प्रियंका के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों से महिला कांग्रेस में उबाल, सोमवार को देश भर में दर्ज होगी एफआईआर

प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का कमान दिए जाने के बाद से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ चलाए जा रहे ‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’ से महिला कांग्रेस में सख्त नाराजगी है। कांग्रेस की महिला इकाई ने पूरे देश में सोमवार को एफआईआर दर्ज करवाने का फैसला लिया है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे 'दुर्भावनापूर्ण अभियान' को लेकर पार्टी की महिला इकाई अखिल भारतीय महिला कांग्रेस (एआईएमसी) में सख्त नाराजगी है। पूर्वी यूपी की कमान दिए जाने के बाद प्रियंका गांधी के खिलाफ की जा रही आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने बड़ी मुहिम चलाने का फैसला लेते हुए सोमवार को पूरे देश में एफआईआर दर्ज कराने का ऐलान किया है।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे ‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’ को लेकर उनका संगठन आगामी 4 फरवरी को दिल्ली और देश के अन्य प्रदेशों की राजधानियों में प्राथमिकी दर्ज कराएगा। उन्होंने बताया कि वह खुद 4 फरवरी को इस मामले में दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कराएंगी और संगठन की देश भर में मौजूद संगठन की कार्यकर्ता सभी प्रदेशों की राजधानियों में प्राथमिकी दर्ज कराएंगी।

सुष्मिता देव ने टि्वटर पर एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘यह दुखद है कि इन दिनों राजनीति में महिलाओं के साथ अच्छा बर्ताव नहीं होता है। जब से प्रियंका गांधी ने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया है, कई बीजेपी नेताओं ने अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। हमने उन्हें नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार दुर्भावनापूर्ण अभियान जारी है।"

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका के खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे दुर्भावनापूर्ण अभियान को महिला कांग्रेस ने बहुत ही गंभीरता से लिया है और महिला कांग्रेस सोमवार को उन तमाम नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगी, जिन्होंने प्रियंका के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की है। बता दें कि कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाई गईं प्रियंका गांधी सोमवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार संभालेंगी।

सुष्मिता देव ने कहा, "आज राजनीति में बहुत महिलाएं नहीं हैं, क्योंकि उन्हें इस तरह के उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। हमारा उद्देश्य केवल प्रियंका के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरुद्ध कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया या कहीं भी इस तरह के हमले की शिकार महिला के समर्थन में है।" देव ने कहा कि इसका उद्देश्य राजनीति को महिलाओं के लिए एक सुरक्षित जगह बनाना है।

गौरतलब है कि जब से प्रियंका गांधी ने आधिकारिक रूप से भारतीय राजनीती में कदम रखा है तभी से कुछ नेताओं द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिपण्णियों का दौर शुरू हो गया। यह पहला मामला नहीं है जब किसी राजनितिक महिला के खिलाफ विवादित टिपण्णी की गई हो। अभी कुछ दिन पहले ही बीजेपी के एक नेता ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसका काफी विरोध हुआ था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */