अखिलेश का बीजेपी पर वार, कहा- जो लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं, वे देश की सीमा सुरक्षित नहीं कर पा रहे
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के एजेंडे में नौकरी नहीं है। युवा, किसान, व्यापारी.. हर वर्ग के लोग बीजेपी से नाराज हैं। जेन-जी और युवाओं के नौकरी और रोजगार की मांग को लेकर हो रहे आंदोलनों के बाद, वे सिर्फ उनका ध्यान भटकाने के लिए डिलिमिटेशन ला रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रस्तावित परिसीमन को लेकर आरोप लगाया कि बीजेपी बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्या और भर्ती परीक्षाओं को रद्द किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर परेशान जनता का ध्यान भटकाने के लिए परिसीमन विधेयक ला रही है।
संभल के बहजोई में सपा के राज्यसभा सांसद जावेद अली के बेटे के दावत ए वलीमा में शामिल होने आए अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘बीजेपी के लोग जानते हैं कि जनता उनसे दूर हो गई है। आज किसान खाद और डीएपी को लेकर के परेशान हैं। धान अगर पैदा हुआ, तो उसकी कीमत नहीं मिल रही है। व्यापारी दुखी हैं। युवाओं के हाथ में नौकरी नहीं।’’
अखिलेश यादव ने कहा कि ‘‘बीजेपी के एजेंडे में नौकरी नहीं है। जंतर-मंतर पर ‘जेन जी’ के आंदोलन से साफ है कि युवा, किसान, व्यापारी.. हर वर्ग के लोग बीजेपी से नाराज हैं। जेन-जी और युवाओं के नौकरी और रोज़गार की मांग को लेकर हो रहे आंदोलनों के बाद, वे सिर्फ़ उनका ध्यान भटकाने के लिए डिलिमिटेशन ला रहे हैं।’’
सपा प्रमुख ने कहा कि ‘‘जो लोग लोकसभा का क्षेत्रफल बदलना चाहते हैं, लोकसभा की दीवारें बदलना चाहते हैं, वे कम से कम देश की सीमाएं तो सुरक्षित रखें। ये लोकसभा की सीमाएं तो बदलना चाहते हैं, लेकिन देश की सीमा को सुरक्षित नहीं कर पा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह (परिसीमन) बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश का किसान, युवा और उत्तर प्रदेश का विकास प्राथमिकता में सबसे ऊपर होंगे। उन्होंने कहा कि हम गन्ने की कीमत भी बढ़ाएंगे और 24 घंटे के भीतर हम किसानों का भुगतान करेंगे। किसानों का कर्जा माफ होगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि अगर महिला आरक्षण में पिछड़ी महिलाओं और पीडीए महिलाओं को शामिल किया जाए तो हम समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के खिलाफ कोई भी नहीं है, लेकिन इसके साथ वे परिसीमन विधेयक ला रहे हैं और लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
