राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलता ने भरा नामांकन, अनिल कुमार ने बीजेपी-आप पर बोला हमला

दिल्ली के राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलता ने सोमवार को रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दिल्ली के राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलता ने सोमवार को रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। प्रेमलता के नामांकन के दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार सहित प्रदेश कांग्रेस के कई अन्य नेता उनके साथ मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव से क्षेत्रीय और जमीनी कार्यकर्ता प्रेमलता को चुनावी जंग में उतारा है, जिन्होंने वर्षों तक क्षेत्र में पूसा वार्ड से निगम पार्षद रह कर अपने कर्तव्य को निभाया था। कांग्रेस उम्मीदवार को राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं की पूरी जानकारी है जिन्हें चुनाव जीतने के बाद एक-एक करके हल किया जाऐगा। कांग्रेस उम्मीवार जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व के कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ स्थानीय लोगों से जनसम्पर्क करेंगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और केजरीवाल सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार, झूठी और गुमराह करने वाली नीति को लोगों के सामने उजागर करेंगी।


अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में 8 वर्षों से सत्तासीन आम आदमी पार्टी के पास राजेन्द्र नगर विधानसभा उपचुनाव में उतारने के लिए क्षेत्रीय कार्यकर्ता तक नहीं हैं। चुनाव में केजरीवाल ने राजेन्द्र नगर उपचुनाव में करावल नगर के बाहरी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को उतारा है, जिन्हें राजेन्द्र नगर क्षेत्र की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल द्वारा उपचुनाव में बाहरी उम्मीदवार उतारने पर आम आदमी पार्टी के क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। उन्हांने कहा कि राजेन्द्र नगर की मुख्य समस्या जल संकट है जिसे पिछले 8 वर्षों में आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा भी दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष होने के बावजूद खत्म नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जल संकट इस कदर बरपाया हुआ है कि भीषण गर्मी में लोगों को टैंकर से भी पानी नहीं मिल पा रहा है।

वहीं बीजेपी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम की नाकामी की वजह से उपचुनाव क्षेत्र के इन्द्र पुरी, बुध नगर, दसघरा नारायणा क्षेत्र कई अन्य ऐसे क्षेत्र है जहां गंदगी और कूड़े के अम्बार लगे हुए हैं। क्षेत्र के कूड़ाघरों का लंबे समय से निस्तारण नहीं हुआ है, कूड़े की गंदगी और बदबू के कारण लोगों का जीना दूभर हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है और पिछले 15 वर्षों से क्षेत्र के कूड़ाघरों की हालत बदहाल बनी हुई है।


गौरतलब है कि 23 जून को राजेंद्र नगर सीट पर दिल्ली विधानसभा के उपचुनाव के लिए मतदान होंगे। राजेंद्र नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा के इस साल मार्च में पंजाब से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। आगामी कुछ महीनों में दिल्ली नगर निगम चुनाव भी होने वाले हैं। ऐसे में राजेंद्र नगर सीट पर जो भी राजनीतिक दल जीतेगा उसे इसका मनोवैज्ञानिक लाभ जरूर मिलेगा। ऐसे में हर राजनीतिक दल इस चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करना चाह रहा है।

बीजेपी ने इस सीट पर राजेश भाटिया को मैदान में उतारा है। राजेश भाटिया उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के डिप्टी चेयरमैन भी रह चुके हैं। वहीं आम आदमी पार्टी ने दुर्गेश पाठक को प्रत्याशी बनाया है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia