'उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव के बाद बदलाव निश्चित है', प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल का दावा
गणेश गोदियाल ने दावा किया, ‘‘प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, दबंगई, तानाशाही, सरकार द्वारा झूठ बोलने तथा उन्हें बेवकूफ बनाए जाने से लोग परेशान हो गए हैं। लोग वर्तमान सरकार से परेशानी महसूस कर रहे हैं। वे परिवर्तन चाहते हैं।’’

उत्तराखंड में कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प’ यात्रा में जुट रही भीड़ से उत्साहित प्रदेश पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शनिवार को कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में बदलाव निश्चित है और सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का विकल्प कांग्रेस ही है।
हालांकि, गोदियाल ने यह भी कहा कि चुनाव जीतने के लिए ‘‘गलत तरीकों’’ का इस्तेमाल करने वाली भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट होकर लड़ना चाहिए।
वर्ष 2027 की शुरूआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस 29 जून से प्रदेश के 10 पर्वतीय जिलों में ‘परिवर्तन संकल्प’ यात्रा आयोजित कर रही है, जिसके तहत जगह-जगह सम्मेलन किए जा रहे हैं।
विभिन्न जगहों पर आयोजित इन कार्यक्रमों का नेतृत्व गोदियाल के अलावा, चकराता विधायक एवं कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत कर रहे हैं।
कुमाऊं क्षेत्र में यात्रा कर रहे गोदियाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि पार्टी की ‘परिवर्तन संकल्प’ यात्रा को लेकर प्रदेशभर में लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है और जनता के उत्साह को देखकर लग रहा है कि इस बार बदलाव निश्चित है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, दबंगई, तानाशाही, सरकार द्वारा झूठ बोलने तथा उन्हें बेवकूफ बनाए जाने से लोग परेशान हो गए हैं। लोग वर्तमान सरकार से परेशानी महसूस कर रहे हैं। वे परिवर्तन चाहते हैं।’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अपनी परेशानियों के हल के रूप में लोगों को कांग्रेस में आशा दिखाई दे रही है और कांग्रेस ही बीजेपी का विकल्प है।
उन्होंने बताया कि यात्रा का यह चरण आठ जुलाई तक चलेगा और उसके बाद अगले चरण में देहरादून, उधमसिंह नगर और हरिद्वार के मैदानी इलाकों में यात्रा का कार्यक्रम तय किया जाएगा।
आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) तथा अन्य विपक्षी दलों से गठबंधन की संभावना के बारे में गोदियाल ने कहा कि उनका मानना है कि बीजेपी के खिलाफ सबको एकजुट होकर लड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी जिन गलत तरीकों का इस्तेमाल कर चुनाव जीतती है, उसके लिए विपक्ष की ताकत को एक होना चाहिए।’’
हालांकि, गोदियाल ने स्पष्ट किया कि उनकी इस बात का अर्थ भाजपा को हराने में कांग्रेस की कमजोरी के रूप में न निकाला जाए।
दूसरे विपक्षी दलों की ओर से गठबंधन की पेशकश किए जाने के बारे में पूछे जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस संबंध में फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
