अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाक, गोलीबारी में शहीद हुआ हिमाचल का जवान, दो महीने बाद होनी थी शादी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान की तरफ से लगातार हो रही गोली बारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। भारतीय सेना भी मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी है। पाक सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटे तरकुंडी और बालाकोट सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। पाकिस्तान की ओर से की गई इस गोलाबारी में एक जवान मोर्टार शैल की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। शहीद जवान की पहचान सिपाही रोहिन कुमार निवासी पंजाब के तौर पर हुई है।

इसे भी पढ़ें- अमेरिका में बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग से पहले हवा में टकराए दो विमान, असेंबली मेंबर समेत 7 की मौत

सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने जवान के शहीद होने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश के रहने वाले रोहिन कुमार की दो माह बाद नवंबर में शादी होने वाली थी। जानकारी के अनुसार भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई में दो पाकिस्तानी चौकियों को तबाह कर दिया है। इसमें चार से पांच पाकिस्तानी सैनिकों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। आपको बता दें, पिछले दो महीनों के दौरान पाकिस्तान द्वारा जिला पुंछ और राजौरी नियंत्रण रेखा पर किए जा रहे संघर्ष विराम में अब तक सात भारतीय जवान शहीद हो चुके हैं।

इससे पहले बीते बुधवार को पाकिस्तान ने जिला बारामुला के उड़ी सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया जिसमें एक नागरिक अल्ताफ हुसैन की मौत हो गई थी। उरी में भी पाकिस्तान द्वारा किए गए स्नाइपर फायर में सेना का कुली भी शहीद हो गया था। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है। बिना किसी उकसावे के पाकिस्तानी सेना की तरफ से LoC पर भारतीय इलाकों में गोलीबारी की जा रही है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */