गुजरात चुनाव: पहले चरण के मतदान के लिए लोगों में भारी उत्साह

गुजारत विधानसभा चुनाव की 89 सीटों के लिए मतदान चल रहा है। मतदान के लिए लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बूथों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
i

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिणी क्षेत्रों के 19 जिलों की 89 सीटों पर मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया। पहले चरण में कच्छ, मोरबी, जामनगर, सुरेंद्र नगर, देवभूमि द्वारका, राजकोट, बटोद, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, गिर सोमनाथ, भावनगर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड जिलों में कुल 977 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इन 89 सीटों में से सत्तारूढ़ बीजेपी के के पास 67 और कांग्रेस के पास 16 सीट है। एक-एक सीट एनसीपी और जेडीयू के पास है जबकि बाकी बची दो सीट से निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे।

जूनागढ़ में अपना वोट डालने पहुंची बीजेपी नेता रेशमा पटेल का पाटीदारों के एक समूह ने विरोध किया।

क्रिकेटर चेतेश्वर पूजारा ने डाल वोट

कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने भी डाला अपना वोट

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने भरूच के अंकलेश्वर में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत तय है। पटेल ने दावा किया कि कांग्रेस इस चुनाव में 110 से ज्यादा सीट जीतेगी।

कांग्रेस नेता अर्जुन मोडवाडिया ने डाला वोट

भरूच में एक जोड़े ने शादी से पहले बूथ पर आकर डाला अपना वोट

मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और मतदान की प्रक्रिया शाम 5 बजे समाप्त होगी। कुल 24,689 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहे हैं। पहले चरण में कुल 2,12,31,652 मतदाताओं में से 1,11,05,933 पुरूष और 1,01,25,472 महिलाएं और 247 थर्ड जेंडर से हैं।

बीजेपी और कांग्रेस के नेता इस चुनाव में अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा कर रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की सीट पर भी इसी चरण में वोट डाले जा रहे हैं। वे राजकोट पश्चिम से मैदान में हैं। रूपाणी ने सुबह 9 बजे अपना वोट डाला। वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता शक्तिसिंह गोहिल कच्छ की मांडवी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। गोहिल ने कहा कि बीजेपी का गढ़ होने के बावजूद उन्होंने ये सीट चुनी क्योंकि चैलेंज लेना पसंद है। गोहिल ने दावा किया कि जीत हमारी होगी

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
अपना मतदान करते विजय रूपाणी 

मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करने की अपील की है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''मतदाताओं की भागीदारी लोकतंत्र की आत्मा होती है। गुजरात चुनाव में पहली बार वोट डाल रहे युवा साथियों का बहुत स्वागत और अभिनंदन। गुजरात की जनता से अपील है कि भारी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाएं।”

इससे पहले एक बयान में राहुल गांधी ने कहा था कि उन्हें पूरा विस्वास है कि गुजरात चुनाव में कांग्रेस की भारी जीत होगी। उन्होंने कहा, “यहां की बीजेपी सरकार के खिलाफ अंडकरंट है। वे लोग धन बल का उपयोग कर सकते हैं, वह काम नहीं आने वाला है।” राहुल ने कहा, “पिछले 3-34 महीने में गुजरात से जो प्यार मिला है उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा। मैं हमेशा यहां के लोगों की सेवा के लिए मौजूद रहूंगा।”

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण तहत के तहत मतदान 14 दिसंबर को होगा और सभी सीटों के परिणाम 18 दिसंबर को आएंगे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 09 Dec 2017, 10:33 AM