सिनेजीवन: जब दीपिका पादुकोण से लिफ्ट में मिले इंद्रजीत लंकेश और 'वेलकम टू द जंगल' को मिला-जुला रिस्पॉन्स
निर्देशक ने अपनी पहली मुलाकात का एक दिलचस्प किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, ''मेरी और दीपिका की पहली मुलाकात लिफ्ट में हुई थी। फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।

जब दीपिका पादुकोण से लिफ्ट में मिले इंद्रजीत लंकेश, सुनाया पहली मुलाकात का दिलचस्प किस्सा
निर्देशक इंद्रजीत लंकेश इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'जय हिंद जय सिंध' को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने आईएएनएस संग बातचीत में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के फिल्मी सफर की शुरुआत से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा की हैं। इंद्रजीत ने बताया कि जब वह अपनी कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' के लिए नई अभिनेत्री की तलाश कर रहे थे, तभी उनकी मुलाकात दीपिका से हुई थी। पहली ही मुलाकात में उन्हें यह एहसास हो गया था कि वह आगे चलकर बड़ी स्टार बनेंगी।
आईएएनएस से बात करते हुए इंद्रजीत लंकेश ने कहा, ''कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' के लिए मैं बिल्कुल नया चेहरा चाहता था। इसी दौरान किसी ने मुझे दीपिका पादुकोण के नाम का सुझाव दिया। जब मैं उनसे मिलने पहुंचा और बात की, तो मैंने फैसला कर लिया था कि वहीं मेरी फिल्म की लीड एक्ट्रेस होंगी।''
निर्देशक ने अपनी पहली मुलाकात का एक दिलचस्प किस्सा भी बताया। उन्होंने कहा, ''मेरी और दीपिका की पहली मुलाकात लिफ्ट में हुई थी। उस दौरान मैंने फिल्म की कहानी सुनानी शुरू कर दी। मैं कहानी की सिर्फ दो लाइन्स ही बता पाया था कि दीपिका ने तुरंत फिल्म के लिए हां कर दिया। दीपिका पहले से ही आत्मविश्वास से भरी हुई थीं। उन्हें केवल एक ऐसा माहौल देने की जरूरत थी, जहां वह बिना किसी डर और दबाव के अपना बेस्ट परफॉर्म कर सकें। मैंने सिर्फ इतना किया कि उनको खुलकर अभिनय करने का भरोसा दिया।''
'वेलकम टू द जंगल' को मिला-जुला रिस्पॉन्स; किसी ने कहा 'पैसा वसूल' तो किसी ने बताया 'पुरानी वेलकम बेहतर'

अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल और जैकी श्रॉफ जैसे कई बड़े सितारों से सजी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही है। किसी ने इसे शुरुआत से आखिर तक हंसाने वाली फिल्म बताया तो कुछ दर्शकों का मानना है कि यह मनोरंजक तो है लेकिन पहली 'वेलकम' जैसी बात इसमें नहीं है।
आईएएनएस से बात करते हुए एक दर्शक ने कहा, ''फिल्म में सभी कलाकारों ने अच्छा काम किया है लेकिन मुझे अक्षय कुमार की एक्टिंग सबसे ज्यादा पसंद आई। इसके अलावा, मुझे फिल्म का सेकंड हाफ ज्यादा मजेदार लगा। इतनी बड़ी स्टारकास्ट को एक साथ संभालना आसान नहीं होता लेकिन डायरेक्टर ने यह काम अच्छे तरीके से किया है। फिल्म मनोरंजन करने में सफल रही और मैं इसे पांच में से चार स्टार दूंगा।''
एक अन्य दर्शक ने कहा, ''मैं आज अपना जन्मदिन मनाने के लिए यह फिल्म देखने पहुंचा और फिल्म ने मुझे बिल्कुल भी निराश नहीं किया। पूरी फिल्म के दौरान मैं लगातार हंसता रहा। सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार पूरी ईमानदारी से निभाए हैं। यह पूरी तरह पैसा वसूल फिल्म है। मुझे खास तौर पर अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग सबसे ज्यादा बढ़िया लगी। फिल्म में सबसे ज्यादा हंसी उन्हीं के सीन पर आती है।''
एक और दर्शक ने कहा, ''फिल्म शुरू से लेकर आखिर तक मनोरंजन करती है। फिल्म देखने के दौरान बोरियत महसूस नहीं होती और कॉमेडी का सिलसिला लगातार चलता रहता है। यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे फैमिली के साथ बैठकर देखा जा सकता है।''
उर्मिला मातोंडकर ने लगभग ठुकरा दिया था 'छम्मा छम्मा' गाना, राजकुमार संतोषी के समझाने पर किया परफॉर्म

बॉलीवुड के कई ऐसे गाने हैं जो लोगों के दिलों में खास जगह बना लेता है। ऐसा ही एक गाना है फिल्म 'चाइना गेट' का मशहूर डांस नंबर 'छम्मा छम्मा', जिसे आज भी दर्शक बड़े चाव से सुनते और देखते हैं। इस गाने में अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर की परफॉर्मेंस को लोगों ने काफी पसंद किया था।
इस गाने को लेकर अब उर्मिला ने एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह इस गाने को करने के लिए शुरुआत में बिल्कुल भी तैयार नहीं थीं। उन्होंने इसके लिए लगभग मना कर दिया था।
दरअसल, उर्मिला मातोंडकर टीवी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के एक एपिसोड में स्पेशल गेस्ट के तौर पर शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने 'छम्मा छम्मा' गाने की शूटिंग के समय को याद किया और बताया, "जब मुझे फिल्म 'चाइना गेट' के इस गाने का ऑफर मिला और मुझे बताया गया कि यह निर्देशक राजकुमार संतोषी की फिल्म का गाना है, तो मैंने इसे करने के लिए लगभग मना कर दिया था, क्योंकि उस समय इंडस्ट्री में आइटम नंबर को लेकर एक अलग सोच थी, जिसके चलते मैं शुरुआत में इस गाने को करने में झिझक रही थी।"
'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन' का टीजर रिलीज, पेस्टिसाइड के खिलाफ कोर्ट में लड़ती दिखीं काजल अग्रवाल

सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्म 'द इंडिया स्टोरी: स्लो पॉइजन' लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है। इस टीजर में दिखाया गया है कि कैसे रोजमर्रा के खाने में मिल रहे जहर और पेस्टिसाइड्स की वजह से लोगों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ रहा है।
टीजर की शुरुआत ही एक बड़े विरोध-प्रदर्शन से होती है, जहां किसानों और आम लोग सड़कों पर उतरकर वकील अर्चना (काजल अग्रवाल) के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हैं। भीड़ उनकी गिरफ्तारी की मांग करती नजर आती है और गुस्से में उनके पोस्टरों पर कालिख पोतती है।
इसके बाद कोर्टरूम का सीन दिखाया जाता है। यहां श्रेयस तलपड़े के किरदार योगेश पांडे की याचिका पर सुनवाई होती है। योगेश का दावा करता है कि उसकी सात साल की बेटी की मौत कैंसर से हुई थी, लेकिन वह इसे हत्या करार देता है, क्योंकि मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, उसकी बेटी की मौत का कारण खाने-पीने की चीजों में मौजूद मिलावट थी। इसमें फल-सब्जियों, दूध और दही जैसी रोजमर्रा की चीजों में मिल चुके जहरीले तत्वों का जिक्र किया जाता है, जो धीरे-धीरे शरीर में गंभीर बीमारी पैदा कर रहे हैं।
'याद रखें, शादी दो लोगों के बीच होती है...', अंतरधार्मिक विवाह पर आदित्य पंचोली ने दिया बड़ा बयान

बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता आदित्य पंचोली एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस बार उन्होंने अलग-अलग धर्मों में होने वाली शादियों पर अपनी राय रखी। दरअसल, उन्होंने अभिनेता विंदू दारा सिंह के एक पुराना वीडियो सामने आने पर ये बयान दिया। इस वीडियो में विंदू ने अपनी निजी जिंदगी और शादी से जुड़े अनुभवों को साझा किया हुआ था।
आदित्य पंचोली ने अपने एक्स अकाउंट पर विंदू दारा सिंह का एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में विंदू अपनी पूर्व पत्नी फराह नाज के साथ अपने रिश्ते और शादी के अनुभव के बारे में बात करते नजर आते हैं। वीडियो में विंदू बताते हैं कि उनके पिता दारा सिंह ने उन्हें शादी से पहले यह चेतावनी दी थी कि फराह नाज मुस्लिम हैं और इससे आगे चलकर मुश्किलें आ सकती हैं।
इसी वीडियो में विंदू दारा सिंह आगे कहते हैं कि उन्होंने अपने पिता की बात को नजरअंदाज करते हुए फराह नाज से शादी की थी। लेकिन कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में दूरी आ गई और वे अलग हो गए।
विंदू ने बताया कि उनके रिश्ते के टूटने के पीछे कई कारण थे, जिनमें यह भी शामिल था कि फराह नाज अचानक ज्यादा धार्मिक हो गई थीं।
विंदू के इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य पंचोली ने लिखा, ''मुझे लगता है कि हिंदू और मुस्लिम शादियां चलती हैं। याद रखें, शादी दो लोगों के बीच होती है, धर्म के बीच नहीं।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
