सिनेजीवन: विजय के जन्मदिन पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी और संजय दत्त ने फादर्स डे पर बेटी त्रिशाला दत्त को दिया सरप्राइज
अभिनेता और राजनेता सी. जोसेफ विजय के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म जगत और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। संजय दत्त की बेटी ने न्यूयॉर्क से अपने पिता के साथ कई तस्वीरें शेयर कीं, जहां उन्होंने साथ में फादर्स डे मनाया।

विजय के जन्मदिन पर शुभकामनाओं का सिलसिला जारी, कमल हासन से लेकर राघव लॉरेंस तक ने दी बधाई
दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और राजनेता सी. जोसेफ विजय के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म जगत और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस कड़ी में निर्माता और सांसद कमल हासन, अभिनेता राघव लारेंस, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाइयां दी।
कमल हासन ने विजय को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स टाइमलाइन पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा, ''माननीय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, तमिलगा वेत्री कजगम के प्रमुख और मेरे प्यारे छोटे भाई विजय को जन्मदिन की मेरी हार्दिक शुभकामनाएं, जिन्होंने करोड़ों दिलों का प्यार जीता है।''
अभिनेता और निर्माता राघव लॉरेंस ने भी विजय के जन्मदिन पर एक खास पोस्ट किया और लिखा, ''हर साल मैं उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन इस बार यह अवसर और भी खास है। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई।''
शर्मिला टैगोर और अमृता सिंह की थिएटर में हुई मुलाकात, सारा अली खान ने कहा-"मेरी ओदजी लीजेंड्स"

अभिनेत्री सारा अली खान ने रविवार शाम अपने प्रशंसकों के साथ एक खास पारिवारिक पल साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक फोटो कोलाज पोस्ट किया है जिसमें उनकी दादी शर्मिला टैगोर और मां अमृता सिंह एक साथ नजर आ रही हैं।
सारा ने थिएटर की दो सेल्फी को एक कोलाज के रूप में साझा किया। एक तस्वीर में वह अपनी दादी शर्मिला टैगोर के साथ बैठी दिखाई दे रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह अपनी मां अमृता सिंह के साथ पोज देती नजर आ रही हैं।
तीनों ने एक थिएटर प्ले का आनंद लिया और साथ में आइसक्रीम का भी लुत्फ उठाया। तस्वीरें साझा करते हुए सारा ने लिखा, "मेरे असली दिग्गजों के साथ थिएटर का समय। नाटक तो अच्छा था लेकिन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता तो मेरे बगल में ही हैं।"
इन तस्वीरों ने शर्मिला टैगोर और उनकी पूर्व बहू अमृता सिंह की मुलाकात को भी खास बना दिया। ऑडिटोरियम में खींची गई इन तस्वीरों में तीनों सफेद रंग के कपड़ों में बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं।
संजय दत्त ने न्यूयॉर्क में फादर्स डे पर बेटी त्रिशाला दत्त को दिया खास सरप्राइज

बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस साल फादर्स डे के सेलिब्रेशन की झलक शेयर की है।
संजय दत्त की बेटी ने न्यूयॉर्क से अपने पिता के साथ कई तस्वीरें शेयर कीं, जहां उन्होंने साथ में फादर्स डे मनाया। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें शेयर करते हुए त्रिशाला ने कैप्शन दिया, "फादर्स डे वीकेंड।"
त्रिशाला द्वारा शेयर की गई तस्वीरों की सीरीज में पिता-बेटी की जोड़ी के साथ में अच्छा समय बिताते हुए कुछ अनकहे और प्यारे पल दिखे।
एक तस्वीर में संजय और त्रिशाला धूप वाले दिन बाहर पोज देते हुए दिखे, जबकि दूसरी तस्वीर में दोनों एक रेस्टोरेंट में साथ बैठे नजर आए। संजय ने काले रंग की पोल्का-डॉट वाली शर्ट पहनी थी, वहीं त्रिशाला शानदार फ्लोरल ऑफ-शोल्डर आउटफिट में बहुत खूबसूरत लग रही थीं। तीसरी तस्वीर में दोनों को रात के समय न्यूयॉर्क शहर की स्काईलाइन के बैकग्राउंड में पोज देते हुए दिखाया गया।
त्रिशाला ने अपनी सोशल मीडिया स्टोरी पर भी एक तस्वीर शेयर की और इसे "फादर्स डे का सबसे बेहतरीन सरप्राइज" बताया।
'अल्फा' के प्रमोशन के दौरान आलिया भट्ट ने इस एथलीट को गिफ्ट किया मोतीचूर लड्डू का डिब्बा, लोगों का खींचा ध्यान

अभिनेत्री आलिया भट्ट फिल्म 'अल्फा' में अपनी एक्शन अवतार को लेकर जमकर सुर्खियां बटोर रही हैं। इसके ट्रेलर को लोगों ने काफी पसंद किया। फिलहाल, वह फिल्म के प्रमोशन में जुटी हैं। इस बीच उन्होंने भारत के सबसे तेज धावक गुरिंदरवीर सिंह संग बातचीत की और मोतीचूर लड्डू का डिब्बा गिफ्ट किया।
बातचीत के दौरान आलिया ने गुरिंदरवीर से पूछा कि उन्होंने भारत के सबसे तेज एथलीट बनने का फैसला कब लिया। इस पर गुरिंदरवीर ने अपने बचपन की यादें साझा कीं और कहा, "बचपन में मैं अपने पिता की ट्रॉफियां और मेडल साफ किया करता था। उनकी एक फोटो भी थी, जिसमें वह जंप कर रहे हैं और वॉलीबॉल खेल रहे हैं। फिर मैंने उसैन बोल्ट का वर्ल्ड रिकॉर्ड देखा, जिसके बाद मैंने एथलीट बनने की ठान ली।"
उन्होंने कहा, ''लोगों ने मुझे बताया कि इस क्षेत्र में बहुत मेहनत लगती है और आसान नहीं है, लेकिन मैंने तय किया कि मैं इसके लिए कड़ी तैयारी करूंगा।''
मुझे महिलाओं का स्मोकिंग करना पसंद नहीं, किसी को कपड़ों से जज करना सही नहीं: शिल्पा शिंदे

आज के समय में 'फेमिनिज्म' शब्द लगातार चर्चा में रहता है। सोशल मीडिया से लेकर फिल्मों और इंटरव्यू तक, इसकी अलग-अलग परिभाषाएं देखने को मिलती हैं। इस बीच अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू के दौरान इस पर अपनी अलग राय पेश की है।
शिल्पा शिंदे ने कहा, "मेरा मानना है कि असली पहचान बाहरी दिखावे से नहीं आती, बल्कि आत्मविश्वास, मूल्यों और खुद को समझने की क्षमता से होती है। यह जरूरी नहीं है कि कोई महिला क्या पहन रही है या कैसे दिखती है, बल्कि यह ज्यादा महत्वपूर्ण है कि वह अपने जीवन को कितनी स्पष्टता से समझती है।"
इसी बातचीत में शिल्पा शिंदे ने खुद को 'थोड़ा पारंपरिक सोच वाली' बताया। उन्होंने कहा, ''यह मेरी निजी सोच है कि मुझे महिलाओं का धूम्रपान करना पसंद नहीं है। कई लोग धूम्रपान या लाइफस्टाइल को मॉर्डिनिटी से जोड़ देते हैं, लेकिन मैं इस विचार से सहमत नहीं हूं। किसी आदत को मॉर्डिनिटी का पैमाना नहीं माना जा सकता।''
शिल्पा शिंदे ने आगे कहा, ''मेरे लिए मॉर्डिनिटी का मतलब अलग है। सिर्फ धूम्रपान करना, शराब पीना या अलग तरह के कपड़े पहनना किसी को बोल्ड नहीं बनाता। असली बोल्डनेस वह है, जब कोई व्यक्ति अपने विचारों पर मजबूत हो, अपने फैसलों को समझता हो और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीता हो। बाहरी दिखावा और असली व्यक्तित्व दो अलग चीजें हैं, जिन्हें अक्सर लोग गलत तरीके से जोड़ देते हैं।''
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
