सिनेजीवन: 'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन और जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

सिंगर और म्यूजिक कंपोजर जुबीन गर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने अपने करियर में कई शानदार गाने गाए, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' आखिरकार बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है।

फोटो- सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन, संगीत जगत में शोक की लहर

सिंगर और म्यूजिक कंपोजर जुबीन गर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने अपने करियर में कई शानदार गाने गाए, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। उनकी आवाज में वो जादू था, जो हर किसी को अपना दीवाना बना देता था। उनके निधन की खबर से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 

 पूर्व सांसद और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हमारे सांस्कृतिक प्रतीक जुबीन गर्ग के असमय निधन से गहरा सदमा और शोक हुआ। उनकी आवाज, संगीत और अटूट जोश ने असम और उससे परे कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके परिवार, प्रशंसकों और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।"

 जुबीन गर्ग न सिर्फ बेहतरीन गायक थे, बल्कि अभिनेता, संगीतकार, निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक भी थे। असमिया संगीत जगत में उनका नाम काफी प्रभावशाली था। उन्होंने कन्नड़, कार्बी, मलयालम, मराठी, नेपाली, उड़िया, संस्कृत, सिंधी, तमिल, और तेलुगु समेत कई भाषाओं में संगीत दिया और फिल्मों में अभिनय किया।

'जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, अक्षय कुमार और अरशद वारसी की केमिस्ट्री को सराहा

सिनेजीवन: 'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन और जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' आखिरकार बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है और इसे देखने के बाद दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

 फिल्म की कहानी मुख्य रूप से किसानों के संघर्ष और उनके अधिकारों के लिए लड़ाई पर केंद्रित है।

 आईएएनएस से कई दर्शकों ने बात करते हुए फिल्म की सामाजिक प्रासंगिकता को सराहा और कहा कि फिल्म ने इस गंभीर विषय को प्रभावी तरीके से पेश किया है।

 अक्षय कुमार और अरशद वारसी दोनों की एक्टिंग को लोगों ने काफी पसंद किया। लोगों की मानें तो उन्हें अक्षय का रोल थोड़ा ज्यादा अहम नजर आया। इसके साथ ही फिल्म के निर्देशन को भी कई दर्शकों ने बेहतर बताया। कुछ लोगों ने महसूस किया कि फिल्म की एडिटिंग और रफ्तार थोड़ी कमजोर रही, जिससे पहला हिस्सा धीमा लगता है।


रोहित सराफ ने शेयर की 'पनवाड़ी' गाने की मजेदार बीटीएस झलकियां

सिनेजीवन: 'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन और जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

अपकमिंग फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। लेकिन, फिल्म के कुछ गाने लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। इसी बीच अभिनेता रोहित सराफ ने सोशल मीडिया पर बीटीएस तस्वीरें पोस्ट की।

अभिनेता रोहित सराफ ने इंस्टाग्राम पर 'पनवाड़ी' गाने की बीटीएस (बिहाइंड द सीन्स) तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट किए, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "पनवाड़ी बीटीएस।"

तस्वीरों पर नजर डालें तो पहली क्लिक में रोहित होली के गुलाल में रंगे मिरर सेल्फी लेते दिख रहे हैं। दूसरी तस्वीर में सान्या मल्होत्रा और जान्हवी कपूर होली के रंग में रंगी हुई पोज देती दिख रही हैं।

 तीसरी तस्वीर में रोहित फिर से सेल्फी मोड में हैं, उनके गालों पर गुलाल लगा हुआ है, जो उनके चेहरे को और भी निखार रहा है। बाकी तस्वीरों में पूरी यूनिट नजर आ रही है, जिसमें वरुण, जान्हवी, सान्या, और रोहित के साथ स्टाफ में शामिल लोग भी होली के रंग में डूबे नजर आते हैं।

किशोरावस्था की चुनौतियों पर अभिनेत्री कुशा कपिला ने की बात

सिनेजीवन: 'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन और जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

सोहा अली खान के पॉडकास्ट 'ऑल अबाउट हर' में अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला ने किशोरावस्था के दौरान लड़कियों को होने वाली भावनात्मक और शारीरिक चुनौतियों पर बात की।

कुशा कपिला ने कहा, ''प्यूबर्टी यानी किशोरावस्था का समय एक लड़की के लिए बेहद नाजुक होता है। यह वह समय होता है, जब उनका चेहरा, शरीर और पूरी बनावट बदलने लगती है। कोई लड़की अपने दोस्तों से पहले ही विकसित हो जाती है, तो कोई बाद में। इस असमानता की वजह से कई बार लड़कियों को शर्मिंदगी, असहजता या आत्मसंदेह महसूस होता है।''

उन्होंने साझा किया कि जब वह केवल 10 या 11 साल की थीं, तब उनका शरीर बाकी सहेलियों की तुलना में ज्यादा परिपक्व दिखने लगा था। इस कारण वे खुद को लेकर बहुत सतर्क रहने लगी थीं।


ग्रैमी विजेता गीतकार ब्रेट जेम्स का विमान दुर्घटना में निधन, संगीत जगत में शोक की लहर

सिनेजीवन: 'या अली' फेम सिंगर जुबीन गर्ग का निधन और जॉली एलएलबी 3' को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

 प्रसिद्ध गीतकार और ग्रैमी अवॉर्ड विजेता ब्रेट जेम्स का निधन विमान दुर्घटना में हो गया है। वह 57 वर्ष के थे और संगीत की दुनिया में अपनी खास पहचान बना चुके थे। 

ब्रेट जेम्स ने कई लोकप्रिय गाने लिखे। उनका जाना संगीत प्रेमियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी रचनाएं और योगदान संगीत की दुनिया में लंबे समय तक याद किए जाएंगे।

यह दुखद हादसा 18 सितंबर को नॉर्थ कैरोलाइना के फ्रैंकलिन इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि ब्रेट जेम्स जिस विमान में सफर कर रहे थे, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उस विमान में तीन लोग सवार थे और अफसोस की बात यह है कि हादसे में किसी की जान नहीं बच सकी।

ब्रेट जेम्स को कई पुरस्कार और सम्मान मिले थे। वे न सिर्फ एक प्रतिभाशाली गीतकार थे, बल्कि दूसरों को भी प्रोत्साहित करने में वह सबसे आगे थे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia