रोहित शर्मा ने सैकड़ा जड़कर तोड़ा सौरव गांगुली का रिकॉर्ड, ‘मैन ऑफ द मैच’ बने रोहित ने कही ये बात  

आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने पहले मैच में शतकीय पारी खेल भारत को बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ने कहा है कि उनकी कोशिश मुश्किल विकेट पर बेसिक्स पर बने रहने और साझेदारियां करने की थी।

फोटो: सोशल मीडिया 
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

आईसीसी विश्व कप-2019 के अपने पहले मैच में शतकीय पारी खेल भारत को बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से जीत दिलाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने कहा है कि उनकी कोशिश मुश्किल विकेट पर बेसिक्स पर बने रहने और साझेदारियां करने की थी।

रोहित शर्मा ने गेंदबाजों की मददगार पिच पर 144 गेंदों पर 13 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 122 रनों की पारी खेली। यह रोहित का विश्व कप में दूसरा शतक है। इस पारी के लिए रोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


मैच के बाद रोहित ने कहा, “इस पिच में गेंदबाजों के लिए कुछ था। मैं अपना स्वाभाविक खेल नहीं खेल सका। मुझे अपने शॉट्स खेलने में समय लगा। मुझे अपने कुछ शॉट्स भी रोकने पड़े। शुरुआत में मेरी कोशिश बॉल छोड़ने की थी। मैं अपने बेसिक्स पर बने रहना चाहता था और साझेदारियां करना चाहता था।” टीम के उप-कप्तान रोहित ने कहा कि टीम के हर बल्लेबाज का अपना काम है। किसी दिन कोई चलता है तो किसी कोई और।

रोहित शर्मा ने कहा, “सभी बल्लेबाजों की अपनी जिम्मेदारी है। हम किसी एक के भरोसे नहीं रहते। यही इस टीम की पहचान है। हमने ऐसा ही किया। यह बड़ा टूर्नामेंट है और कभी कोई आगे आएगा तो कभी कोई।”


रोहित ने इंग्लैंड के मौसम पर कहा, “हम इंग्लैंड में गर्मियों की शुरुआत में खेल रहे हैं। आज के पूरे दिन मौसम अच्छा था, ज्यादा पसीना नहीं आया। मुझे खेलने में मजा आया, हालांकि यह रोहित शर्मा की पहचान वाली पारी नहीं थी, लेकिन अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए इस तरह की बल्लेबाजी करनी पड़ी।”

दूसरी ओर रोहित शर्मा ने ना सिर्फ टीम इंडिया को जीत दिलाई बल्कि वनडे क्रिकेट में 23 शतक भी पूरे कर लिए। हिटमैन वनडे में 23 शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों में रोहित ने सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया। गांगुली ने वनडे क्रिकेट में 22 शतक जड़े थे। अब रोहित शर्मा से आगे केवल विराट कोहली (41) और सचिन तेंदुलकर (49) हैं।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia