'BJP, RSS और चुनाव आयोग कर रहे देशद्रोह', राहुल बोले- टाइम आएगा हम आपको पकड़ेंगे, न्याय जरूर होगा

राहुल गांधी ने कहा, “वोट चोरी भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है। बीजेपी, आरएसएस और निर्वाचन आयोग, जिन्होंने इसे किया है, उन्होंने देशद्रोह का कृत्य किया है।"

राहुल गांधी ने SIR को लेकर चुनाव आयोग पर फिर बोला हमला
i

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और निर्वाचन आयोग का यह कृत्य ‘देशद्रोह’ है और इसमें न्याय होकर रहेगा।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “वोट चोरी भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है। बीजेपी, आरएसएस और निर्वाचन आयोग, जिन्होंने इसे किया है, उन्होंने देशद्रोह का कृत्य किया है। न्याय किया जाएगा।”

कांग्रेस नेता ने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें उन्होंने कहा कि इस कृत्य को अंजाम देने वाले निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।


'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट में क्या?

राहुल गांधी की यह टिप्पणी चुनाव आयोग में मतभेद की खबरों के बीच आई है। अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस' में प्रकाशित खबर में दावा किया गया है कि निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों सुखबीर संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों पर 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज कीं। इनमें मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने और प्रक्रियागत बदलावों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए। उन्होंने आयोग के कुछ कदमों को “अनधिकृत” और “अवैध” भी बताया था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए