असली मुद्दों से भागने वाले पीएम मोदी प्रियंका गांधी के इस चुनौती को स्वीकार करेंगे?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि एक दिल्ली की लड़की आपको खुली चुनौती दे रही है। चुनाव के आखिरी दो चरण नोटबंदी पर लड़िए, जीएसटी पर लड़िएऔर महिलाओं की सुरक्षा पर लड़िए।

फोटो:@INC
फोटो:@INC
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राजधानी दिल्ली में एक रोडशो के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनौती दी की अगर हिम्मत है तो अगले दो चरण का चुनाव नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दे पर लड़कर दिखाएं।

बुधवार को राजधानी दिल्ली में उत्तर पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी शीला दीक्षित के लिए प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आखिरी दो चरण का चुनाव नोटबंदी, जीएसटी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लड़कर दिखाएं। प्रियंका गांधी ने कहा, 'एक दिल्ली की लड़की आपको चुनौती दे रही है कि आखिरी के दो चरण नोटबंदी पर लड़िए, जीएसटी पर लड़िए और महिलाओं की सुरक्षा पर लड़िए और उन वादों पर लड़िए जो आपने देश के नौजवानों से किए थे और धोखा दिया उन पर लड़िए।'

कांग्रेस महासचिव ने पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के जिक्र करने पर भी पीएम मोदी पर हमला किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'मौजूदा हालात ऐसे हो गए हैं कि किसी बच्चे को जब होमवर्क दिया जाए तो स्कूल आकर बोले कि क्या करूं नेहरू जी ने मेरा पर्चा ले लिया, छुपा दिया। मैं क्या करूं इंदिरा जी ने कागज की कश्ती बना दी मेरे होमवर्क की और किसी पानी में डूबो दी।'

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं दिल्ली में पैदा हुई हूं। महरौली से मजनू का टीला सब जानती हूं। ये 7 रेस कोर्स में बंद रहे हैं। मैं दिल्ली में 47 साल से रह रही हूं। दिल्ली की जनता मेरे हर दर्द में शामिल रही है। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो गया है, हमें मोदी को हराना है।

प्रियंका गांधी के रोडशो में भारी हुजूम उमड़ पड़ा। जो अपने घरों में थे, वो बालकनियों में आ गए और वहीं से प्रियंका पर गुलाब के फूल बरसाने लगे। प्रियंका मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर लोगों का ये स्वागत कबूल करती रहीं। वहीं पूरे रास्ते समर्थन में नारे गूंजते रहे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia