अरुणाचल प्रदेश में फिर घुसा चीन, भारतीय जवानों से झड़प, दोनों तरफ के कई सैनिक घायल

अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई है। खबर के अनुसार 9 दिसंबर को चीनी सैनिक प्रदेश के तवांग सेक्टर में एलएसी के पास पहुंच गए, जिसका भारतीय जवानों ने दृढ़ता से विरोध किया। आमने-सामने की लड़ाई में दोनों पक्ष के कई जवानों को चोटें आई हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

भारत के अरुणाचल प्रदेश में एक बार फिर चीनी सैनिकों ने घुसने की कोशिश की है। हालांकि भारतीय सैनिकों ने उनको दृढता से रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच भीषण झड़प हो गई। इस झड़प में कई दोनों तरफ के कई जवान घायल हुए हैं। हालांकि भारतीय जवानों के पुरजोर विरोध के कारण चीनी सैनिकों को पीछे हटना पड़ा है।

रिपोर्ट के अनुसार 9 दिसंबर 2022 को, चीनी सैनिक अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में एलएसी के पार पहुंच गए, जिसका भारतीय सैनिकों ने दृढ़ता से विरोध किया। इस आमने-सामने की लड़ाई में दोनों पक्षों के कुछ जवानों को मामूली चोटें आईं। दोनों पक्ष तुरंत क्षेत्र से हट गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारत के कमांडर ने शांति बहाली के लिए प्रक्रिया के अनुसार इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए अपने चीनी समकक्ष के साथ एक फ्लैग मीटिंग की।


एएनआई के सूत्रों के अनुसार, तवांग में आमने-सामने के क्षेत्र में भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों को करारा जवाब दिया। घायल चीनी सैनिकों की संख्या भारतीय सैनिकों की तुलना में अधिक है। चीनी लगभग 300 सैनिकों के साथ पूरी तरह से तैयार होकर आए थे, लेकिन भारतीय पक्ष के भी अच्छे से तैयार होने की उन्हें उम्मीद नहीं थी।

गौरतलब है कि अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में एलएसी के साथ लगे कुछ क्षेत्रों में कई अलग-अलग धारणा के क्षेत्र हैं, जहां दोनों पक्ष अपने दावे की सीमा तक क्षेत्र में गश्त करते हैं। इलाके में साल 2006 से यही चलन है। इस कारण अक्सर चीनी सैनिक भारतीय क्षेत्रों में घुस आते हैं, जिनका भारतीय जवानों द्वारा कड़ा विरोध किया जाता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */