सिनेजीवन: रेखा के जन्मदिन पर इंडस्ट्री ने लुटाया प्यार और ऑरा वर्ल्ड टूर के लिए तैयार हैं दिलजीत दोसांझ
अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेत्री रेखा को जन्मदिन की बधाई दी। पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ अपने ऑरा वर्ल्ड टूर के लिए तैयार हैं।

रेखा के जन्मदिन पर इंडस्ट्री ने लुटाया प्यार, शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा-खूबसूरती और स्टाइल की मिसाल
हिंदी सिनेमा की सदाबहार अभिनेत्री रेखा शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर फिल्म इंडस्ट्री के उनके दोस्तों और चाहने वालों ने उन्हें जन्मदिन की ढ़ेर सारी शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए अपने शानदार पलों को भी याद किया।
अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेत्री रेखा को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिनेत्री की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। ये तस्वीरें उन कार्यक्रमों और फिल्मों की हैं जो दोनों ने साथ में की हैं।
उन्होंने अपनी इस पोस्ट के जरिए अभिनेत्री के बेहतर स्वास्थ और खुश रहने की कामना की। उन्होंने लिखा, "जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं और बहुत सारा प्यार। आप खूबसूरती और स्टाइल की मिसाल हैं। भगवान करे आप हमेशा स्वस्थ और खुश रहें।"
अभिनेता चंकी पांडे ने भी रेखा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अभिनेत्री की तस्वीर शेयर कर लिखा, "जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं रेखा जी।"
राजामौली के जन्मदिन पर महेश बाबू, जूनियर एनटीआर और रामचरण ने दी शुभकामनाएं

साउथ इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक एसएस राजामौली शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स ने न सिर्फ जन्मदिन की बधाई बल्कि, उनके लंबे स्वास्थ्य की कामना भी की।
अभिनेता महेश बाबू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निर्देशक की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह हंसते हुए नजर आ रहे हैं। महेश बाबू ने निर्देशक के साथ काम करने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "आपको अब तक का सबसे यादगार जन्मदिन मुबारक हो एसएस राजामौली सर। हम साथ में जिस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं वह जल्दी आए, क्योंकि अब मैं इसका और इंतजार नहीं कर सकता हूं।"
अभिनेता जूनियर एनटीआर ने फिल्ममेकर एसएस राजामौली को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह अपनी फिल्मों से लगातार एक नया मुकाम हासिल करते हैं और फिर खुद ही उसे पार कर जाते हैं।
ऑरा वर्ल्ड टूर के लिए तैयार हैं दिलजीत दोसांझ, पोस्ट से फैंस का बढ़ाया एक्साइटमेंट

पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ अपने ऑरा वर्ल्ड टूर के लिए तैयार हैं। शनिवार को अभिनेता ने अपने ऑरा वर्ल्ड टूर से पहले फैंस के लिए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया। अभिनेता ने इस पोस्ट के जरिए बताया कि कैसे देश का हर शहर उनका अपना बन गया, हर गली में एक कहानी थी और हर कोने में उनके लिए प्यार था।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने भारत के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म की गई अपनी तस्वीरें शेयर कीं और हर शहर को अपना घर बताया। अभिनेता ने लिखा, "प्यारे घर, याद है कैसे हर शहर उनका अपना बन गया था, हर गली में एक कहानी थी और हर कोने में उसके लिए थोड़ा प्यार इंतजार कर रहा था? क्या आप इसे फिर से महसूस करने के लिए तैयार हैं?"
दिलजीत का ऑरा वर्ल्ड टूर 1 नवंबर से दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम से शुरू होने वाला है। इस टूर में वही म्यूजिक, एनर्जी और धमाल देखने को मिलेगा, जिसके लिए दिलजीत के लाइव शोज जाने जाते हैं।
रकुलप्रीत सिंह के बर्थडे पर पति जैकी भगनानी ने लुटाया प्यार, कहा- तुम हो मेरी जिंदगी

अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह शनिवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उनके पति-प्रोड्यूसर जैकी भगनानी ने खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है।
जैकी ने इंस्टाग्राम पर रकुलप्रीत के साथ कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने अपने दिल की बात लिखी। उन्होंने लिखा, "तुम्हे देखकर आज भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाता, सोचता हूं कि मैं कितना खुशकिस्मत हूं ।मेरी ताकत, मेरी सबसे बड़ी सपोर्टर और मेरी जिंदगी के प्यार को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।तुम्हारी गर्मजोशी, तुम्हारी कभी खत्म न होने वाली एनर्जी और हमारे घर को सबसे खुशहाल जगह बनाने के लिए शुक्रिया। चलो, एक और साल साथ में सपने पूरे करते हैं और ढेर सारी खूबसूरत यादें बनाते हैं। आई लव यू।" जैकी के पोस्ट करने के बाद दोनों के इंडस्ट्री के दोस्त और फैंस भी रकुल को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं।
रकुल मुख्य रूप से साउथ और हिंदी सिनेमा में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। अभिनेत्री ने साल 2009 में कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद 2011 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहां वह पांचवें स्थान पर रहीं थी। इस प्रतियोगिता ने उन्हें बॉलीवुड में प्रवेश करने का मौका दिया। रकुल ने तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम कर अपनी पहचान बनाई।
'राइज एंड फॉल 2': बहस के बीच तेज प्रताप यादव ने शहजाद पूनावाला को दी चेतावनी

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' के आने वाले एपिसोड में तेज प्रताप यादव शहजाद पूनावाला के फैसले पर सवाल उठाते हुए नजर आएंगे।
कंटेस्टेंट गौतम गुलाटी ने बिना समय बर्बाद किए शहजाद को जलनखोर और इनसिक्योर बताया और तेज से कहा, "यह आपसे पंगा नहीं लेगा, आप मंत्री हैं न, तो यह आपके आगे-पीछे घूमेगा...यह झूठा है।"
जब स्वरा भास्कर ने शहजाद के फैसले को एक टेम्पररी अरेंजमेंट बताकर उसका साथ दिया, तो गौतम ने पलटवार करते हुए कहा, "मैं इस धंधे में बहुत पुराना हूं, मैनिपुलेशन समझता हूं।"
वहीं, जब आरोप खत्म होते दिख रहे थे, तभी तेज की एक रोमांटिक एंगल वाली बात ने आग में घी का काम किया। गौतम के "लड़की का चक्कर..." कहते ही बातचीत का रुख ही बदल गया।
गौतम ने सवाल किया कि उसे नीचे क्यों भेजा गया था और शहजाद की सफाई से मामला सुलझ नहीं पाया। जब तेज ने फिर से रोमांटिक एंगल की बात छेड़ी, तो शहजाद का पारा चढ़ गया। उन्होंने तेज को धक्का दिया और गुस्से में कहा, "बकवास मत करो यार तेज भाई, प्लीज। ये मत कहो कि किसी लड़की के चक्कर में ऐसा हुआ है, यार। क्या बोल रहे हो?"
तेज ने कड़े शब्दों में जवाब दिया, "मुझसे बदतमीजी मत करो... तुम ऐसी बात नहीं कर सकते... मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगा, प्रोडक्शन टीम को बुला लूंगा।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
