भारत-पाक सीमा पर युद्ध जैसे हालात, नहीं मान रहा पाकिस्तान, अब तक 4 जवान शहीद

भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तान की ओर से युद्ध विराम का उल्लंघन लगातार जारी है। सीमा पर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान की ओर से फायरिंग में अब तक 4 जवान शहीद हो चुके हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तान की ओर से युद्ध विराम का उल्लंघन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बॉर्डर पर लगातार हो रही गोलीबारी की वजह से युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। आलम यह कि सीमा पर अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी हैं। कश्मीर पुलिस के मुताबिक, इस गोलीबारी में सेना के 2 और बीएसएफ के 2 जवान शहीद हो चुके हैं, वहीं 5 नागरिकों की भी इसमें जान गई है। 17 जनवरी से पाकिस्तान की ओर से लगातार युद्ध विराम का उल्लंघन किया जा रहा है, जिसके चलते सीमा पर तनाव के हालात बन गए हैं।

पाकिस्तान की ओर से हुई फायरिंग में कृष्णा घाटी सेक्टर में 23 साल के जवान मनदीप सिंह शहीद हो गए। वे पंजाब में संगरूर जिले के आलमपुर गांव के रहने वाले थे।

वहीं आरएसपुरा सेक्टर में लगातार पाकिस्तान की ओर से युद्ध विराम का उल्लंघन किया जा रहा है। यहां के कपूरपुर गांव में पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में 15 साल के लड़के की मौत हो गई। सुचेतगढ़ इलाके में एक बीएसएफ जवान के घायल होने की भी खबर है। आरएसपुरा सेक्टर में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, और 10 लोग घायल भी हुए हैं।

सीमा पर पाकिस्तान के युद्ध विराम के उल्लंघन का भारतीय जवान मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। खबरों के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में भारतीय जवानों ने पाकिस्तान की कई चौकियों को तबाह कर दिया है। बावजूद इसके पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी थमने का नाम नहीं ले रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */