बिहार: भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव के लिए मतदान जारी, NDA और महागठबंधन के बीच मुकाबला

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला महागठबंधन और एनडीए के बीच माना जा रहा है। एनडीए की ओर से नीतीश कुमार की पार्टी से कन्हैया प्रसाद चुनावी मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन से राजद के सोनू कुमार राय चुनावी अखाड़े में हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

बिहार के भोजपुर सह बक्सर विधान परिषद स्थानीय प्राधिकार उपचुनाव के लिए मंगलवार को सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। अपराह्न चार बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला महागठबंधन और एनडीए के बीच माना जा रहा है। एनडीए की ओर से नीतीश कुमार की पार्टी से कन्हैया प्रसाद चुनावी मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन से राजद के सोनू कुमार राय चुनावी अखाड़े में हैं। एमएलसी राधा चरण सेठ के बिहार विधानसभा चुनाव जीत जाने के बाद उन्होंने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट से त्याग पत्र दे दिया था। तभी से यह सीट रिक्त है, जिसके लिए उपचुनाव हो रहा है।

इस विधान परिषद उपचुनाव में कुल छह उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर छह हजार से अधिक मतदाताओं के मतदान के लिए 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के लिए भोजपुर में 14 और बक्सर में 11 मतदान केंद्र हैं। मतदाताओं में 2832 पुरुष और 3254 महिला मतदाता हैं। इस चुनाव में कन्हैया प्रसाद और सोनू राय के अलावा निरंजन कुमार राय, मनोज कुमार उपाध्याय और लालू प्रसाद यादव निर्दलीय उम्मीदवार हैं, जो एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं।


सभी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर चल रही मतदान प्रक्रिया की हर गतिविधि पर नजर रखी हुई है। मतदान समाप्त होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियां मतदान सामग्री को आरा स्थित राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय के वज्रगृह में जमा करेंगी। इसी स्थान पर 14 मई को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia