सिनेजीवन: 'अल्फा' का ट्रेलर रिलीज, आलिया भट्ट और बॉबी में होगी जंग और साक्षी ने करण जौहर के टॉक शो में खोला बड़ा राज
ट्रेलर 2 मिनट 33 सेकंड का है। इसमें एक्शन, सस्पेंस, इमोशन और दमदार विजुअल्स है। शो के दौरान साक्षी तंवर ने करण जौहर के साथ एक मजेदार किस्सा साझा किया।

'अल्फा' का ट्रेलर रिलीज: आलिया भट्ट और बॉबी देओल में होगी जंग, ऋतिक की एंट्री ने बढ़ाया रोमांच
यश राज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित स्पाई एक्शन फिल्म 'अल्फा' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी और अब ट्रेलर ने फिल्म की कहानी, किरदारों और एक्शन की झलक दिखाकर फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है।
ट्रेलर 2 मिनट 33 सेकंड का है। इसमें एक्शन, सस्पेंस, इमोशन और दमदार विजुअल्स है। इसके जरिए मेकर्स ने पहली बार फिल्म की कहानी को लेकर कई बड़े खुलासे भी किए गए हैं, जिनमें आलिया भट्ट के किरदार का बैकग्राउंड, बॉबी देओल का खतरनाक रोल और ऋतिक रोशन के कैमियो शामिल है।
ट्रेलर की बात करें, तो इसकी शुरुआत एक छोटी बच्ची से होती है, जिसका नाम बॉबी देओल सीता रखते हैं। बॉबी देओल का किरदार कहता है- 'इसकी मां का नाम जानकी था और हम इसे सीता बनावेंगे।' यह बच्ची आलिया भट्ट का किरदार है। इस दौरान उनकी एंट्री दिखाई जाती है और बैकग्राउंड में एक वॉयस चलती है, जिसमें आलिया कहती है- 'कहानी कुछ यूं है- एक राक्षस था। घमंड उसका शस्त्र है। वह धोखे से राज करता था और झूठ से जीतता था। एक दिन एक राजकुमारी को अपने घर ले गया। इतिहास जानता है कि उस कहानी का अंत कैसे हुआ। पर इस बार सीता आज लंका खुद जलाने आई है।'
साक्षी तंवर ने करण जौहर के टॉक शो में खोला बड़ा राज, बताया क्यों एकता कपूर को आया था गुस्सा

टीवी शो 'कहानी घर घर की' में अभिनेत्री साक्षी तंवर का पार्वती बहू वाला किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि लोग उन्हें असल जिंदगी में भी उसी छवि से देखने लगे थे। लेकिन असल जिंदगी में साक्षी डांस लवर हैं। इसका खुलासा उन्होंने मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर के टॉक शो 'कॉफी विद करण' में किया। साथ ही बताया कि आखिर क्यों उनसे प्रोड्यूसर एकता कपूर नाराज हो गई थीं।
शो के दौरान साक्षी तंवर ने करण जौहर के साथ एक मजेदार किस्सा साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि शो के एक सीन में उन्हें डांस करना था और वह उस समय पूरी तरह खुल गई थीं, जैसे वह किसी प्रोफेशनल डांसर की तरह नाच रही हों।
इस पर करण ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस सीन में साक्षी ने इतना अच्छा डांस किया कि वह मशहूर डांसर हेलेन की तरह नजर आने लगी थीं।
इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी तंवर ने कहा, ''मुझे डांस करना बेहद पसंद है। मेरे अंदर हमेशा से डांस को लेकर एक खास लगाव रहा है और मौका मिलते ही मैं खुद को रोक नहीं पाती। मुझे वह सीन आज भी अच्छी तरह याद है। शो की कहानी के अनुसार मेरे किरदार की बेटी जेल में होती है, लेकिन उसी समय घर में गरबा चल रहा होता है और माहौल पूरी तरह अलग होता है।''
हिना खान ने दिखाया अपना 'फूडी मोमेंट,' भाभी के हाथों बने बर्गर और सिंधी दाल पकवान की तस्वीरें शेयर की

टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री हिना खान ने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपने खास 'फूडी मोमेंट' को शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपनी भाभी नीलम द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की तस्वीरें पोस्ट कीं।
हिना खान ने जो तस्वीरें पोस्ट कीं, उनमें एक तस्वीर में घर पर तैयार किया गया चिकन बर्गर नजर आ रहा है। इस बर्गर की खास बात यह थी कि इसका बन और मेयोनेज भी घर पर ही बनाया गया था। तस्वीर पोस्ट करते हुए हिना ने लिखा, "चिकन, घर का बना बन, घर की बनी मेयो। धन्यवाद नीलम सिंह।"
इसके अलावा हिना खान ने एक और तस्वीर पोस्ट की, जिसमें पारंपरिक सिंधी व्यंजन 'दाल पकवान' दिखाई दिया। यह स्नैक भी उनकी भाभी नीलम ने ही तैयार किया था।
यह पहली बार नहीं है जब हिना खान ने अपनी भाभी की तारीफ की हो। इससे पहले भी वह कई बार बता चुकी हैं कि उनकी भाभी उनकी डाइट और खानपान का कितना ध्यान रखती हैं, खासकर तब जब वह शूटिंग में बेहद व्यस्त रहती हैं।
थाईलैंड वेकेशन पर मनीषा कोइराला, बैंकॉक में टुक-टुक राइड का लिया मजा

एक्ट्रेस मनीषा कोइराला इन दिनों थाईलैंड में छुट्टियां मना रही हैं। इस दौरान उन्होंने टुक-टुक की सवारी की, जिसकी तस्वीरें उन्होंने अपने फैंस के साथ भी शेयर की और कहा कि बैंकॉक में टुक-टुक की सवारी करके बहुत खुशी मिली।
मनीषा, जिन्होंने 1989 में 'फेरी भेटौला' से एक्टिंग की शुरुआत की थी, ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर टुक-टुक में बैठी हुई अपनी एक तस्वीर शेयर की। टुक-टुक तीन पहियों वाली एक मोटर वाली गाड़ी होती है। तस्वीर में एक्ट्रेस तैयार-सज-धजकर टुक-टुक की सवारी का मजा ले रही हैं।
नेपाली मूल की एक्ट्रेस मनीषा कोइराला को 1991 की बॉलीवुड फिल्म 'सौदागर' से पहचान मिली थी। उन्होंने लिखा: "बैंकॉक में टुक-टुक की सवारी और यह याद दिलाती है कि खुशी अक्सर सबसे सरल तरीकों से मिलती है।"
मनीषा कोइराला ने किसी शहर को उसकी सड़कों के जरिए जानने के बारे में एक गहरा मैसेज शेयर किया। उन्होंने कहा, "हवा, शोर, रंग, हलचल और यह आजादी कि पता नहीं अगले मोड़ पर क्या होगा। कुछ शहरों का असली अनुभव उनकी सड़कों से ही मिलता है, न कि सिर्फ उनके मशहूर जगहों से। बैंकॉक, तुम कभी निराश नहीं करते।"
जिंदगी तय शेड्यूल की तरह नहीं चलती, इसलिए खुद को दोष न दें : ईशा कोप्पिकर

साल के बीच का समय अक्सर लोगों के लिए आत्मचिंतन का समय लेकर आता है। जनवरी में बनाए गए नए साल के रेजोल्यूशन जब जून-जुलाई तक पूरे नहीं हो पाते, तो कई लोग खुद को असफल मानने लगते हैं। ऐसे में अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर लोगों को समझाया कि जीवन किसी तय शेड्यूल या चेकलिस्ट की तरह नहीं चलता, ऐसे में किसी भी तरह का अफसोस मनाना सही नहीं है।
वीडियो में ईशा कोप्पिकर कहती हैं, ''नए साल की शुरुआत में लोग बड़े सपने और बड़े लक्ष्य बनाते हैं, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है, कई चीजें बदल जाती हैं। कभी जिम जाना छूट जाता है, कभी काम की व्यस्तता बढ़ जाती है, तो कभी निजी जीवन में ऐसे बदलाव आ जाते हैं जिनका असर हमारे पूरे साल के प्लान पर पड़ता है। ऐसे में खुद को दोषी मानना सही नहीं है।''
ईशा ने कहा, ''कई लोग सोचते हैं कि उन्होंने आधा साल बर्बाद कर दिया है, क्योंकि वे अपने तय किए गए लक्ष्य पूरे नहीं कर पाए, लेकिन असली तरक्की हमेशा दिखाई नहीं देती। यह जरूरी नहीं कि सफलता केवल बड़े नतीजों से मापी जाए, बल्कि कई बार हम इस दौरान मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं, समझदार होते हैं और खुद को बेहतर तरीके से समझने लगते हैं। यह भी एक तरह की ग्रोथ है, जिसे लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।''
ईशा ने अपने वीडियो में कहा, ''कई बार लोग केवल इसलिए आगे बढ़ रहे होते हैं क्योंकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों को झेला होता है। अगर इस दौरान किसी ने खुद को संभाल लिया है, अपने जीवन में छोटे-छोटे सही फैसले लिए हैं या पहली बार खुद को प्राथमिकता दी है, तो यह भी एक बड़ी उपलब्धि है। लोगों को अपने अंदर इस बदलाव को पहचानना चाहिए और उसे कम नहीं आंकना चाहिए।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
