सिनेजीवन: 'जन नायकन' लीक पर भड़के साउथ के सुपर स्टार्स और पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार पहुंचे प्रिंस नरूला
अभिनेता और फिल्म मेकर कमल हासन ने विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ के लीक होने पर गहरी नाराजगी जताई है। भारतीय मॉडल और टीवी के कई शोज को होस्ट कर चुके प्रिंस नरूला अपनी पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार में बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं।

'जन नायकन' लीक पर भड़के कमल हासन, बोले- पायरेसी सिस्टम की नाकामी का नतीजा, सर्टिफिकेशन में देरी ने दिया बढ़ावा
अभिनेता और फिल्म मेकर कमल हासन ने विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ के लीक होने पर गहरी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्होंने इस पायरेसी की घटना को सिस्टम की नाकामी करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि सर्टिफिकेशन में देरी ने इसे बढ़ावा दिया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि फिल्म का लीक होना कोई हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम की पूरी नाकामी का नतीजा है।
कमल हासन ने साफ कहा कि पायरेसी न केवल कलाकारों की मेहनत को चुराती है, बल्कि पूरे फिल्म इंडस्ट्री की आर्थिक नींव को भी कमजोर करती है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से तुरंत कार्रवाई की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
उन्होंने लिखा, “जननायकन का लीक होना कोई संयोग नहीं है। अगर सही प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती, तो हम इस स्थिति में नहीं होते। सर्टिफिकेशन में हुई अत्यधिक देरी ने पायरेसी के लिए माहौल तैयार कर दिया। जब कानूनी रास्ते बंद हो जाते हैं, तो गैर-कानूनी रास्ते हावी हो जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पायरेसी किसी राजनीति से ऊपर की बात है। यह सीधे कला और कलाकारों पर हमला है। पायरेसी सैकड़ों कलाकारों, टेक्नीशियनों की मेहनत और ईमानदारी से टैक्स देने वाले प्रोड्यूसर्स, एग्जिबिटर्स तथा थिएटर मालिकों के निवेश को खतरे में डालती है। ये सभी मिलकर उस सिनेमा को जिंदा रखते हैं जिसे हम सब प्यार करते हैं।
कमल हासन ने सिस्टम से सवाल भी किया। उन्होंने पूछा, “जब सिस्टम फेल हो जाता है, तो क्रिएटर्स की रक्षा कौन करता है?” उन्होंने जवाबदेही तय करने, सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को तेज करने, सख्त कानून बनाने और रियल-टाइम में अवैध कंटेंट हटाने की मांग की।
‘फिल्म को लीक होते देखना बहुत मुश्किल है...’ पूजा हेगड़े ने ‘जन नायकन’ पायरेसी पर जताया दुख

अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ के फुटेज के इंटरनेट पर लीक होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। फिल्म में विजय और पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं। पूजा ने कहा कि फिल्म को अपने सामने लीक होते देखना बहुत बुरा है। साथ ही उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे फिल्म का इंतजार करें और इसे सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर देखें।
पूजा हेगड़े ने बयान जारी करते हुए कहा, “मेरे प्यारे दर्शकों, एक फिल्म अनगिनत घंटों की मेहनत, क्रिएटिव रिस्क और पूरी टीम की निजी कुर्बानियों और मेहनत का नतीजा होती है। हमारी फिल्म को ऑनलाइन लीक होते देखना बहुत दुखद है। इसे लीक होते और गैर-कानूनी तरीके से शेयर होते देखना बहुत मुश्किल है। इससे सिर्फ कमाई का नुकसान नहीं होता, बल्कि हर कलाकार और टेक्नीशियन की मेहनत और इज्जत छीन ली जाती है। हम सभी इस बात के हकदार हैं कि विजय की आखिरी फिल्म को बड़े पर्दे पर सही तरीके से देखें और उसका जश्न मनाएं।”
उन्होंने दर्शकों से अनुरोध किया, “चलिए, थोड़ा इंतजार करते हैं। फिल्म सही समय पर रिलीज होगी। पायरेसी को बढ़ावा न दें। इसी तरह सिनेमा और कला जिंदा रहेंगे।”
'जय नायकन' के लीक पर विजय देवरकोंडा ने जताई नाराजगी, फिल्म को दिया अपना पूरा समर्थन

साउथ के सुपरस्टार थलपति विजय की सबसे चर्चित और अंतिम तमिल फिल्म 'जय नायकन' लीक के खिलाफ पूरा साउथ सिनेमा एकजुट हो गया है।
फिल्म के रिलीज से पहले ही लीक हो जाने को लेकर सभी का गुस्सा फूट रहा है। चिरंजीवी, कमल हासन, और रजनीकांत के बाद अब विजय देवरकोंडा ने गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने अपने साथ हुई घटना का भी जिक्र किया है।
विजय देवरकोंडा की फिल्म 'डियर कॉमरेड' भी रिलीज के एक बाद सोशल मीडिया पर लीक हो गई थी। इससे फिल्म के कनेक्शन पर बड़ा प्रभाव पड़ा था। अब उन्होंने थलपति विजय की फिल्म जय नायकन के लीक होने पर दुख और गुस्सा दोनों जाहिर किया है।
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जय नायकन के लीक से मुझे बहुत गुस्सा आ रहा है। अपने करियर की शुरुआत में ही मैंने इस तरह की घटना का दर्द और दुख झेला है। ऐसा लगता है जैसे आप निशाने पर हैं, उम्मीदें खत्म हो गई हैं। यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, बल्कि मेरे साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और कई अन्य लोगों के सपने भी दांव पर लगे हैं।"
ओटीटी पर रिलीज के लिए तैयार पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह', इस दिन होगी रिलीज

साउथ अभिनेता पवन कल्याण की बहु प्रतीक्षित फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। पहले कहा जा रहा था कि फिल्म 23 अप्रैल को ओटीटी पर रिलीज हो सकती है लेकिन अब मेकर्स ने फिल्म की आधिकारिक रिलीज की जानकारी दी है। फिल्म 16 अप्रैल को रिलीज की जाएगी।
फैंस काफी समय से उस्ताद भगत सिंह की डिजिटल रिलीज का इंतजार कर रहे थे। फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई थी। फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन धमाकेदार रहा और फिल्म ने पहले दिन 34.75 करोड़ रुपए का शानदार कलेक्शन किया था, लेकिन बढ़ते दिन के साथ फिल्म का कलेक्शन कम होता गया और फिल्म अपना बजट तक नहीं निकाल पाई। फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 96.36 करोड़ रुपए का कुल कलेक्शन किया,जबकि फिल्म का बजट 150 करोड़ रुपए था। रिलीज को अभी ठीक से एक महीना पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही मेकर्स ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को फिल्म के राइटर्स बेच दिए हैं और फिल्म 16 अप्रैल को अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होगी।
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर फिल्म को हिंदी, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और तमिल भाषा में देख सकेंगे। फिल्म की कहानी की बात करें तो फिल्म पवन कल्याण ने ऐसे पुलिसवाले का रोल प्ले किया है, जो निडर और साहसी है और हमेशा गलत के खिलाफ खड़ा है। फिल्म में एक्शन और इमोशनल दोनों है और अभिनेता 54 साल की उम्र में भी धमाकेदार एक्शन करते दिखे हैं।
'एक बिहारी सब पर भारी,' पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार पहुंचे प्रिंस नरूला

भारतीय मॉडल और टीवी के कई शोज को होस्ट कर चुके प्रिंस नरूला अपनी पत्नी युविका चौधरी के साथ बिहार में बच्चों का हौसला बढ़ाने पहुंचे हैं।
अभिनेता ने बिहार आने पर खुशी जाहिर की और बताया कि पहले की दुनिया में बिहार का विकास तेजी से हुआ है। वहीं युविका चौधरी का कहना है कि भारत में रहकर अगर बिहार नहीं आए तो जिंदगी में क्या किया।
अभिनेता प्रिंस नरूला ने अपने कार्यक्रम पर बात करते हुए आईएएनएस से कहा, “आज मैं छात्रों से मिलने के लिए मदर ग्रुप ऑफ एजुकेशन के कॉलेज आया हूं। इसके बाद मैं सीधे होटल वापस जाऊंगा और फिर रवाना हो जाऊंगा। यह मेरी पटना की दूसरी यात्रा है और मुझे यहां बहुत अच्छा लगता है क्योंकि यहां के लोग बहुत मिलनसार हैं और मुझे अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते हैं। मुझे यहां आकर हमेशा अच्छा लगता है।”
उन्होंने आगे कहा, "एक बिहारी सब पर भारी कहावत को ऐसे ही नहीं बना दिया है। अब आईपीएल ही देख लो। बिहार का एक खिलाड़ी सभी पर भारी पड़ रहा है। बिहारियों का अपना ही एक अंदाज और काम करने का तरीका होता है, जो उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाता है।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia