अहमद पटेल के निधन पर अशोक गहलोत ने जताया दुख, बोले- आज मैंने अपना एक करीबी दोस्त और विश्वसनीय साथी खोया

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने कहा "राजनीति से भी हटकर मेरे घनिष्ठ मित्र अहमद भाई के देहांत से मुझे गहरा आघात लगा। उनका इस तरह जाना मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है। आज मैंने अपना एक करीबी दोस्त और विश्वसनीय साथी खोया है।"

फोटो : सोशल मीडिया
i
user

रवि प्रकाश @raviprakash24

google_preferred_badge

कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल नहीं रहे। आज (बुधवार) सुबह 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। कुछ दिनों पहले वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी के नेता और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुख जताया है। उन्होंने कहा "राजनीति से भी हटकर मेरे घनिष्ठ मित्र अहमद भाई के देहांत से मुझे गहरा आघात लगा। उनका इस तरह जाना मेरे लिये व्यक्तिगत क्षति है। आज मैंने अपना एक करीबी दोस्त और विश्वसनीय साथी खोया है। अहमद भाई की कमी को कोई भी पूरा नहीं कर पायेगा।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि, "श्री अहमद पटेल ने पूरा जीवन कांग्रेस पाटी के लिये समर्पित कर दिया। श्री राजीव गांधी के साथ 1985 में प्रधानमंत्री के संसदीय सचिव के रूप से लगातार गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कोषाध्यक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव के रूप में सफलतापूर्वक जिम्मेदारियों को निभाने का एक इतिहास बनाया। इस तरह उन्होंने चार दशकों से भी ज्यादा अपने राजनीतिक जीवन में सत्ता से दूर रहकर भी हमेशा कांग्रेस संगठन को एकजुट रखने में अपनी प्रतिबद्धता रखी। उनकी कमी हमेशा महसूस की जायेगी।


अशोक गहलोत ने कहा, "अहमद भाई का अचानक जाना आज के समय पूरी राजनीतिक बिरादरी एवं राष्ट्र के लिये भी एक बडा आघात है। आज के हालात में तो कांग्रेस पार्टी को उनकी और अधिक कमी महसूस होगी। ईश्वर उनके परिवार को, सभी प्रियजनों को इस दुःख को सहन करने की क्षमता दे और अहमद भाई की आत्मा को शांति दे।"

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia