सिनेजीवन: फिल्म 'बंटवारा 1947' का शानदार ट्रेलर रिलीज और रेखा को मिलेगा आईएफएफएम में खास सम्मान
अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। मशहूर अभिनेत्री रेखा को 'भारतीय फिल्म ऑफ मेलबर्न 2026' में भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'बंटवारा 1947' का शानदार ट्रेलर रिलीज
अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया। इसमें भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद की घटनाओं को दिखाया गया है।
मेकर्स द्वारा जारी किए गए ट्रेलर देख प्रतीत होता है कि इसकी कहानी विभाजन के दौर की मानवीय संवेदनाओं और एक बुजुर्ग हिंदू महिला पर आधारित है, जो पाकिस्तान में अपना घर छोड़ने से इनकार कर देती है।
2 मिनट 59 सेकंड के ट्रेलर में भारत-पाकिस्तान बंटवारे में अपनों को छोड़े जाने के दर्द और इमोशंस देखने को मिलते हैं। ट्रेलर में सनी देओल एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाई गई है, जिसकी जिंदगी हिंसा, डर और जबरन पलायन की वजह से पूरी तरह बदल जाती है, लेकिन जीवन में इतने सारे अलगाव से बाद भी उसके अंदर की इंसानियत नहीं मिटती।
रेखा को मिलेगा आईएफएफएम में खास सम्मान, ‘उमराव जान’ की होगी स्पेशल स्क्रीनिंग

मशहूर अभिनेत्री रेखा को 'भारतीय फिल्म ऑफ मेलबर्न 2026' में भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। साथ ही, उनकी क्लासिक फिल्म 'उमराव जान' को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
यह फिल्म महान गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदर्शित की जाएगी। अभिनेत्री का कहना है कि फिल्म में उनके द्वारा निभाया गया किरदार उनकी यादों और चुप्पी में जिंदा है।
रेखा ने कहा, "उमराव जान ने मुझे कभी नहीं छोड़ा। वह मेरी यादों, खामोशियों और उन लोगों के दिलों में जिंदा है, जिन्होंने इतने सालों में उन्हें बहुत प्यार और अपनापन दिया। उस सफर को फिर से देखना और फिल्म को ग्लोबल मंच पर सेलिब्रेट करते देखना, विनम्र और दिल छूने वाला है।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "सिनेमा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है और 'आईएफएफएम 2026' में 'एक्सीलेंस इन सिनेमा अवॉर्ड' से सम्मानित होना खास है। मैं इस सम्मान को तहे दिल से स्वीकार करती हूं, ने सिर्फ अपनी यात्रा के पहचान के तौर पर, बल्कि उन फिल्ममेकर्स, लेखकों, म्यूजिशियंस और अनगिनत सहयोगियों को श्रद्धांजलि देने के तौर पर भी, जिन्होंने मेरी जिंदगी को बेहतर बनाया और मेरे काम को आकार दिया।"
जन्मदिन पर मिले प्यार से भावुक हुईं के. एस. चित्रा, कहा- 'आपका स्नेह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद'

भारतीय संगीत की दुनिया में अपनी शानदार गायकी से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली के. एस. चित्रा किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। कई दशकों से अपनी आवाज का जादू बिखेर रहीं चित्रा ने कई भारतीय भाषाओं में यादगार गाने दिए हैं। 27 जुलाई को उनके जन्मदिन के मौके पर देश-दुनियाभर से फैंस ने उन्हें ढेरों बधाइयां दीं। प्यार और सम्मान को देख वह भावुक हो गईं और उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सभी का दिल से धन्यवाद किया।
मशहूर गायिका के. एस. चित्रा ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उन्होंने जन्मदिन पर मिले प्यार, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए अपने फैंस, परिवार, दोस्तों और शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से लोगों की ओर से मिलने वाला प्यार और लगातार समर्थन उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशियों और आशीर्वादों में शामिल है।
चित्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। दुनिया भर से मिले जन्मदिन की शुभकामनाओं, आशीर्वाद, प्यार और प्रार्थनाओं के लिए मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करती हूं। आपका हर मैसेज, हर फोन कॉल और हर खूबसूरत शुभकामनाओं ने मेरे दिल को गहराई से छुआ है। आपका स्नेह मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।"
गायिका ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ''मैं अपने प्रशंसकों के साथ-साथ दोस्तों, परिवार, शुभचिंतकों और मीडिया से जुड़े लोगों का भी धन्यवाद करती हूं। इन सभी ने मेरे जन्मदिन को खास बना दिया। ईश्वर आप सभी को खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य, शांति और आनंद प्रदान करें। आप सभी के लिए ढेर सारा प्यार और आभार।''
असफलता भी सफलता का हिस्सा है, कोशिश करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए : आदिल हुसैन

थिएटर से लेकर बड़े पर्दे तक का सफर तय करने वाले अभिनेता आदिल हुसैन ने हमेशा अलग तरह के किरदारों को चुनने की कोशिश की है। हाल ही में अपनी फिल्म 'मैक्स, मिन और म्याऊजाकी' के प्रमोशन के दौरान आदिल हुसैन ने अपनी जिंदगी के उस पहलू पर बात की, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। उन्होंने बताया कि कैसे असफलताओं ने उन्हें टूटने के बजाय बेहतर इंसान और बेहतर कलाकार बनने में मदद की।
आईएएनएस से बात करते हुए आदिल हुसैन ने कहा, ''असफलता किसी इंसान की कमजोरी नहीं होती बल्कि यह इस बात का सबूत होती है कि उसने कुछ करने की कोशिश की है। जिंदगी में सबसे जरूरी बात यह है कि व्यक्ति वही काम करने की कोशिश करे, जिसे उसका दिल सच में करना चाहता है। अगर इंसान किसी सपने को पूरा करने के लिए ईमानदारी से मेहनत करता है, तो रास्ते में आने वाली परेशानियां भी उसे मजबूत बनाती हैं।''
अभिनेता ने कहा, ''बचपन से ही मेरा सपना अभिनेता बनने का था। जब मैं महज 14 साल का था, तभी से अभिनय को लेकर मेरे अंदर जुनून था। उस समय कई लोगों ने मेरी आलोचना की, मुझे समझाया और कुछ ने तो मुझे प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया लेकिन कभी भी मैंने अभिनय छोड़ने का नहीं सोचा। इस दौरान कई ऐसे लोग भी थे, जिन्होंने मेरा साथ दिया, मेरे काम को समझा और आगे बढ़ने का हौसला दिया।''
उन्होंने कहा, ''अगर मैंने शुरुआती आलोचनाओं को अपने दिल पर ले लिया होता और हार मान ली होती, तो शायद आज मैं यहां नहीं होता। किसी भी व्यक्ति के लिए जरूरी है कि वह अपनी पसंद के काम को पूरी लगन से करता रहे और असफलताओं को सीखने का जरिया बनाए।''
हॉरर फिल्म '418 द फिल्म की रिलीज टली, मेकर्स बोले-डर का दरवाजा अब थोड़ी देर से खुलेगा

साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक कीर्तन नाडगौड़ा की बहुप्रतीक्षित हॉरर फिल्म '418 द फिल्म' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। मंगलवार को मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया है।
मैथ्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया गया है। उन्होंने लिखा, "डर का दरवाजा अब थोड़ी देर से खुलेगा। '418 द फिल्म' अब 31 जुलाई को रिलीज नहीं होगी। नई रिलीज डेट की घोषणा जल्द ही की जाएगी। आपके धैर्य और प्यार के लिए दिल से धन्यवाद। हम वादा करते हैं कि आपके इस प्यार का जवाब भरपूर डर और रोमांच के साथ देंगे। यह इंतजार जरूर सफल होगा। हॉरर फिल्मों पर हंसना अब काफी हुआ, अब सच में डरने का समय आ गया है।"
मेकर्स ने इससे पहले मेकर्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म का ट्रेलर रिलीज के साथ रिलीज डेट की जानकारी दी थी। अब फिल्म की रिलीज भी आगे बढ़ाए जाने से उन फैंस को निराशा हुई है, जो 31 जुलाई को इसके सिनेमाघरों में आने का इंतजार कर रहे थे।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
