'....कार्रवाई हो सकती है', DU के बाद JNU ने भी छात्रों को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध-प्रदर्शनों से दूर रहने को कहा
जेएनयू ने कहा, "कृपया सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें। नियमों का उल्लंघन करने पर लागू कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई और यूनिवर्सिटी की आचार संहिता के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।

पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन में जाने से छात्रों को रोकने के लिए दिल्ली के विश्वविद्यालयों द्वारा नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने भी अपने छात्रों और सदस्यों को जंतर-मंतर या उसके आसपास होने वाली सभाओं और विरोध प्रदर्शन में न शामिल होने की सलाह दी है। इसके साथ ही नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अपने छात्रों के नाम जेएनयू की चेतावनी
यूनिवर्सिटी ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा, "जेएनयू समुदाय के सभी सदस्यों को सलाह दी जाती है कि वे जिम्मेदारी से काम लें और अपनी निजी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सार्वजनिक प्रदर्शनों पर भारत के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, आपसे अनुरोध है कि आप जंतर-मंतर, नई दिल्ली या उसके आस-पास होने वाली सभाओं में शामिल होने या वहां जाने से बचें।"
विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया पर संयम बरतने की सलाह दी है। जेएनयू ने कहा, "कृपया सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करें। नियमों का उल्लंघन करने पर लागू कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई और यूनिवर्सिटी की आचार संहिता के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है। आपसे यह भी अपेक्षा की जाती है कि आप शैक्षणिक जिम्मेदारी और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को बनाए रखें।"
दिल्ली यूनिवर्सिटी का एक्स पर पोस्ट
इसके पहले गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने भी छात्रों को विरोध-प्रदर्शन में शामिल न होने की सलाह दी थी।
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, "छात्रों और फैकल्टी सदस्यों, आपकी सुरक्षा हमारे लिए महत्वपूर्ण है। कृपया ध्यान दें कि नई दिल्ली जंतर-मंतर पर किसी भी तरह की गैर-कानूनी सभा या प्रदर्शन पर भारत के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कड़े नियम लागू होने के कारण कानूनी कार्रवाई हो सकती है। ऐसी गतिविधियों से छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है और उनकी पढ़ाई-लिखाई की प्रगति और करियर के अवसरों पर भी बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए, सभी छात्रों से आग्रह है कि वे जंतर-मंतर से दूर रहें और अपनी सुरक्षा तथा कानून का पालन करने को प्राथमिकता दें। साथ ही, आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है क्योंकि स्थिति को भड़काने के लिए काफी मात्रा में नकली और गुमराह करने वाली जानकारी बनाई और फैलाई जा रही है।"
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हो रहे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय और संस्थाएं अपने छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से बचने की सलाह दे रही हैं।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
