश संगीत की दुनिया का सबसे अहम हिस्सा है। जिन आवाजों को हम पहली बार सुनते हैं, उनमें से कई आगे चलकर लाखों लोगों तक पहुंचती हैं। इस सफर में नई प्रतिभाओं के साथ-साथ उनके अलग नजरिए और उनकी अनकही कहानियों को भी सामने लाने की कोशिश होगी। 'तमिल आइडल' के जरिए पहली बार तमिलनाडु की बेहतरीन आवाजों को एक मंच पर लाया जाएगा, जहां उनके हुनर को पहचान और सम्मान मिल सके।"
इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की फिर बनी जोड़ी, 21 साल बाद 'गनमास्टर जी9' में साथ लौटे आदित्य दत्त

इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की जोड़ी को याद करते ही 2000 के दशक का वह दौर याद आ जाता है, जब 'आशिक बनाया आपने' के गाने और इमरान का रोमांटिक अंदाज खूब चर्चा में था। अब करीब 21 साल बाद यह तिकड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। फिल्ममेकर आदित्य दत्त, अभिनेता इमरान हाशमी और संगीतकार-गायक हिमेश रेशमिया अब 'गनमास्टर जी9' लेकर पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं।
इस बार उनकी कहानी में सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि जबरदस्त एक्शन और संगीत का तड़का भी देखने को मिलेगा। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान कर दिया है।
इमरान हाशमी ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म की रिलीज तारीख की घोषणा की। उन्होंने फिल्म का पोस्टर वीडियो साझा करते हुए बताया कि 'गनमास्टर जी9' 27 नवंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
