सिनेजीवन: जब जॉनी लीवर के फ्रैंक से डर गए थे अनिल कपूर और दिशा पाटनी को आयशा श्रॉफ ने दी जन्मदिन की खास बधाई
कॉमेडियन जॉनी लीवर ने अभिनेता अनिल कपूर के साथ किए गए एक मजाक को लेकर खुलासा किया है। दिशा पाटनी के जन्मदिन पर आयशा श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाला संदेश साझा किया है।

जब जॉनी लीवर के फ्रैंक से डर गए थे अनिल कपूर
कॉमेडियन जॉनी लीवर ने अभिनेता अनिल कपूर के साथ किए गए एक मजाक को लेकर खुलासा किया है। जॉनी लीवर ने एक बार ऐसा मजाक किया कि अनिल कपूर बुरी तरह से घबरा गए थे।
"द कपिल शर्मा शो" में जब होस्ट कपिल शर्मा ने जॉनी लीवर से पूछा कि क्या उन्होंने कभी फोन पर किसी के साथ प्रैंक किया है, तो उन्होंने बताया कि फिल्म "तेजाब" की शूटिंग के दौरान उन्होंने एक बार अनुभवी एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा बनकर अनिल कपूर को फोन किया था।
उन्होंने फोन पर अनिल कपूर से कहा, "अनिल, कैसे हो? सब ठीक है? कहां हो? चलो शाम को मिलते हैं। ओह, तो तुम 'तेजाब' की शूटिंग के लिए आए हो, बहुत बढ़िया, बहुत बढ़िया। चलो शाम को मिलते हैं।"
इस बीच घबराए हुए अनिल कपूर बस "हां सर, हां सर" कह रहे थे। अनिल कपूर की ऐसी हालत देखकर जॉनी लीवर अपनी हंसी नहीं रोक पाए। फिर उन्होंने, अनिल कपूर को बताया कि वह शत्रुघ्न सिन्हा से नहीं बल्कि जॉनी लीवर से बात कर रहे थे, जिससे अनिल कपूर काफी नाराज हो गए थे।
'हैप्पीएस्ट बर्थडे डिशू', अभिनेत्री दिशा पाटनी को आयशा श्रॉफ ने दी जन्मदिन की खास बधाई

बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी शनिवार को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। उनका जन्म 13 जून 1992 को यूपी के बरेली में हुआ था। उनके जन्मदिन पर लोग शुभकामनाएं दे रहे हैं। टाइगर श्रॉफ की मां आयशा श्रॉफ ने अभिनेत्री को खास बधाई दी है।
दिशा पाटनी के जन्मदिन पर आयशा श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाला संदेश साझा किया है। दिशा के लिए अपना प्यार जाहिर करने के साथ-साथ, आयशा ने यह भी वादा किया कि वे दोनों साथ में और भी कई यात्राएं करेंगी।
टाइगर की मां ने इंस्टाग्राम पर एक्ट्रेस को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "हैप्पीएस्ट बर्थडे डिशू!!! भगवान तुम पर कृपा बनाए रखे!! दिशा पाटनी।" तस्वीरों में दोनों कैमरे के लिए पोज देते हुए मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। ये तस्वीरें उनके बीच के गहरे रिश्ते को बखूबी दिखाती हैं।
कमेंट सेक्शन में अभिनेत्री ने लिखा, "आउ, लव यू मेरी आंटी, मुझे हमारी साथ की यात्राएं याद आती हैं।" जवाब में आयशा ने कहा, "दिशा पाटनी चलो इस साल ऐसा बहुत कुछ करते हैं!!"
वरुण धवन ने बताया कि सारा अली खान से पहली मुलाकात का किस्सा

अभिनेता वरुण धवन ने खुलासा किया था कि उनकी पहली मुलाकात सारा अली खान से तब हुई थी, जब वह महज करीब 15 साल की थीं। यह किस्सा उन्होंने साल 2020 में फिल्म 'कुली नंबर 1' के प्रमोशन के दौरान 'द कपिल शर्मा शो' में साझा किया था।
शो में बातचीत के दौरान वरुण ने बताया कि उन्होंने सारा को पहली बार किशोरावस्था में देखा था और उसी समय उनकी मुलाकात हुई थी। बाद में दोनों ने फिल्म 'कुली नंबर 1' में पहली बार साथ काम किया।
वरुण ने यह किस्सा अपने शब्दों में सुनाया, "मेरी फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' रिलीज हो चुकी थी और मैं जिम गया था। चश्मा पहने एक लड़की फोन पर बात करते हुए इधर-उधर घूम रही थी। मैं लिफ्ट में जा रहा था और वह बाहर आ रही थी, लेकिन तभी वह अचानक मुड़ी और वापस लिफ्ट में आ गई। उसने मुझे घूरते हुए और साथ ही हंसते हुए किसी को फोन किया। मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह क्या करने की कोशिश कर रही थी।"
'मेरी मम्मी ने एक बेहतरीन फिल्म बनाई', 'लगान' के 25 वर्ष पूरे होने पर बोलीं इरा खान

अभिनेता आमिर खान की बेटी इरा खान ने अपनी मां रीना दत्ता पर गर्व जताया है। रीना दत्ता ने मशहूर फिल्म 'लगान' को प्रोड्यूस किया था। इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसे दोबारा रिलीज किया गया है।
आशुतोष गोवारिकर की डायरेक्ट की गई फिल्म में जब बड़ी स्क्रीन पर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर रीना दत्ता का नाम आया, तो इरा ने अपनी मां के लिए चीयर किया और लिखा, "मेरी मम्मा ने एक खूबसूरत फिल्म बनाई।
इरा, आमिर और रीना की बेटी हैं। वर्ष 1986 में आमिर और रीना की शादी हुई थी। 2002 में तलाक होने से पहले वे 16 साल तक साथ रहे। उनका एक बेटा भी है जिसका नाम जुनैद है। 2024 में जुनैद ने ओटीटी फिल्म "महाराज" से एक्टिंग में डेब्यू किया।
आमिर खान ने वर्ष 2005 में फिल्ममेकर किरण राव से शादी की और 2021 में आपसी सहमति से उनका तलाक हो गया। उनका एक बेटा है जिसका नाम आजाद राव खान है। आजाद 2011 में सरोगेसी से पैदा हुआ था।
मौजूदा वक्त में आमिर खान गौरी स्प्रैट के साथ रिलेशनशिप में हैं। उन्होंने 2025 में अपने रिश्ते की पुष्टि की और 5 जुलाई को दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं।
शादी सिर्फ प्यार से नहीं चलती, सोच और संस्कार का मेल भी जरूरी: पूनम ढिल्लों

राजीव खंडेलवाल के शो 'तुम हो ना' में बातचीत के दौरान एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों ने अपने संघर्षों और परवरिश से जुड़े अपने अनुभव शेयर किए। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता बेहद सख्त थे और उन्हें अपनी उम्र के लोगों से मिलने या डेट करने की इजाजत नहीं थी। उनका मानना है कि सख्त परवरिश अच्छी होती है, लेकिन आज के माता-पिता को बच्चों को खुद फैसले लेने और दुनिया को समझने का अवसर देना चाहिए।
अभिनेत्री के संघर्षों के बारे में राजीव ने पूछा "ऐसा लगता है जैसे सभी लड़कियों को आपसे प्रेरित होना चाहिए लेकिन जब भी कोई सार्वजनिक हस्ती यहां आती है, तो मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करता हूं कि लोग कम से कम इतना समझें कि हम सभी सामान्य इंसान हैं। हमारे पास भी चुनौतियां हैं और कभी-कभी शायद बड़ी चुनौतियां भी होती हैं क्योंकि हम सार्वजनिक सुर्खियों में रहते हैं।
इस पर पूनम ने कहा, "जब आप एक सेलिब्रिटी या पब्लिक फिगर होते हैं और सोमवार से शुक्रवार या सोमवार से रविवार तक काम करते हैं तो आपको बहुत कम लोगों से मिलने का मौका मिलता है। आधे लोग आपको ऐसे देखते हैं कि 'ये तो मेरी पसंद के बाहर है' और आधे लोग सोचते हैं 'फिल्मी सितारे'' ऐसे ही होते हैं।' दोनों स्थितियों में आपकी एक अलग छवि बन जाती है।'
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
