सिनेजीवन: 'लॉर्ड बॉबी' पर गर्व करते दिखे सनी देओल और लंबे शूटिंग शेड्यूल के बीच संगीत में सुकून ढूंढ रहे बाबिल खान
शुक्रवार को सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'बंदर' का टीजर साझा किया। दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे और अभिनेता बाबिल खान पिछले कुछ समय से लगातार अपने काम और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं।

'बंदर' का टीजर देख 'लॉर्ड बॉबी' पर गर्व करते दिखे सनी देओल, भतीजे करण बोले- 'आप कमाल लग रहे हो चाचा'
बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'बंदर' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई और फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर कोई बॉबी देओल के नए अवतार की तारीफ करता नजर आ रहा है। इसी बीच अब देओल परिवार की तरफ से भी खास प्रतिक्रिया सामने आई है। बॉबी देओल के भाई और अभिनेता सनी देओल, साथ ही उनके बेटे करण देओल ने भी 'बंदर' के टीजर को लेकर उत्साह जाहिर किया।
दरअसल, शुक्रवार को सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'बंदर' का टीजर साझा किया। टीजर शेयर करते हुए उन्होंने बेहद खास अंदाज में अपने छोटे भाई की तारीफ की। सनी देओल ने कैप्शन में लिखा, 'लुकिंग सो गुड माय लॉर्ड बॉबी।' सनी का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं, सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल ने भी अपने चाचा बॉबी देओल की तारीफ करते हुए इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीजर शेयर किया। करण ने लिखा, 'वाह!! 'बंदर' का बेसब्री से इंतजार है। बॉबी चाचा, आप कमाल लग रहे हो।' करण की इस प्रतिक्रिया ने भी फैंस का ध्यान खींचा।
लंबे शूटिंग शेड्यूल के बीच संगीत में सुकून ढूंढ रहे बाबिल खान, बोले- गिटार और गाने ही मुझे खुद से जोड़ते हैं

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे और अभिनेता बाबिल खान पिछले कुछ समय से लगातार अपने काम और निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। कम समय में ही उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली है। वह अक्सर अपनी भावनाओं और अनुभवों को खुलकर साझा करते रहते हैं। अब एक बार फिर बाबिल खान ने अपने काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाने के तरीके को लेकर दिल की बात साझा की है। उन्होंने बताया कि लंबे और थकाने वाले शूटिंग शेड्यूल के बीच संगीत ही उन्हें सुकून देता है।
दरअसल, बाबिल खान इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग में बिजी हैं। लगातार काम और लंबे शूटिंग के घंटों के बीच जब भी उन्हें थोड़ा खाली समय मिलता है, तो संगीत से खुद को जोड़ लेते हैं। बाबिल ने बताया कि वह अपने वैनिटी वैन में गिटार रखते हैं और शूटिंग के बीच मिलने वाले छोटे-छोटे पलों में गिटार बजाना और गाना गाना पसंद करते हैं। ऐसा करके उन्हें खुद से जुड़ाव महसूस होता है।
बाबिल खान ने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा, "जब भी मुझे काम के बीच थोड़ा समय मिलता है, तो मैं अपने आप संगीत की तरफ खिंचा चला जाता हूं। गिटार बजाना और गाना गाना मुझे हमेशा से पसंद रहा है। मेरे लिए यह मजेदार भी है और सुकून देने वाला भी। म्यूजिक मुझे अपने साथ कुछ समय बिताने का मौका देता है, और यही वजह है कि मैं शूटिंग के तनाव के बीच भी खुद को शांत और खुद से जुड़ा हुआ महसूस कर पाता हूं।"
90 की उम्र तक फिट रहना ही असली सुपरहीरो बनना है : जैकी श्रॉफ

बॉलीवुड के सीनियर अभिनेता जैकी श्रॉफ एक बार फिर अपनी आने वाली फिल्म 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का नाम जितना अलग है, उतनी ही इसकी कहानी भी एक नए और दिलचस्प अंदाज में पेश की जा रही है।
आमतौर पर सुपरहीरो वाली फिल्मों में ताकत, उडान और लड़ाई जैसे सीन्स देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार सुपरहीरो का मतलब लंबी उम्र तक फिट और खुशहाल तरीके से जीने को बताया गया है। इसी सोच को लेकर जैकी श्रॉफ ने फिल्म के प्रमोशन के दौरान अपने विचार साझा किए।
जैकी श्रॉफ ने कहा, "अगर कोई इंसान 80 या 90 साल की उम्र तक भी फिट, एक्टिव और मानसिक रूप से मजबूत रहता है, तो वही असली सुपरहीरो है। सुपरहीरो होने का मतलब सिर्फ स्क्रीन पर हीरो बनना नहीं है, बल्कि असल जिंदगी में खुद को इतना मजबूत बनाए रखना है कि उम्र भी आपको रोक न सके।"
उन्होंने कहा, ''बच्चों की कल्पना और उनके सपनों को हमेशा सबसे पहले रखा जाना चाहिए, क्योंकि वही भविष्य की दिशा तय करते हैं। फिल्म भी इसी सोच के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जहां बच्चों की दुनिया और उनकी कल्पना को अहमियत दी गई है।''
‘गुल्लक 5’ में अनंत वी. जोशी की एंट्री, अन्नू मिश्रा के किरदार में आएंगे नजर

दर्शकों के बेहद पसंदीदा ओटीटी शो ‘गुल्लक’ का पांचवां सीजन जल्द ही सोनी लीव पर स्ट्रीम होने वाला है। इस नए सीजन में खास किरदार नजर आएगा। मिश्रा परिवार के जाने-पहचाने किरदार अन्नू भैया की भूमिका में अनंत वी. जोशी नजर आएंगे।
‘गुल्लक’ के पांचवें सीजन में अनंत जोशी आनंद “अन्नू” मिश्रा के रूप में शामिल हुए हैं और दर्शक उनके अभिनय का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘गुल्लक’ अपनी सादगी, पारिवारिक प्यार और रोजमर्रा की जिंदगी की छोटी-छोटी घटनाओं के लिए मशहूर है। इस सीजन में मिश्रा निवास के दरवाजे फिर से खुल रहे हैं। शो में पुराने किरदारों के साथ एक नया चेहरा भी जुड़ रहा है। अनंत वी. जोशी अन्नू भैया के आकर्षण, मासूमियत और भावनात्मक जुड़ाव को आगे बढ़ाते नजर आएंगे।
इस सीरीज से जुड़ने पर अनंत वी. जोशी ने अपने विचार साझा करते हुए बताया, “गुल्लक हमेशा से मेरे दिल के बहुत करीब रहा है क्योंकि मिश्रा परिवार मुझे हमारे अपने परिवार की बहुत याद दिलाता है। उनकी गर्मजोशी, छोटे-छोटे पल, बातचीत और वह सादगी, जिससे वे लोगों के जीवन को छू जाते हैं, मुझे बेहद पसंद है। मैं लंबे समय से इस दुनिया का प्रशंसक रहा हूं, इसलिए अब इसका हिस्सा बनना सचमुच बहुत खास लग रहा है।”
मैं हमेशा अपने लिए तैयार होती हूं, किसी को इम्प्रेस करने के लिए नहीं : कृतिका कामरा

फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में फैशन सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं रह गया है बल्कि यह कलाकारों की पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है। हर इवेंट और फोटोशूट में सितारों का लुक चर्चा का विषय बन जाता है। ऐसे में कई बार यह सवाल भी उठता है कि कलाकार खुद के लिए तैयार होते हैं या फिर पब्लिक इमेज को ध्यान में रखकर। इसी मुद्दे पर अभिनेत्री कृतिका कामरा ने खुलकर अपनी राय रखी। आईएएनएस से बातचीत में कृतिका ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने लिए कपड़े पहने हैं और फैशन उनके लिए आत्मविश्वास और खुशी से जुड़ा हुआ है।
आईएएनएस से बात करते हुए कृतिका कामरा ने कहा, "मुझे बहुत जल्द ही यह समझ आ गई थी कि मुझे सजना-संवरना और फैशन काफी पसंद है। मैं खुद को अच्छा महसूस कराने के लिए तैयार होती हूं। अच्छे कपड़े पहनने और खुद को अच्छे तरीके से प्रेजेंट करने का असर मेरे पूरे दिन पर पड़ता है। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ता है और मैं अपने काम में ज्यादा सकारात्मक महसूस करती हूं।"
कृतिका कामरा ने आगे बताया, ''मैंने नई दिल्ली के एक डिजाइन स्कूल में फैशन कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। इसी वजह से मैं फैशन की दुनिया को एक अलग नजरिए से देखती हूं। मुझे यह जानने में दिलचस्पी रहती है कि किसी कपड़े को बनाने में कितनी मेहनत लगती है, किसी खास टेक्सटाइल को तैयार करने की प्रक्रिया क्या होती है और डिजाइनिंग के पीछे कितना काम छिपा होता है। जब इंसान किसी चीज की मेहनत को समझता है, तो उसके प्रति सम्मान भी बढ़ जाता है।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
