सिनेजीवन: जुबीन गर्ग को याद कर भावुक हुए विशाल ददलानी और वामशी पैडिपल्ली की फिल्म में दिखेंगे सलमान
म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी ने जुबीन गर्ग को याद करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं। सलमान खान ने वामशी पैडिपल्ली के साथ नए प्रोजेक्ट की शूटिंग की शुरुआत कर दी है।

जुबीन गर्ग को याद कर भावुक हुए विशाल ददलानी, बोले- 'उनके जैसा स्टारडम मैंने कभी नहीं देखा'

म्यूजिक की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो सिर्फ अपने गानों की वजह से नहीं बल्कि अपने व्यक्तित्व और अंदाज की वजह से हमेशा याद किए जाते हैं। भारतीय संगीत जगत में जुबीन गर्ग भी एक ऐसा ही नाम रहे हैं। अपनी अलग आवाज, और शानदार परफॉर्मेंस की वजह से उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके अचानक निधन ने फैंस को गहरा झटका दिया। आज भी उनके गाने और उनसे जुड़ी यादें लोगों को भावुक कर देती हैं। हाल ही में म्यूजिक रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के मंच पर भी कुछ ऐसा ही पल देखने को मिला, जब म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी ने जुबीन गर्ग को याद करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं।
शो के दौरान विशाल ददलानी ने जुबीन गर्ग को याद करते हुए कहा, ''वह सच में बेहद खास कलाकार थे। मैंने उनके जैसा स्टारडम कभी नहीं देखा। जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तभी से मैं जुबीन गर्ग को जानता था। उस समय जुबीन मेरे लिए एक प्रेरणा की तरह थे। कभी-कभी यह सोचकर बहुत बुरा लगता है कि अब जुबीन इस दुनिया में नहीं हैं। उनका जाना हमारे लिए एक निजी क्षति की तरह है।''
शो में जज के तौर पर मौजूद बादशाह ने भी विशाल की बात से सहमति जताई। बादशाह ने कहा, ''अगर किसी कलाकार को सही मायनों में 'इंडियन आइडल' कहा जा सकता है, तो वह जुबीन गर्ग हैं। जुबीन ने अपनी कला और अपने अंदाज से लोगों के दिलों में ऐसी जगह बनाई थी, जिसे भुलाना आसान नहीं है।''
वामशी पैडिपल्ली की फिल्म में दिखेंगे सलमान, नए प्रोजेक्ट का मुहूर्त वीडियो आउट

अभिनेता सलमान खान इन दिनों आगामी फिल्म मातृभूमि को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच, अभिनेता ने वामशी पैडिपल्ली के साथ नए प्रोजेक्ट की शूटिंग की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के मुहूर्त की कुछ झलकियां शेयर कीं।
अभी तक फिल्म के शीर्षक नहीं तय किया गया है, इसलिए इसे अस्थायी रूप से 'एसवीसी63' नाम दिया गया है।
सलमान ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के मुहूर्त की कुछ झलकियां शेयर कीं। अभिनेता द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में उनके साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा की सुपरस्टार नयनतारा भी नजर आ रही हैं। वीडियो में 'मुहूर्त' लिखे क्लैपबोर्ड के साथ ही सेट की कुछ रोमांचक फुटेज दिखाई गई हैं, जो यह स्पष्ट करती हैं कि फिल्म का काम पूरे जोर-शोर से शुरू हो चुका है।
अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए फैंस को थोड़ा आगे की सोचने और सब्र रखने की अपील की। उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा कि उन्हें और फैंस को इस फिल्म के लिए समान रूप से इंतजार करना होगा। अभिनेता ने लिखा, "थोड़ा दूर की सोचना चाहिए, इसलिए ईद की घोषणा कर दी…चिंता मत करो, इसका भी सही समय आने पर बता देंगे…धैर्य रखो, थोड़ा सा सब्र…तुम्हें भी उतना ही इंतज़ार करना पड़ेगा, जितना मैं कर रहा हूं…वैसे, तुम्हारा जो हाल है, वही मेरा भी हाल है।"
प्यार की धुन सुनाने आ गए सोनू निगम और सुनिधि चौहान, रिलीज हुआ कपिल शर्मा की फिल्म का नया गाना

मशहूर कामेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा आगामी कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'दादी की शादी' से धमाल मचाने को तैयार हैं। शुक्रवार को मेकर्स ने फिल्म का नया रोमांटिक सॉन्ग 'सुनो ना दिल' रिलीज कर दिया है।
मेकर्स ने गाने का क्लिप इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "जब हम प्यार में पड़ते हैं, तो सिर्फ अपने दिल की सुनते हैं। सोनू और सुनिधि हमें यही याद दिलाने आए हैं। 'सुनो ना दिल' गाना अब रिलीज हो चुका है।"
गाना इतना जबरदस्त है कि इसे फिल्म के सभी कलाकारों ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। 'सुनो ना दिल' एक मधुर और सुकून देने वाला गीत है, जो सीधे दिल को छूता है। गाने के बोल और संगीत को इस तरह पिरोया गया है कि हर किसी को प्यार के शुरुआती दिनों की याद दिला देगा। गाने में कपिल और मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री सादिया खातिब की शानदार केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।
इस गाने की सबसे बड़ी खासियत इसकी गायिकी है। गाने को भारतीय संगीत जगत के दो दिग्गज गायक सोनू निगम और गायिका सुनिधि चौहान ने मिलकर गाया है। लंबे समय बाद इन दोनों गायकों की जुगलबंदी एक रोमांटिक ट्रैक में सुनने को मिल रही है, जिसे सोशल मीडिया पर फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है।
वरुण धवन का 'बर्थडे जैम' आउट, हार्डी संधू की आवाज में रिलीज हुआ 'वाओ'

डेविड धवन ने लंबे अंतराल के बाद फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' से निर्देशन में वापसी की है। शुक्रवार को मेकर्स ने दर्शकों को सरप्राइज देते हुए फिल्म का नया गाना 'वाओ' रिलीज किया है।
दिलचस्प बात ये है कि इस गाने को बॉलीवुड स्टार वरुण धवन के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया, जिसे अभिनेता ने अपना बर्थडे जैम बताया है।
अभिनेता वरुण ने इंस्टाग्राम पर गाने का क्लिप पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, "मेरे जन्मदिन पर यह गाना रिलीज हुआ है और मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैं उन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने मेरे इस खास दिन को और भी यादगार बना दिया।"
यह गाना एक जबरदस्त डांस नंबर है, जिसे सुनते ही पैर थिरकने लगते हैं। गाने में वरुण धवन के साथ मृणाल और पूजा हेगड़े की शानदार केमिस्ट्री और डांस मूव्स देखने को मिल रहे हैं।
शानदार बीट्स से भरपूर गाने को पंजाबी सिंगर हार्डी संधू और किरण बाजवा ने अपनी आवाज दी है, जबकि तनिष्क बागची, रोनी अजनाली और गिल मछराई ने कंपोज किया है और रोनी और गिल ने इसके बोल लिखे हैं।
गृहणियों को 'घर का सुपरस्टार' मानते हैं अक्षय कुमार, उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने की मंशा

फिल्म इंडस्ट्री को हर जॉनर की एक से बढ़कर एक फिल्में देने वाले अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने क्विज रियलिटी शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के सेट पर गृहणियों पर फिल्म बनाने की मंशा जताई।
अक्षय कुमार ने गृहणियों को सम्मान देते हुए उन्हें 'घर का सुपरस्टार' का खिताब दिया। अभिनेता ने 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के सेट पर यह घोषणा की। अक्षय कुमार इस शो के होस्ट हैं। शो के दौरान सेट पर 'तुम हो ना' नामक दूसरे रियलिटी शो की प्रतियोगी अंकिता, पूजा और दिव्या भी मौजूद थीं। उन्होंने इन तीनों महिलाओं से बातचीत करते हुए अपनी फिल्म की परिकल्पना साझा की।
अक्षय ने कहा, "बहुत समय से मैं एक फिल्म बनाने की कोशिश कर रहा हूं। यह फिल्म महिलाओं पर आधारित होगी, जहां पूरी दुनिया उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। मेरे पास इसकी पूरी स्क्रिप्ट तैयार पड़ी है। बस मैं इंतजार कर रहा हूं कि कोई इस फिल्म को बनाने के लिए तैयार हो जाए।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia