अरविंद केजरीवाल की मांग- भारत को अमेरिका से आयात पर अधिक शुल्क लगाना चाहिए, पीएम मोदी से पूछा- क्या हम कमजोर देश हैं?
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह फैसला भारत के किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। उन्होंने सरकार से अमेरिकी आयात पर अधिक शुल्क लगाने की मांग की।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को मांग की कि भारत को अमेरिका से आयात पर अधिक शुल्क लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस फैसले का समर्थन करेगा।
केजरीवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अमेरिका से आयातित कपास पर 11 प्रतिशत शुल्क माफ करने का फैसला किया है, जिससे यहां के स्थानीय किसानों का कारोबार प्रभावित हो सकता है।
इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आप प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह फैसला भारत के किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। उन्होंने सरकार से अमेरिकी आयात पर अधिक शुल्क लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘अन्य देश झुके नहीं। उन्होंने अधिक शुल्क लगाए। हमें भी अधिक शुल्क लगाने चाहिए। अगर अमेरिका 50 प्रतिशत शुल्क लगा रहा है, तो हमें इसे दोगुना करके 100 प्रतिशत कर देना चाहिए। पूरा देश इस फैसले का समर्थन करेगा। कोई भी देश भारत का विरोध नहीं कर सकता। हम 140 करोड़ लोगों की आबादी वाले देश हैं।’’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, "पिछले दिनों मोदी जी ने ट्रंप के दबाव में ये निर्णय लिया है कि अमेरिका से जो कपास भारत आता है अभी तक उसमें 11 % ड्यूटी लगती थी लेकिन अब ये 11 % ड्यूटी हटा दी गई है। और अब अमेरिका से आने वाली कपास पर कोई ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। ये ड्यूटी केवल 40 दिनों (19 अगस्त से 30 सितंबर तक) तक हटाई गई है। ये देश के किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। अब जो अमेरिका से कपास आएगी वो भारत के किसानों के कपास से सस्ती होगी। तो भारत के किसान कहां जाएंगे और किसानों का कपास कौन खरीदेगा।"
केजरीवाल ने कहा, " अमेरिका ने 50% टैरिफ भारत पर लगाया है। हमें भी कपास पर 11% से 50% टैरिफ कर देना चाहिए था दूसरों देशों ने यही किया। ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया तो हमें 100% टैरिफ लगा देना चाहिए था।" केजरीवाल ने पूछा, क्या हम कमजोर देश हैं?
पीटीआई के इनपुट के साथ