बिहार: सातवें चरण में 8 सीटों पर 1.62 करोड़ मतदाता, 134 प्रत्याशियों के सियासी भाग्य का होगा फैसला

बिहार निर्वाचन विभाग के मुताबिक इस चरण में 1.62 करोड़ से ज्यादा मतदाता 134 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य को तय करेंगे।

फोटोः IANS
i

बिहार में लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में आठ संसदीय क्षेत्र में 1 जून को होने वाले मतदान को लेकर गुरुवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। इस चरण में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदान होगा।

बिहार निर्वाचन विभाग के मुताबिक इस चरण में 1.62 करोड़ से ज्यादा मतदाता 134 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य को तय करेंगे। इस चरण में सबसे अधिक 29 प्रत्याशी नालंदा लोकसभा क्षेत्र में हैं। जबकि, सबसे कम सासाराम संसदीय क्षेत्र में 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चरण की सभी सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के बीच सीधा मुकाबला दिख रहा है। हालांकि, काराकाट लोकसभा क्षेत्र में त्रिकोणात्मक मुकाबले के आसार हैं।


इस चरण में केंद्रीय मंत्री आरके. सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, राजद प्रमुख लालू यादव की बेटी मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, रविशंकर प्रसाद, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह सहित 134 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

अंतिम चरण में 1.62 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनके लिए 16,634 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 3,885 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं। जबकि, 12,749 केंद्र शहरी क्षेत्रों में होंगे। इनमें 146 केंद्रों का संचालन महिलाएं करेंगी।


चुनाव प्रचार को लेकर गुरुवार को एनडीए और महागठबंधन के नेताओं ने पूरा जोर लगाया। महागठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी के मुकेश सहनी ने भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा और पटना में जनसभाओं को संबोधित किया। दूसरी तरफ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने बक्सर और सासाराम में रोड शो किया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए