छत्तीसगढ़: बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर टूटा पुलिस का कहर, ऑफिस में घुसकर बेरहमी से पीटा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज तक ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग करते हुए ऐलान किया कि घटना के विरोध में 19 सितंबर को पूरे प्रदेश में रमन सरकार का पुतला जलाया जाएगा।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने बेरहमी से पीटा है। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने इस बेरहमी से लाठियां भांजी हैं कि कई नेता और कार्यकर्ता लहूलुहान हो गए हैं। यही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटने के लिए पुलिस कांग्रेस भवन के अंदर तक घुस गई और वहां भी जमकर तोड़फोड़ किया। पुलिस के इस बर्बर हमले में कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव समेत कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आयी हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

बता दें कि मंगलवार को बिलासपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ता रमन सिंह सरकार के नगर निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के घर के बाहर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बीच में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। इससे नाराज पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता कांग्रेस भवन की ओर जाने लगे। थोड़ी देर बाद वहां पहुंची पुलिस ने कांग्रेस भवन के अंदर घुसकर कार्यकर्ताओं और नेताओं को पीटा। इस दौरान पुलिस ने महिलाओं को भी घसीट- घसीट कर पीटा। पुलिस के इस बर्बर लाठीचार्ज में कई लोगों का सिर फट गया।

राजधानी रायपुर से बिलासपुर रवाना होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि बिलासपुर में कांग्रेस के कार्यकर्ता शान्तिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने रमन सिंह के गुंडे के रूप में काम करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बर्बर तरीके से पीटा। भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस ने अटल श्रीवास्तव और अन्य कार्यकर्ताओं को कांग्रेस भवन से घसीटकर पीटा और उन्हे बुरी तरह जख्मी कर दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज तक कभी पुलिस ने किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय में इस तरह घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ नहीं की है। भूपेश बघेल ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग भी की है। भूपेश बघेल ने ऐलान किया कि घटना के विरोध में 19 सितंबर को पूरे प्रदेश में रमन सरकार का पुतला जलाया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 18 Sep 2018, 10:34 PM