'कांग्रेस गिग वर्कर्स को विकास में साझेदार मानती है, लेकिन भाजपा...', राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने आगे कहा, उस समय, मैंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी हमारे मुख्यमंत्री और हम सभी ने आपसे वादा किया था कि हम आपकी मांगों पर कदम उठाएंगे और आपकी मदद करने और आपकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आज हम अपना वह वादा पूरा कर रहे हैं।

'कांग्रेस गिग वर्कर्स को विकास में साझेदार मानती है, उनके साथ खड़ी है', राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना  (फोटो: PTI)
i

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना सरकार की ओर से गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए बनाए गए कानून को श्रमिकों को समर्पित किया। इस अवसर पर राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए कहा कि, बीजेपी उन्हें बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है। राहुल गांधी ने स्कीम की शुरुआत के मौके पर कहा, मेरी तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ एक बैठक हुई थी। आपने मेरे साथ अपना दुख और दर्द साझा किया।

राहुल गांधी ने आगे कहा, उस समय, मैंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी हमारे मुख्यमंत्री और हम सभी ने आपसे वादा किया था कि हम आपकी मांगों पर कदम उठाएंगे और आपकी मदद करने और आपकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आज हम अपना वह वादा पूरा कर रहे हैं।


बीजेपी पर आरोप

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा का उद्देश्य ‘‘अडानी और अंबानी’’ जैसे बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना है, जबकि श्रमिकों के साथ बंधुआ मजदूरों जैसा व्यवहार करना है।

गिग वर्कर्स कों 10 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस मिलेगा

उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत गिग वर्कर्स को पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। इसके अलावा, सरकार वाई-फाई की सुविधा से लैस विश्राम केंद्र भी उपलब्ध कराएगी।

राहुल गांधी ने कहा, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर डिलीवरी के लिए होने वाले हर ट्रांजैक्शन का 1% हिस्सा सीधे आपके बैंक खाते में आएगा। तेलंगाना के हर शहर में कंपनी को आपको यह राशि देनी होगी। यह पैसा पहले 'गिग वर्कर्स बोर्ड' के पास जाएगा और फिर वहां से सीधे गिग वर्कर्स के बैंक खातों में पहुंच जाएगा।

इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद थे।


राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स का मुद्दा उठाया था

राहुल गांधी ने अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान गिग वर्कर्स की समस्याओं और चिंताओं को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद राज्य सरकार ने इस साल मार्च में तेलंगाना प्लेटफॉर्म आधारित गिग कामगार (पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण) विधेयक, 2026 पारित किया था।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए