CBSE 12th Result 2026 जारी, 85.20% छात्र पास, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
CBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी हो गया है। इस साल 85.20% छात्र पास हुए हैं। छात्र cbseresults.nic.in, डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर रिजल्ट चेक कर सकते हैं।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। लाखों छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। छात्र अपना रिजल्ट cbseresults.nic.in और CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्साह और हलचल बढ़ गई है।
सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 85.20 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। रिजल्ट में लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.13 फीसदी दर्ज किया गया। यानी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया है।
डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर भी उपलब्ध रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए बोर्ड ने छात्रों को डिजिलॉकर और उमंग ऐप का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट और अन्य जरूरी दस्तावेज आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
सीबीएसई ने स्कूलों को 6 अंकों का ‘सिक्योरिटी पिन’ जारी करने के निर्देश भी दिए थे। इसी पिन की मदद से छात्र डिजिलॉकर पर अपनी डिजिटल मार्कशीट और माइग्रेशन सर्टिफिकेट एक्सेस कर पाएंगे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को सबसे पहले CBSE रिजल्ट पोर्टल पर जाना होगा। वहां उन्हें “CBSE Class 12th Result 2026” का लिंक दिखाई देगा। इसके बाद रोल नंबर और अन्य जरूरी डिटेल्स भरकर सबमिट करना होगा। सबमिट करते ही स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी।
बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा में पास होने के लिए हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
