'लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही बीजेपी', राज्यसभा चुनाव परिणाम पर विपक्ष ने मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

सांसद रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी का इतिहास अन्य दलों को तोड़ने और सरकारें गिराने का रहा है और जब कोई नेता बिक जाता है तो उस पर किसी का नियंत्रण नहीं रह जाता।

समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव
i
user

नवजीवन डेस्क

राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्षी दलों ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्ष के नेताओं ने कहा कि बीजेपी ने हमारे विधायकों को तोड़कर अपनी सरकार बनाई है। इसमें कुछ नया नहीं है। ये लोग अक्सर इस तरह का काम करते रहते हैं।

'लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ काम कर रही बीजेपी'

समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने क्रॉस वोटिंग को लेकर सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह स्थिति तब पैदा होती है, जब विधानसभा अध्यक्ष सत्ताधारी दल का होता है और वही दूसरी पार्टियों के विधायकों को प्रभावित करता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी के लिए अपने सदस्यों को पूरी तरह बांधकर रखना संभव नहीं है, लेकिन बीजेपी जिस तरह से काम कर रही है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

सांसद रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी का इतिहास अन्य दलों को तोड़ने और सरकारें गिराने का रहा है और जब कोई नेता बिक जाता है तो उस पर किसी का नियंत्रण नहीं रह जाता।


प्रमोद तिवारी का बीजेपी पर आरोप

वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी राज्यसभा चुनाव परिणामों को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आरोप सही साबित हुआ है कि बीजेपी धनबल, बाहुबल और सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करती है।

प्रमोद तिवारी ने कहा कि विधायकों को पैसे देकर वोटिंग को प्रभावित करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है और इस मुद्दे पर सरकार को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

'सवालों के घेरे में बीजेपी की नैतिकता'

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने भी बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा कि क्रॉस वोटिंग नई बात नहीं है, लेकिन बीजेपी का खुद को नैतिक पार्टी बताना सवालों के घेरे में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पैसे के दम पर विधायकों को खरीदकर राज्यसभा चुनाव जीतती है। राउत ने कहा कि इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ओडिशा, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में हालिया घटनाएं इस प्रवृत्ति को दर्शाती हैं।

सांसद संजय राउत ने कहा कि बीजेपी पैसा देकर विधायकों को खरीद लेती है। इसको देखने वाला कोई नहीं है। विपक्ष एक साथ है अगर भाजपा इस तरह का काम करना बंद कर दे, तो वह हारने लगेगी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ