बीजेपी में बदलाव के बयार, रामलाल को संघ वापस भेजने के बाद दो राज्यों के अध्यक्ष बदले, इन्हें सौंपी जिम्मेदारी

मंगलवार को दो राज्यों के पार्टी अध्यक्षों को बदला गया। तो वहीं प्रभात लोढ़ा को मुंबई महानगर बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले शनिवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को पद से हटा दिया गया था। रामलाल की जगह बीएल संतोष को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पिछले कुछ दिनों में बीजेपी संगठन में कई बड़े फेरबदल किए गए हैं। मंगलवार को दो राज्यों के पार्टी अध्यक्षों को बदला गया। तो वहीं प्रभात लोढ़ा को मुंबई महानगर बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले शनिवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को पद से हटा दिया गया था। रामलाल की जगह बीएल संतोष को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। बता दें कि बीजेपी फिर से सदस्यता अभियान चला रही है। नया लक्ष्य सदस्यों की संख्या 20 करोड़ पहुंचाने की है। वहीं संगठन में हो रहे फेरबदल को तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

2019 के लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश के बीजेपी संगठन में बड़ा फेरबदल किया गया है। यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को नया बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया है। स्वतंत्र देव सिंह से पहले महेंद्र नाथ पांडे यूपी बीजेपी के अध्यक्ष थे। महेंद्र नाथ पांडे ब्राह्मण थे, जबकि स्वतंत्र देव सिंह राजपूत हैं। महेंद्र नाथ पांडे को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया है। महेंद्र नाथ पांडे के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद यह चर्चा थी कि जल्द ही यूपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है।


उधर भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष रावसाहेब पाटिल दानवे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रावसाहेब पाटिल दानवे के इस्तीफे के बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने चंद्रकांत दादा पाटील को महाराष्ट्र बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष राव साहब दानवे ने केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। इसके साथ ही अमित शाह ने मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई महानगर बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव है, इसे देखते हुए चुनाव से पहले पार्टी राज्य में कई और बड़े बदलाव कर सकती है।

वहीं इससे पहले शनिवार को बीजेपी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बीएल संतोष को रामलाल की जगह राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब तक वो राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री थे। रामलाल को शनिवार को आरएसएस ने वापस बुलाने का फैसला लिया था। वो 2006 में संजय जोशी को संगठन महामंत्री के पद से हटाए जाने के बाद आए थे। 12 साल के लंबे कार्यकाल के बाद आरएसएस ने उन्हें अपनी कोर टीम में वापस बुलाया है और अखिल भारतीय सह-संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है।


रामलाल के अलावा पार्टी में 4 राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री थे, जिनमें से एक बीएल संतोष भी थे। अब उन्हें प्रमोशन देते हुए रामलाल की जगह पर लाया गया है। पार्टी में एक संगठन महामंत्री के अलावा 4 सह-संगठन महामंत्री होते हैं। बीएल संतोष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और होम मिनिस्टर अमित शाह के भरोसेमंद हैं। उनके विचारों ने दक्षिणी राज्यों, खास कर कर्नाटक से संबंधित पार्टी के फैसलों में अक्सर अहम भूमिका निभाई है। खबर है कि वो कर्नाटक में बीजेपी के मुख्यमंत्री के उम्मीदवार बनाए जा सकते हैं।

केंद्र सरकार ने दो राज्यों के राज्यपालों को भी बदला है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और पीएम नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे कलराज को आचार्य देवव्रत की जगह हिमाचल का राज्यपाल बनाया गया। देवव्रत को गुजरात का राज्यपाल बनाया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 16 Jul 2019, 6:10 PM