BJP पर बरसे आदित्य ठाकरे, फडणवीस सरकार के इस फैसले को बताया ‘धूर्त और शर्मनाक’
शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे और पार्टी के युवा विंग के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे आरे कॉलोनी में पेड़ काटे जाने के सख्त खिलाफ हैं। एक के बाद एक कई ट्वीट कर उन्होंने पेड़ों की कटान पर महाराष्ट्र सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिवसेना के बीच ठन गई है। हालांकि, राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच गठबंधन है लेकिन कई ऐसे मुद्दे हैं जिस पर दोनों दलों की अलग राय है। यहां तक की शिवसेना के नेता कई मौकों पर फडणवीस सरकार और मोदी सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर भी दोनों में मतभेद है। शिवसेना आरे कॉलोनी से पेड़ काटे जाने के खिलाफ है, वहीं बीजेपी इसे बेहद जरूरी मान रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद जरूरी है और वो कई बार जता चुके हैं कि मुंबई के आरे में मेट्रो कार शेड हर हाल में बनेगा। इसके लिए उन्हें 2700 पेड़ काटे जाने पर भी कोई ऐतराज नहीं है। उनका मानना है कि क्योंकि ये वन क्षेत्र नहीं है ऐसे में पेड़ काटा जा सकता है।
वहीं शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे और पार्टी के युवा विंग के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे आरे कॉलोनी में पेड़ काटे जाने के सख्त खिलाफ हैं। वो महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं। एक के बाद एक कई ट्वीट कर उन्होंने पेड़ों की कटान पर महाराष्ट्र सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
आदित्य ठाकरे ने पेड़ों को काटने के विरोध में लिखा कि जिस तरह से मुंबई मेट्रो-3 के नाम पर पेड़ों को धूर्तता से काटा जा रहा है, वह शर्मनाक और गलत है। यह कैसा रहेगा अगर इन अधिकारियों की नियुक्ति पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कर दी जाए और वे पेड़ों की जगह आतंकी शिविरों को तबाह करें।
एक और ट्वीट में आदित्य ठाकरे ने लिखा कि बहुत से पर्यावरणविद् और शिवसेना के स्थानीय सदस्यों ने पेड़ों के काटे जाने का विरोध किया है। जिस तरह से वहां पुलिस मौजूद है, मुंबई मेट्रो-3 वह सबकुछ तबाह कर रही है, जिसे भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा है।
अपने अगले ट्वीट में आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह कोई आधार ही नहीं बनता केंद्र सरकार का मिनिस्ट्री ऑफ क्लाइमेट चेंज अस्तित्व में रहे, या प्लास्टिक पॉल्यूशन पर बोले। मुंबई-मेट्रो-3 अविवेकपूर्ण तरीके से क्षेत्र के इको सिस्टम को तबाह कर रही है। मुंबई मेट्रो-3 के अहम की लड़ाई इसके बनने के उद्देश्य को खत्म कर रही है।
बता दें कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई के आरे कॉलोनी को जंगल घोषित करने से इनकार कर दिया था। इस से संबंधित सभी याचिकाओं को कोर्ट ने खारिज कर दिया था। जिसके बाद शुक्रवार से पेड़ काटने का काम शुरू हो गया। जिसके कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी भी वहां पहुंच गए और मेट्रो रेल साइट पर जमकर नारेबाजी की।
आरे कॉलोनी में पेड़ काटे जाने का बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर, फिल्मकार ओनिर समेत कई बड़ी हस्तियां ट्विटर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं कई प्रर्यावरण प्रेमी सड़क पर उतर आए हैं। कई लोग ट्वीट कर रहे हैं। विरोध में लोग यह भी लिख रहे हैं कि आरे कॉलोनी को बर्बाद किया जा रहा है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
- Aditya Thackeray
- Bombay High Court
- देवेंद्र फड़णवीस सरकार
- Delhi Metro Parking
- शिवसेना की धमकी
- आदित्य ठाकरे
- बीजेपी-शिवसेना में दरार
- Aarey Colony
- Rift Between BJP And Shivsena
